Viral Video: घर के पास फूल बेचने वाली बुजुर्ग महिला को फ्लाइट से वाराणसी ले जाकर काशी विश्वनाथ के दर्शन कराने वाले जेन जी की कहानी इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं और अनीश भगत के नेक दिली की तारीफ करते हुए उन्हें 'खुश रहने' का आर्शीवाद दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि आजकल लोग अपने माता-पिता के लिए यह नहीं करते जो अनीश ने एक अनजान महिला के लिए किया. कुछ महीने में उनकी आंखों की रोशनी जाने वाली थी, और अनीश के बिना किसी स्वार्थ के उनकी अधूरी इच्छा जानकर उसे एक बेटी की तरह पूरी करने में मदद की, जो कि आजकल कम देखने को मिलता है.
'बेटे के साथ काशी विश्वनाथ जाने की इच्छा'
अनीश ने बताया, 'वीडियो/फोटो में नजर आ रहीं महिला का नाम मिनाक्षी है और वे 65 साल की हैं. वो मेरे घर के पास फूल बेचती हैं. उनसे बात करने पर पता चला कि वो अपनी दुकान बंद करने वाली हैं, क्योंकि कुछ महीनों में उनकी आंखों की रोशनी पूरी चली जाएगी. मैंने उनसे पूछा कि क्या कुछ ऐसा है जो मैं आपके लिए आंखों की रोशनी जाने से पहले कर सकूं? महिला ने भारी मन से कहा कि मैं अपने बेटे के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन करने जाना चाहती थी, लेकिन उसने मुझे छोड़ दिया है. अब अगले जन्म में दर्शन कर लेंगे. यह सुनकर मैं बिना कुछ कहे वहां से चला गया और घर जाकर सोचा कि अगले जन्म क्यों उन्हें मैं इसी जन्म में काशी विश्वनाथ के दर्शन करवाऊंगा.'
'आंखों की रोशनी जाने के बाद क्या करोगी?'
अनीश ने आगे बताया, 'मैंने अगले कुछ दिन सारे अरेंजमेंट्स किए और फिर उन्हें सरप्राइज देने के लिए उनकी दुकान पर पहुंच गया. वहां पहुंचकर मैंने कहा- चलो. महिला ने पूछा- कहां? तो मैंने कहा- काशी विश्वनाथ. महिला ने मुस्कुराते हुए कहा- क्यों मजाक कर रहे हो. ऐसा थोड़ी होता है. इसके बाद अगले 5 मिनट मैंने उन्हें पूरी बात बताई, जिसके बाद वो साथ चलने के लिए मान गईं. उन्होंने अपनी दुकान बंद की और कुछ देर बाद अपना छोटा बैग लेकर मेरे घर आईं. वहां से हम टैक्सी में बैठकर एयरपोर्ट की तरफ निकल गए. रास्ते में मैंने उनसे पूछा कि क्या कभी आपने सोचा है कि आंखों की रोशनी जाने से पहले आप क्या करोगी? तो उनहोंने जवाब देते हुए कहा कि आज तो दिख रहा है ना? आज मजे करूंगी.'
यहां देखें पूरा वीडियो:-
'मैं खुश हूं कि वे अपनी आंखों से ये सब देख सकीं'
अनीश ने बताया कि वो बनारस जाते वक्त वे बहुत एक्साइटेड थीं. वो पूरे रास्ते हंसाते रहीं. ऐसा लगा कि वो बचपन से बनारस आना चाहती थीं. बनारस मैं लैंड करते ही वे सीधा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंच गए. वहां वे भगवान शिव की तरफ देखते हुए हाथ जोड़कर खड़ी रहीं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे. अनीश ने कहा, 'मुझे लगता है कि हर महिला को दुनिया देखने का हक होता है. पर वो अपनी पूरी जिंदगी घर की चार दीवारों में दूसरों का ख्याल रखते हुए बीता देती हैं. लोग भगवान पर तो प्रसाद चढ़ाते हैं पर अपने घर की देवी का ख्याल रखना भूल जाते हैं. मैं खुश हूं कि वो अपनी आंखों की रोशनी खोने से पहले वे यह सब देख सकीं.'

काशी विश्वनाथ के दर्शन करके रो पड़ीं बुजुर्ग महिला मीनाक्षी.
Photo Credit: Instagram@anishbhagatt
सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की 'बाढ़'
22 सितंबर को इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई इस वीडियो का खूब ध्यान खींचा है. वे ना सिर्फ इसे पसंद कर रहे हैं, बल्कि अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'इस वीडियो को देखने के बाद मेरे पास कुछ कहने के लिए शब्द ही नहीं हैं. भगवान आपका भला करे.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'कुछ बड़ा करने के लिए किसी वजह की जरूरत नहीं होती. बस आगे बढ़ते रहो भाई.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'अनीश, मुझे खुशी है कि मैं तुम्हें अच्छा काम करते हुए देख पा रही हूं. भगवान तुम्हारा भला करे.'
चौथे यूजर ने लिखा, 'आप बहुत अच्छे हैं. आपने उन आंटी को बहुत अच्छा महसूस कराया. वे बहुत खुश दिख रही हैं. भगवान आपको हमेशा खुश रखे. मैंने यह वीडियो कई बार देखा है, यह बहुत प्यारा है.'
यह भी पढ़ें:- 35 की उम्र में रिटायर होकर यूएस से इंडिया वापस आ गया NRI, कहा- 'मुझे मुंबई में ज्यादा सुरक्षित महसूस हुआ'
यह भी पढ़ें:- H-1B वीजा पर अमेरिका के 10 बड़े शहरों में आराम से रहने के लिए कितनी सैलरी चाहिए? NRI ने किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं