विज्ञापन

आम लोगों के लिए खुला राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान, बैबलिंग ब्रुक, फ्लोरल ब्लॉक के अलावा ये हैं मुख्य आकर्षण

राष्ट्रपति भवन का विश्व प्रसिद्ध अमृत उद्यान (मुगल गार्डन) समर एनुअल्स सीजन 2026 के लिए 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम जनता के लिए खुल गया है. जानिए एंट्री टिकट, टाइमिंग और नए आकर्षणों की पूरी जानकारी.

आम लोगों के लिए खुला राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान, बैबलिंग ब्रुक, फ्लोरल ब्लॉक के अलावा ये हैं मुख्य आकर्षण
राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान खुला: बैबलिंग ब्रुक और फ्लोरल क्लॉक बने मुख्य आकर्षण; जानिए 15 सितंबर तक की पूरी गाइड
NDTV

 Amrit Udyan Summer Edition 2026: राष्ट्रपति भवन स्थित विश्व प्रसिद्ध अमृत उद्यान (Amrit Udyan) का समर सीजन (Summer Annuals 2026) 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आम जनता के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है. गर्मियों और मानसून के इस विशेष सीजन में पर्यटकों को भारत की समृद्ध वनस्पति विविधता, पारंपरिक स्वदेशी फूलों और कई नए अत्याधुनिक लैंडस्केप आकर्षणों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा.

यहां आने वाले सभी पर्यटकों के लिए प्रवेश पूरी तरह से मुफ्त (Free Entry) है, हालांकि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग अनिवार्य की गई है. आपको बता दें कि अमृत उद्यान साल में दो बार खोला जाता है. सर्दी के सीजन में लगभग फरवरी से मार्च तक दो महीनों के लिए खुलता है. इस वर्ष यह 3 फरवरी से 31 मार्च तक खुला था. वहीं, गर्मी के सीजन में यह मानसून के बाद 16 अगस्त से 15 सितंबर तक एक महीने के लिए खुलता है. इस दौरान, गर्मियों के विशेष फूल, बोनसाई गार्डन, हर्बल गार्डन और बाल वाटिका जैसी प्रदर्शनियां लगाई जाती हैं. समर सीजन 2026 को दिलचस्प बनाने के लिए कई नए आकर्षक केंद्र बनाए गए हैं.

बैबलिंग ब्रुक और नए स्पेशल इंस्टॉलेशन 

  •  बैबलिंग ब्रुक (Babbling Brook): इस समर एडिशन का सबसे सुंदर आकर्षण है. यहां पत्थरों के बीच से बहती पानी की एक घुमावदार धारा, कलात्मक फव्वारे और एक शांत प्रतिबिंबित पूल (Reflecting Pool) बनाया गया है.
  •  फ्लोरल क्लॉक (Floral Clock): पिलखन के विशाल पेड़ के पास रंग बिरंगे फूलों की गोलाकार डिजाइन से सजी एक वास्तविक चलती हुई पुष्प घड़ी लगाई गई है, जो लोगों के आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं. 
  •  बरगद के पेड़ (Banyan Groves): प्राचीन बरगद के पेड़ों की फैली शाखाओं और हवाई जड़ों के बीच आगंतुकों के विश्राम के लिए एक बेहद शांत प्राकृतिक वातावरण तैयार किया गया है.

खास देसी और समर सीजन फ्लावर्स

इस बार उद्यान में मुख्य रूप से भारत की पारंपरिक और स्थानीय किस्मों को प्राथमिकता दी गई है. इसमें अपराजिता, रुक्मिणी, गुलमेहंदी , गोम्फ्रेना, कुल्फा, बरसा फूल, मोरशिखा, दुपहरिया, लाल साग, कलिहारी और नागफनी के पारंपरिक स्वदेशी किस्में लगाई गई है. इसके अलावा, सजावटी फूल जैसे केना, रजनीगंधा, सूरजमुखी, कॉसमॉस, कोचिया, ब्लैंकेट फ्लावर और सदाबहार की आकर्षक थिमैटिक क्यारियां भी रखी गई है. 

 बच्चों और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष हिस्से

 गार्डन की मुख्य आकर्षण और विशेषता बाल वाटिका यानी बच्चों के लिए ट्री हाउस, नेचर्स क्लास रूम और 225 साल पुराना ऐतिहासिक शीशम का पेड़ है. इसके अलावा, बोनसाई व प्लूमेरिया गार्डन  में बौने पौधों का अद्भुत बोनसाई संग्रह और चंपा की रंग बिरंगी किस्में भी बच्चों को खूब आकर्षित कर रही है. साथ ही मुख्य टेरेस फव्वारों वाला रैक्टेंगुलर गार्डन, सजावटी लताओं से सजा लॉन्ग गार्डन और बटरफ्लाई सर्कुलर गार्डन भी बच्चों को खूब भा रहे हैं.  

स्मार्ट लर्निंग सुविधा

गार्डन में मुख्य पौधों के पास QR Codes लगाए गए हैं, जिन्हें अपने स्मार्टफोन से स्कैन करके पर्यटक पौधों का वानस्पतिक नाम, परिवार और उनकी विशेषताएं तुरंत जान सकते हैं. साथ ही घूमने के बाद रिफ्रेशमेंट के लिए एक फूड कोर्ट भी मौजूद है.

 घूमने की टिकट टाइमिंग

  1.  खुलने का समय: सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक शाम 5:00 बजे के बाद एंट्री नहीं मिलेगी. 
  2.  साप्ताहिक बंद: प्रत्येक सोमवार को रखरखाव के लिए बंद रहेगा.

 स्पेशल एंट्री डेज

  •  29 अगस्त यानी राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिर्फ खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रवेश.
  •  5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस पर सिर्फ शिक्षकों के लिए विशेष प्रवेश.

ऐसे ऑनलाइन बुक करें टिकट

  • आधिकारिक पोर्टल visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाएं.
  • होमपेज पर Amrit Udyan विकल्प खोजें और Book Now पर क्लिक करें.
  • अपनी सुविधानुसार यात्रा की तारीख और समय (Time Slot) चुनें.
  • साथ आने वाले वयस्कों और बच्चों की कुल संख्या भरें.
  • अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और प्राप्त OTP डालकर सबमिट करें.
  • बुकिंग कन्फर्म होने का मैसेज मिलने के बाद QR कोड वाली टिकट डाउनलोड कर लें.

एंट्री व  एग्जिट से जुड़े नियम

अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह फ्री है. हालांकि, एंट्री के लिए राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक विजिटर्स पोर्टल पर ऑनलाइन स्लॉट बुक करना जरूरी है. ध्यान दें कि जिस दिन आप जाना चाहते हैं, उसकी बुकिंग पिछले दिन सुबह 10 बजे बंद हो जाती है. मौके पर ऑन द स्पॉट टिकट नहीं मिलता है.

प्रवेश द्वार व शटल सेवा

नॉर्थ एवेन्यू रोड स्थित गेट नम्बर 35 एंट्री और एग्जिट होगी. यहां आने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट से गेट 35 तक के लिए हर 30 मिनट में फ्री शटल बस सेवा उपलब्ध है.

क्या साथ लाए, क्या नहीं 

गेट नंबर 35 से प्रवेश के समय सुरक्षा जांच से गुजरना होगा. लिहाजा, असुविधा से बचने के लिए नीचे बताई गई बातों का ध्यान रखें. 

ये चीजें ला सकते हैं साथ

  •  डिजिटल टिकट: मोबाइल में डाउनलोड किया हुआ QR कोड वाला टिकट.
  •  पहचान पत्र: कोई भी वैध सरकारी आईडी जैसे वोटर आईडी या अन्य पहचान पत्र.
  •  मोबाइल फोन: ध्यान रखें कि प्रवेश करते ही फोन साइलेंट मोड पर हो.
  •  पानी व बेबी फूड: पीने के पानी की पारदर्शी बोतल और छोटे बच्चों के लिए दूध की बोतल.

यह भी पढ़ें- इस शेयर ने एक साल में ही एक लाख के बना दिए 8 लाख, जानें कैसे बदली स्टॉक की चाल

प्रतिबंधित वस्तुएं 

 बैग व हैंडबैग: किसी भी तरह का पर्स या ब्रीफकेस न लाएं, क्योंकि लॉकर की सुविधा बेहद सीमित है.
 खाने की चीजें: कोई भी खाद्य सामग्री, सिगरेट, माचिस या गुटखा पूरी तरह प्रतिबंधित है.
 कैमरा उपकरण: केवल मोबाइल से फोटो खींचने की अनुमति है. बड़े कैमरे, ट्राइपॉड या सेल्फी स्टिक न लाएं.
 अन्य सामान: छाता, चाकू या कोई भी नुकीली वस्तु अंदर ले जाना मना है.

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली में आप जो फ्लैट या मकान खरीदने जा रहे हैं, कहीं वो प्रॉपर्टी गैर-कानूनी तो नहीं? ऐसे चेक करें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mughal Garden, Amrit Udyan, Rashtrapati Bhavan, Delhi Tourism, Amrit Udyan 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com