विज्ञापन

इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर को पेड़ से बांधकर जला दिया था, अब आया अस्पताल में रिकॉर्ड हुआ आखिरी वीडियो

चंडीगढ़ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत के मामले में एक कथित आखिरी वीडियो सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर को पेड़ से बांधकर जला दिया था, अब आया अस्पताल में रिकॉर्ड हुआ आखिरी वीडियो
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर का एक वीडियो सामने आया है.

चंडीगढ़ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. उनकी मौत के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो अस्पताल में इलाज के दौरान रिकॉर्ड किया गया था. वीडियो में मनजीत कौर अपनी दर्दभरी कहानी सुनाती नजर आ रही हैं.

वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

वायरल वीडियो में मनजीत कौर दावा करती दिखाई दे रही हैं कि उन्हें जलाकर मारने की कोशिश की गई थी. वीडियो में वह अपनी खराब हालत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी करती हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

तीन महीने तक जिंदगी की लड़ाई

मनजीत कौर गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में मिली थीं. उन्हें पहले मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया. वहां उन्होंने करीब तीन महीने तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया. आखिरकार अगस्त के अंतिम सप्ताह में उनकी मौत हो गई.

परिवार ने लगाए थे अगवा कर जलाने के आरोप

मनजीत कौर की मौत के बाद उनके परिवार ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाए थे. परिवार का कहना था कि मनजीत का पहले अपहरण किया गया और बाद में उन्हें आग के हवाले कर दिया गया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी.

एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने परमिंदर सिंह उर्फ पिंडा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार वह मुख्य आरोपी रिंकू का सहयोगी है. पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े कुछ अहम सुराग भी मिले हैं.

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

जांच एजेंसियां अब गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही हैं. वहीं मुख्य आरोपी रिंकू अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं.

यह भी पढ़ें- 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manjit Kaur Murder, Chandigarh News, Punjab Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com