विज्ञापन

ऑस्ट्रेलियाई महिला ने एक साथ दिया 4 हमशक्ल बच्चियों को जन्म, अब 10 सीटर कार खरीदने के लिए मांग रही मदद

बिना किसी डॉक्टरी इलाज या मेडिकल मदद के एक साथ चार बच्चों का पैदा होना बेहद दुर्लभ है. डॉक्टरों के मुताबिक, ऐसा दुनिया में करीब 7 लाख मामलों में से सिर्फ एक बार ही होता है.

ऑस्ट्रेलियाई महिला ने एक साथ दिया 4 हमशक्ल बच्चियों को जन्म, अब 10 सीटर कार खरीदने के लिए मांग रही मदद
रॉयल ब्रिस्बेन एंड विमेंस हॉस्पिटल में नैचुरली कंसीव हुई एक जैसी दिखने वाली चार बच्चियों (क्वाड्रुपलेट्स) का जन्म हुआ है.
Facebook@Metro North Health

World News: ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली 34 साल की जेनीटार नाआमोआना (Jenitar Na'amoana) ने एक साथ चार जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया है. 14 जुलाई को डॉक्टरों ने ऑपरेशन (C-Section) के जरिए इन बच्चियों की सुरक्षित डिलीवरी कराई. यह प्रेग्नेंसी सिर्फ 7 महीने 4 दिन की ही थी. डॉक्टरों के मुताबिक, यह कोई आम मामला नहीं है. महिला के गर्भ में एक ही अंडा चार हिस्सों में टूट गया, जिससे ये चार बच्चियां बनीं. इसे मेडिकल भाषा में मोनोजाइगोटिक क्वाड्रुपलेट्स (Monozygotic Quadruplets) कहते हैं, जिसका मतलब है कि पैदा होने वाली इन चारों बच्चियों का चेहरा बिल्कुल एक जैसा है. 

डॉक्टर अलेक्सा बेंडल ने बताया कि 1.5 करोड़ प्रेग्नेंसियों में से किसी एक महिला के साथ ऐसा होता है. सबसे खास बात यह है कि ये चारों बच्चियां मां के पेट में एक ही गर्भनाल (प्लेसेंटा) से जुड़ी थीं, जो मेडिकल साइंस में न के बराबर देखने को मिलता है.

डॉक्टर के नाम पर रखा बच्ची का नाम

इस प्रेग्नेंसी में बहुत ज्यादा खतरा था, इसलिए डॉक्टरों ने जेनीटार को 25वें हफ्ते में ही अस्पताल में भर्ती कर लिया था ताकि उन पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सके. सुरक्षित जन्म के बाद इन चारों बहनों का नाम एमिली, हैरियट, कैथरीन और अलेक्सा रखा गया है. इनमें से चौथी बेटी का नाम 'अलेक्सा' इलाज करने वाली लेडी डॉक्टर (डॉ. अलेक्सा बेंडल) के नाम पर ही रखा गया है. फिलहाल चारों बच्चियां बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें पूरी तरह से विकसित होने तक अस्पताल के नर्सरी वार्ड (NICU) में इन्क्यूबेटर के अंदर रखा गया है.

बड़ी गाड़ी खरीदने के लिए मांग रही मदद

जेनीटार और उनके पति जोर्थम के पहले से ही चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र 1 से 10 साल के बीच है. अब इन चार नई बच्चियों के आने के बाद उनके परिवार में कुल 8 बच्चे और दो माता-पिता को मिलाकर 10 लोग हो गए हैं. जेनीटार का कहना है कि एक साथ चार नवजात बच्चों को संभालना उनकी कल्पना से कहीं ज्यादा मुश्किल है. अब इतने बड़े परिवार को एक साथ कहीं ले जाने के लिए पुरानी गाड़ी छोटी पड़ रही है, इसलिए जेनीटार ने गोफंडमी (GoFundMe) वेबसाइट पर लोगों से ऑनलाइन मदद मांगी है. उनका लक्ष्य कम से कम 10 सीटों वाली एक बड़ी वैन खरीदना है. इस अनोखी कहानी के सामने आने के बाद लोग दिल खोलकर मदद कर रहे हैं और अब तक उन्हें 37,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 25 लाख रुपये) से ज्यादा का दान मिल चुका है.

ये भी पढ़ें:- अस्पताल की बड़ी लापरवाही, जन्म के समय अदला-बदली, 38 साल तक एक-दूसरे की जिंदगी जी रहे थे 2 लोग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
International News, C Section Delivery, Australia, Rare Child Birth, Trending Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com