विज्ञापन

मां-बाप को छोड़ 19 साल के लड़के ने बचपन के दोस्त को बनाया 24 करोड़ की प्रॉपर्टी का वारिस

चीन के 19 वर्षीय छात्र ने कानूनी वसीयत बनाकर अपनी 24 करोड़ की पूरी संपत्ति बचपन के दोस्त के नाम कर दी है. जानिए माता-पिता को छोड़ उसने ऐसा क्यों किया.

मां-बाप को छोड़ 19 साल के लड़के ने बचपन के दोस्त को बनाया 24 करोड़ की प्रॉपर्टी का वारिस
शंघाई के एक टीनएजर ने सौतेले माता-पिता से दूर रखने के लिए अपनी 24 करोड़ रुपये की संपत्ति का वारिस अपने सबसे अच्छे दोस्त को बना दिया. (सांकेतिक तस्वीर)
Unsplash

Zara Hatke News: रिश्ते केवल खून के नहीं होते, बल्कि मुसीबत में साथ खड़े होने वाले इंसान के होते हैं. ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला चीन के शंघाई (Shanghai) शहर से सामने आया है. यहां एक 19 साल के कॉलेज स्टूडेंट ने कानूनी तौर पर अपनी वसीयत (Will) तैयार करवाई है, जिसमें उसने अपनी पूरी 24 करोड़ रुपये की जायदाद अपने सगे माता-पिता के बजाय अपने बचपन के दोस्त के नाम लिख दी है.

जब यह खबर सोशल मीडिया पर आई तो हर कोई यही सवाल पूछने लगा कि आखिर एक बेटे ने अपने ही माता-पिता को अपनी इतनी बड़ी वसीयत से बेदखल क्यों किया? उसके पास ये संपत्ति कैसे आई? लेकिन जब लोगों को इस फैसले के पीछे की कड़वी सच्चाई को पता चला तो वे भी दंग रह गए.

माता-पिता के तलाक ने बनाया अकेला

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस 19 साल के छात्र का सरनेम ली (Li) है. ली जब बहुत छोटा था, तभी उसके माता-पिता का आपस में तलाक हो गया था. तलाक के बाद मां और पिता दोनों ने ही दूसरी शादियां कर लीं और अपनी-अपनी नई दुनिया बसा ली. माता-पिता ने ली को रहने के लिए एक आलीशान फ्लैट और बैंक में लाखों रुपये की बचत तो ट्रांसफर कर दी, लेकिन वे उसे अपना समय नहीं दे पाए. ली का कहना है कि उसके माता-पिता ने कभी उसके साथ वक्त नहीं बिताया, जिसकी वजह से वह उनसे भावनात्मक रूप से डिटैच्ड हो गया और हमेशा खुद को अकेला महसूस करने लगा. 

आंकड़ों में समझिए चीन के टूटते परिवारों का सच

यह कहानी सिर्फ ली की नहीं है, बल्कि चीन के एक बड़े सामाजिक संकट को दर्शाती है. चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, चीन में तलाक के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं. अकेले साल 2025 में ही पूरे चीन के अंदर 27.4 लाख से ज्यादा जोड़ों ने तलाक लिया है. 

NCBI पर प्रकाशित, चीनी परिवारों पर की गई एक रिसर्च के मनोवैज्ञानिक आंकड़े बताते हैं कि माता-पिता के तलाक और उनके अलग होने के बाद, सिंगल-चाइल्ड पॉलिसी वाले इस देश में लड़के और लड़कियों दोनों में सबसे घातक व्यावहारिक समस्या 'अकेलापन' की पाई गई है. माता-पिता की दूसरी शादी के बाद ये बच्चे खुद को परिवार में पूरी तरह पराया महसूस करने लगते हैं, ठीक वैसे ही जैसे ली के साथ हुआ.

ये भी पढ़ें:- 'पुरुषों को भी होते हैं पीरियड्स', सैनिटरी पैड्स सेक्शन से सुपरमार्केट ने हटाया 'महिला' शब्द

खतरनाक स्टंट का शौकीन है 19 साल का ली

इस पूरी कहानी में एक और बड़ा मोड़ है. ली एक एक्सट्रीम स्पोर्ट्स (Extreme Sports) यानी जान जोखिम में डालने वाले खतरनाक एडवेंचर स्टंट करने का शौकीन है. वो अक्सर ऐसे स्टंट करता है जहां उसकी जिंदगी खतरे में होती है. ली को डर था कि अगर किसी हादसे में अचानक उसकी जान चली गई, तो उसकी यह करोड़ों की संपत्ति कानूनी रूप से उसके माता-पिता और उनके नए पार्टनर्स यानी सौतेले माता-पिता के पास चली जाएगी. 

ली ने अपने बयान में साफ कहा, 'मैं अपने माता-पिता के नए पार्टनर्स को पूरी तरह से स्ट्रेंजर समझता हूं. मैं अपनी वसीयत में किसी भी ऐसे इंसान का नाम नहीं चाहता, जो मेरे लिए पूरी तरह अनजान हो और जिसे मुझसे कोई मतलब न हो.'

क्यों चुना बचपन का दोस्त?

मुश्किल के उस लंबे दौर में जब ली बिल्कुल अकेला था और उसे एक परिवार की जरूरत थी, तब उसके बचपन के एक दोस्त ने उसका हमेशा साथ दिया. ली के लिए वह दोस्त ही उसका इकलौता और असली परिवार बन गया. यही वजह है कि ली ने शंघाई में नोटरी ऑफिस जाकर कानूनी रूप से अपनी पूरी वसीयत उस दोस्त के नाम रजिस्टर करवा दी है ताकि उसके बाद उसकी संपत्ति सही हाथों में जाए. 

यह खबर बताती है कि कभी-कभी बच्चों के लिए बड़ी प्रॉपर्टी और पैसों से भी ज्यादा जरूरी माता-पिता का वक्त, ध्यान और उनका प्यार होता है.

ये भी पढ़ें:- बिना बिजली वाला 400 साल पुराना 'AC', आमेर किले का सुख निवास, जिसकी इंजीनियरिंग देख दुनिया हैरान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China News Hindi, Ajab Gajab Khabarein, Viral News In Hindi, China Divorce Rate, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com