ऑस्ट्रेलिया की कट्टर दक्षिणपंथी वन नेशन पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री बार्नबी जॉयस का एक लाइव टीवी इंटरव्यू चर्चा में आ गया है. इंटरव्यू के दौरान उनका कुत्ता बार-बार शरारत कर रहा था, जिससे जॉयस अचानक लाइव टीवी पर ही जोर से चिल्ला पड़े- बैठ जाओ. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसके बाद उन्होंने पत्रकार से माफी मांगते हुए कहा कि माफ कीजिए, ये कुत्ता है. वैसे यह वाकया यहीं खत्म नहीं हुआ. इसके बाद पत्रकार से उनकी तीखी बहस भी हुई. दरअसल कुछ देर बाद कुत्ते ने फिर बीच में तंग किया. इस पर जॉयस ने कहा, "इस कुत्ते के लिए मैं माफी चाहता हूं, यह अचानक भौंकने लगा है."
इसपर पत्रकार सारा फर्ग्यूसन ने जवाब दिया, "कुत्ते की चिंता मत कीजिए, मेरे सवाल का जवाब दीजिए."
पत्रकार सारा जॉयस से उनकी पार्टी की नेता पॉलीन हैनसन की ब्रिटेन के दक्षिणपंथी नेता टॉमी रॉबिन्सन से हुई मुलाकात पर सवाल पूछ रही थीं. इस पर जॉयस नाराज़ हो गए और बोले, "बदतमीजी मत कीजिए, नहीं तो यह इंटरव्यू यहीं खत्म हो जाएगा, सारा."
Barnaby Joyce has been left red-faced after this particularly notable news appearance...#BarnabyJoyce #TheNationals #News #Australia #Politics pic.twitter.com/74SLkkPEjV
— Happy Mag (@HappyMagTV) July 21, 2026
यह पहली बार नहीं है जब जॉयस किसी कुत्ते की वजह से सुर्खियों में आए हों. कुछ साल पहले उन्होंने अभिनेता जॉनी डेप के कुत्तों को मार देने की धमकी देकर भी विवाद खड़ा कर दिया था.
ऑस्ट्रेलिया में मजबूत हो रही यह पार्टी
हाल के जनमत सर्वे बताते हैं कि कई सालों तक छोटी पार्टी मानी जाने वाली वन नेशन पार्टी अब ऑस्ट्रेलिया की सबसे लोकप्रिय पार्टियों में शामिल हो गई है. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार पार्टी की नेता पॉलीन हैनसन ने हाल ही में टॉमी रॉबिन्सन के साथ एक पॉडकास्ट में हिस्सा लेने के अपने फैसले का बचाव किया. रॉबिन्सन पहले फुटबॉल से जुड़े उपद्रवों के लिए जाना जाता था और बाद में इस्लाम विरोधी अभियान चलाने लगा.
हैनसन ने यह भी कहा था कि 1970 के दशक में "व्हाइट ऑस्ट्रेलिया" नीति खत्म होने के बाद देश की कई मौजूदा समस्याएं बढ़ीं. इस बयान पर ऑस्ट्रेलिया में काफी विरोध हुआ है. हालांकि, बाद में हैनसन ने साफ किया कि वह व्हाइट ऑस्ट्रेलिया नीति को फिर से लागू करने की मांग नहीं कर रही थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं