Latest News: ब्रिटेन के मिल्टन कीन्स अस्पताल में एक महिला ने करीब 6.4 किलो वजन के एक अनोखे बच्चे को जन्म दिया है. सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए दुनिया में आया यह बच्चा आम नवजात शिशुओं से बिल्कुल दोगुना बड़ा है. शारीरिक आकार इतना बड़ा होने के कारण बच्चे के लिए खरीदे गए न्यूबॉर्न साइज के सभी कपड़े छोटे पड़ गए और उसे जन्म के पहले ही दिन से सीधे 6 महीने के बच्चों के कपड़े पहनाने पड़े हैं. कपड़ों के साथ-साथ इस बच्चे की खुराक भी हर किसी को हैरान कर रही है, क्योंकि यह नवजात शिशु एक बार में ही दो-दो बोतल दूध गटक जा रहा है.
33 साल की मां, 6 फीट लंबे हैं पिता
द सन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 5 फीट 7 इंच लंबी, 33 साल की मां जेनेली रॉस की यह प्रेग्नेंसी बेहद उतार-चढ़ाव और शारीरिक तकलीफों से भरी थी. गर्भ में पल रहे बच्चे का आकार इतनी तेजी से बढ़ रहा था कि डॉक्टरों को हर 14 दिन पर जेनेली का विशेष अल्ट्रासाउंड और ब्लड शुगर लेवल का टेस्ट करना पड़ रहा था. हालांकि, आधुनिक तकनीकों के बावजूद डॉक्टर कोख में छिपे इस राज को पहले नहीं पकड़ पाए और डिलीवरी के वक्त ही बच्चे के असली वजन का पता चल सका. जेनेली के पति विक्टर ओकनमे की लंबाई 6 फीट है, जिसे देखते हुए विशेषज्ञ इसे जेनेटिक्स का एक दुर्लभ मामला मान रहे हैं. जेनेली के पहले से दो बच्चे और हैं, लेकिन यह नया मेहमान अपने दोनों भाई-बहनों के जन्म के समय के वजन से ठीक दोगुना है.
क्या ये ब्रिटेन का सबसे वजनी बच्चा है?
मेडिकल हिस्ट्री के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह बच्चा मामूली अंतर से ब्रिटेन के इतिहास का सबसे वजनी बच्चा बनने से चूक गया. देश में सबसे भारी बच्चा होने का रिकॉर्ड साल 1992 में जन्मे गाय कार (Guy Carr) के नाम दर्ज है, जिसका वजन 15 पाउंड 8 औंस (7 किलोग्राम से अधिक) था. इसके बाद साल 2013 में जॉर्ज किंग (15 पाउंड 7 औंस) और 2021 में अल्फा स्टोन मिशेल (14 पाउंड 15 औंस) का नाम इस लिस्ट में आता है. फिलहाल अस्पताल के डॉक्टरों ने मां और बच्चे दोनों को पूरी तरह से फिट और स्वस्थ घोषित किया है.
यह भी पढ़ें:- महिला ने एक साथ दिया 4 हमशक्ल जुड़वा बच्चियों को जन्म, अब 10 सीटों वाली गाड़ी खरीदने के लिए मां मांग रही मदद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं