विज्ञापन

चीन में मृत पालतू डॉग के बालों और अस्थियों से हीरे बनवा रहे लोग, अब ज्वेलर एक्सपर्ट्स ने दी चेतावनी

चीन में पालतू डॉग की यादों को संजोकर रखने का महंगा ट्रेंड शुरू हो गया है. लोग मर चुके कुत्तों के बालों और अस्थियों से लाखों रुपये के 'मेमोरियल डायमंड' बनवा रहे हैं.

चीन में मृत पालतू डॉग के बालों और अस्थियों से हीरे बनवा रहे लोग, अब ज्वेलर एक्सपर्ट्स ने दी चेतावनी
डॉग की राख से लैब में डायमंड बनवाने के लिए लोग 15 हजार यूएस डॉलर तक खर्च कर रहे हैं. (सांकेतिक तस्वीर)
Pexels

Trending: चीन के लोग अपने मृत पालतू जानवरों के बालों और अस्थियों से लैब में हीरे बनवा रहे हैं. इन खास 'मेमोरियल डायमंड' के लिए लोग 13.90 लाख रुपये तक खर्च कर रहे हैं. चीन में इसका कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. हालांकि, अब इस चमकते धंधे पर ज्वेलरी एक्सपर्ट्स ने गंभीर चेतावनी जारी की है.

इमोशन के नाम पर कहीं 'स्कैम' तो नहीं?

ज्वेलरी एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 'ऐसा कोई टेस्ट मौजूद नहीं है, जो यह साबित कर सके कि तैयार हीरे में मौजूद कार्बन वाकई किसी पालतू जानवर का है. यानी कोई भी बेईमान कारोबारी सस्ते लैब-ग्रोन हीरे को आपके प्यारे डॉगी की निशानी बताकर लाखों में थमा सकता है.'

इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि कंपनियां सबूत के तौर पर जो वीडियो दिखाती हैं, उन्हें आसानी से एडिट या स्टेज किया जा सकता है. कोई सरकारी मानक न होने से विवाद की स्थिति में ग्राहक के लिए धोखाधड़ी साबित करना लगभग नामुमकिन हो जाता है.

कुत्ते के बालों से बनवा ली 1.25 लाख की अंगूठी

इस पूरे ट्रेंड पर बहस तब तेज हुई, जब चीन के जिलिन प्रांत की चेन जिंग की कहानी वायरल हुई. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने जिमू न्यूज की रिपोर्ट को कोट करते हुए लिखा, 'चेन ने साल 2020 में अपने बूढ़े हो रहे टॉय पूडल के बालों से हीरे की अंगूठी बनवाने के लिए करीब 1.25 लाख रुपये दिए. फरवरी 2021 में उन्हें 18 कैरेट सोने की अंगूठी में जड़ा 0.5 कैरेट का हीरा मिला. अप्रैल में बाओबाओ की मौत के बाद चेन इसे रोज पहनती हैं.' 

बालों और राख से कैसे बनता है हीरा?

चीन की स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मेमोरियल डायमंड बनाने के लिए कम से कम 3 ग्राम बालों की जरूरत होती है. कंपनियां पहले बालों या राख को साफ करके सुखाती हैं और फिर पीसकर उससे कार्बन निकालती हैं. इसके बाद इस कार्बन को अन्य सामग्री के साथ मिलाकर हाई-प्रेशर और हाई-टेम्परेचर प्रक्रिया से गुजारा जाता है, जिससे हीरा तैयार होता है. कुछ कंपनियां तो 100 फीसदी पालतू जानवर के कार्बन से हीरा बनाने का दावा भी करती हैं.

25-35 साल की महिलाएं सबसे बड़ी खरीदार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन में कम से कम 20 ब्रांड इस धंधे में उतर चुके हैं, जो एक कैरेट हीरे के लिए 1.39 लाख से 4.17 लाख रुपये वसूल रहे हैं. वहीं, स्विट्जरलैंड का लग्जरी ब्रांड अल्गोर्डांजा 11 ग्राम बाल या 250 ग्राम राख से एक कैरेट हीरा बनाने के लिए कम से कम 12.05 लाख रुपये लेता है. ग्लोबल ई-बिजनेसमैन के अनुसार, 2021 में शुरू हुआ घरेलू ब्रांड याशेंग सालाना लाखों युआन कमा रहा है और ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए फैक्ट्री का लाइव-स्ट्रीम भी दिखाता है. वहीं, ICEWALD ब्रांड के को-फाउंडर ये मैन ने चाओ न्यूज को बताया कि उनके 80 फीसदी ग्राहक 25 से 35 साल की शहरी महिलाएं हैं, जो पेट्स को परिवार मानती हैं.

कोई बता रहा 'IQ टैक्स', तो कोई कर रहा सपोर्ट

इंटरनेट पर इस अनोखे ट्रेंड को लेकर लोग दो गुटों में बंट गए हैं. एक यूजर ने इसे दुख का फायदा उठाने वाला आईक्यू टैक्स करार दिया, तो एक अन्य महिला ने लिखा कि हीरे ठंडे और सख्त होते हैं, इसलिए वह अपनी बिल्ली के बाल एक पाउच में रखना पसंद करती हैं. हालांकि, कुछ लोगों ने इसे निजी पसंद बताते हुए इसका सम्मान करने की बात कही. 

बता दें कि चीन की पेट इकोनॉमी पिछले साल करीब 4.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी. इसमें 12.6 करोड़ कुत्ते-बिल्लियां शामिल हैं.

यह भी पढ़ें | भारतीय यूट्यूबर ने पहली बार देखा इंग्लैंड का गांव, बोला- 'इसने मेरी सोच को पूरी तरह बदल दिया'

यह भी पढ़ें | इंडियन स्टूडेंट ने 1 मिनट में बताया चीन और भारत की ट्रेनों का अंतर, लोग देने लगे एंटी-नेशनल का ताना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China News, Pet, Lab Grown Diamond, Viral News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com