भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि दीपके की राजनीतिक महत्वाकांक्षा है और वह भविष्य में भीम आर्मी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि अकसर ऐसे आंदोलनों से निकले नेता राजनीति में उतरते हैं. दुबे ने कहा कि अब भी आंदोलन में शामिल लोग पीएम नरेंद्र मोदी को ही अपना नेता मानते हैं और उनसे मुद्दों के हल करने की उम्मीद रखते हैं. झारखंड के गोड्डा से सांसद दुबे ने संसद भवन परिसर में कहा, 'हर आंदोलन राजनीतिक नेता पैदा करता है. जेपी मूवमेंट से लालू यादव जैसे नेता निकले. अन्ना मूवमेंट से अरविंद केजरीवाल पैदा हुए थे.'
उन्होंने कहा, 'भविष्य में अभिजीत दीपके भी चुनाव लड़ सकते हैं. यहां तक कि नेपाल भी आंदोलन से जुड़े लोगों ने एक राजनीतिक दल को जॉइन कर लिया. इसी तरह अभिजीत दीपके भी एक राजनीतिक दल में शामिल होंगे. मुझे पक्का भरोसा है कि वह भीम आर्मी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे.' बता दें कि सोमवार को छात्रों के आंदोलन ने जोर पकड़ा था. प्रदर्शनकारियों की भीड़ बड़ी संख्या में संसद भवन के दरवाजे तक पहुंच गई थी. किसी तरह पुलिस ने उन्हें रोका था. इस बीच सरकार की ओर से जेपी नड्डा के नेतृत्व में आंदोलनकारियों से बातचीत चल रही है.
निशिकांत दुबे ने दावा किया कि दीपके के समर्थन में नारे लगाने वाले लोग भीम आर्मी से जुड़े थे. उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध किया था. इन लोगों का एजेंडा स्पष्ट है. बता दें कि यह आंदोलन 20 जून से जंतर-मंतर पर शुरू हुआ था. इसके बाद 28 जून से सोनम वांगचुक आमरण अनशन पर हैं. दुबे ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को देश के युवाओं की चिंता है और एनडीए की बैठक में उन्होंने इस संबंध में बात भी की. उन्होंने कहा कि छात्र चाहते हैं कि परीक्षाओं में पारदर्शिता हो. इस संबंध में पीएम मोदी भी चिंतित हैं और इसके बारे में एनडीए की बैठक में भी बात की.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं