यह ख़बर 28 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

1.34 अरब पहुंची चीन की आबादी

खास बातें

  • दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाले देश चीन की जनसंख्या 1.34 अरब पहुंच गई है। भारत 1.2 अरब की आबादी के साथ दूसरे नम्बर पर है।
बीजिंग:

दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाले देश चीन की जनसंख्या 1.34 अरब पहुंच गई है। पड़ोसी देश भारत 1.2 अरब की आबादी के साथ दूसरे नम्बर पर है। चीनी समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' ने खबर दी है कि चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) की ओर से सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2010 के अंत में यहां की जनसंख्या करीब 1.31 अरब थी। वर्ष 2009 में चीन की आबादी 1.335 अरब थी, जबकि इससे एक साल पहले 2008 में यह 1.328 अरब थी। एनबीएस ने वर्ष 2010 के लिए देश की राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास पर जारी अपने बुलेटिन में कहा है कि छठी राष्ट्रीय जनगणना के आधार पर चीन अप्रैल में अंतिम गणना रिपोर्ट जारी कर सकता है। एनबीएस के अनुसार चीन में किसान से कामगार बने लोगों की संख्या में हर साल 5.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पिछले साल के आखिर में 24 करोड़ 22 लाख 30 हजार थी। वर्ष 2009 से अब तक ऐसे ग्रामीणों की संख्या में भी 5.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो अपने गृह क्षेत्र से बाहर जाकर काम करते हैं। ऐसे लोगों की संख्या अब 15 करोड़ 33 लाख 50 हजार हो गई है। लेकिन ग्रामीण कामगारों की संख्या बढ़ने के बाद भी चीनी निर्माण उद्योग में श्रमिकों की कमी महसूस की जा रही है। एनबीएस की रिपोर्ट के अनुसार चीन पिछले साल जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा। इसके बावजूद चीन की 2 करोड़ 68 लाख 80 हजार आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com