Viral Video: पूरा भारत घूमने निकले ब्रिटिश ट्रैवलर जैक हीटन (Jack Heaton) ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (jack_ofalljourneys) पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे चंडीगढ़ शहर (Chandigarh City) के इन्फ्रास्ट्रक्चर की तारीफ करते नजर आ रहे हैं. 'This Strangest City In India' नाम के इस वीडियो में जैक कह रहे हैं, 'यह शहर सचमुच भारत के बिल्कुल अलग है. ऐसा क्यों है, यह जानने के लिए बस आस-पास देखना ही काफी है. स्विस-फ़्रेंच आर्किटेक्ट ले कोर्बुसिए ने इसे शुरू से डिजाइन किया था. आम तौर पर दिखने वाली अफरातफरी के बजाय, इसे एक बड़े ग्रिड में बसाया गया है, जिसमें चौड़ी हरी-भरी जगहें और ब्रूटलिस्ट शैली की कई इमारतें हैं. यह भारत के पहले प्लांड शहरों में से एक है, जिसकी कागज पर बाकायदा योजना बनाई गई थी.'
'भारत के सबसे रहने योग्य शहरों में से एक'
जैक आगे कहते हैं, 'भारत के कुछ सबसे बड़े शहरों में घूमने के बाद, सच कहूं तो यह बहुत अजीब लगता है. यह उनसे मीलों अलग है और यहां सब कुछ ज्यादा ही व्यवस्थित लगता है. यह शहर इतना फेमस है कि पंजाब और हरियाणा इस बात पर सहमत नहीं हो पाए कि इस पर किसका अधिकार होगा. विवाद सुलझाने के लिए, इसे दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी बना दिया गया. सिर्फ इतना ही नहीं, यह शहर किसी राज्य के सीधे नियंत्रण में नहीं है, बल्कि यह अपने आप में एक केंद्र शासित प्रदेश है. बाकी भारत के शहरों जैसा न दिखने के बावजूद, अपनी बेहतरीन प्लानिंग और सुविधाओं के कारण यह लगातार देश के सबसे रहने-योग्य शहरों में गिना जाता है.'
डॉलर्स में बताई यहां घर खरीदने की कीमत
37 सेकंड के इस वीडियो के कैप्शन में जैक चंडीगढ़ की आबादी का जिक्र करते हैं और बताते हैं कि यहां मकान खरीदने के लिए आपको कितने पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. जैक कहते हैं, '14.5 लाख लोगों की आबादी होने के बावजूद चंडीगढ़ में काफी हरियाली है. शायद इसी वजह से यहां घरों की कीमत बहुत ज्यादा है. अगर आप यहां रहना चाहते हैं तो आपको आसानी से 10 लाख डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपये) तक खर्च करने पड़ सकते हैं. मुझे ये ब्रिटेन और नॉर्थ अमेरिका जैसा लगा.'
यहां देखें पूरा वीडियो:-
'चंडीगढ़ ने मुझे बिगाड़ दिया है'
खबर लिखे जाने तक सोशल मीडिया पर इस वीडियो को 63 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं और 100 से ज्यादा लोगों ने कमेंट करके अपनी राय दी है.
एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, 'चंडीगढ़ का होने के नाते, मैं पूरी तरह सहमत हूं. जब भी मैं भारत के दूसरे शहरों में जाता हूं, तो वहां की अव्यवस्था और बिना प्लानिंग के काम देखकर मेरा सिर दुखने लगता है. सच कहूं तो चंडीगढ़ ने मुझे बहुत बिगाड़ दिया है.'
दूसरे यूजर ने कहा, 'वाह, जिन जगहों पर आप गए थे, उनके मुकाबले यह जगह बहुत ही सुकून भरी लग रही है.'
तीसरे शख्स ने कहा, 'इस शहर में सरकारी और प्राइवेट, दोनों तरह के बेहतरीन स्कूल हैं. अस्पतालों की बात करें तो यहां PGIMER है, जो पूरे इलाके का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है. इसके अलावा GMCH 32 और GMSH 16 भी हैं, जो महत्वपूर्ण सरकारी अस्पताल हैं. इनके अलावा कई प्राइवेट अस्पताल भी हैं.'
चौथे यूजर ने कहा, 'चंडीगढ़ का रहने वाला होने के नाते, मैं आपके वीडियो और बातों में बताई गई सभी बातों से सहमत हूं. इस शहर का माहौल बहुत शानदार है, शायद यहां की व्यवस्थित बनावट और हरियाली की वजह से. इसीलिए जब कोई चंडीगढ़ आता है, तो उसका यहां से जाने का मन नहीं करता. यह शहर धीरे-धीरे आपको अपना बना लेता है.'
ये भी पढ़ें:- 'ऑफिस में कोई हंसता नहीं है' बोलकर 1 दिन में नौकरी छोड़ गया कैंडिडेट, दिल्ली के एंटरप्रेन्योर ने बनाया HR हेड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं