Air India New CEO: इथियोपियन एयरलाइंस के पूर्व चीफ टिवोल्डे गेब्रेमरियम (Tewolde Gebremariam) को एयर इंडिया (Air India) ने अपना नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) बनाया गया है. वह कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे, जो इस साल सितंबर में अपना पद छोड़ रहे हैं.
पाकिस्तान के थे पहली पसंद
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें पहले पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) के नए मैनेजमेंट ने अपने CEO के तौर पर शॉर्टलिस्ट किया था. सब कुछ तय हो चुका था, बस आधिकारिक घोषणा होनी बाकी थी.
सिक्योरिटी क्लीयरेंस में हुई देरी!
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के दो दिन बाद, अरब न्यूज ने PIA के एक बड़े शेयरहोल्डर के हवाले से इस जानकारी की पुष्टि की और बताया कि जरूरी सिक्योरिटी मंजूरी का इंतजार करने की वजह से एयरलाइन ने इस घोषणा में देरी की थी.
टाटा ग्रुप ने दिखाई फुर्ती
इसी बीच टाटा ग्रुप (Tata Group) ने फुर्ती दिखाई और ग्लोबल सर्च के बाद टिवोल्डे को एयर इंडिया के लिए फाइनल कर लिया. टाटा ग्रुप को एक ऐसे इंसान की तलाश थी जिसे किसी डूबती कंपनी को मुनाफे में लाने, सेफ्टी मैनेजमेंट और विस्तार करने का तगड़ा अनुभव हो. टाटा को गेब्रेमरियम के पास ये सबकुछ मिल गया.
कौन हैं टिवोल्डे गेब्रेमरियम?
टिवोल्डे एविएशन इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा नाम हैं. उन्होंने इथियोपियन एयरलाइंस में 36 साल से ज्यादा काम किया है. 2011 से 2022 तक ग्रुप CEO रहते हुए, उन्होंने इथियोपियन एयरलाइंस को अफ्रीका की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा मुनाफे वाली एयरलाइन बना दिया. उनके कार्यकाल में कंपनी का रेवेन्यू चार गुना बढ़ा और विमानों की संख्या भी लगभग तीन गुनी हो गई.
एयर इंडिया vs पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस
जिस PIA में टिवोल्डे जाने वाले थे और जिस एयरलाइन में अब वो आए हैं, अगर हम इन दोनों एयरलाइंस की तुलना करें, तो इनमें जमीन-आसमान का फर्क साफ नजर आता है. टाटा ग्रुप और सिंगापुर एयरलाइंस के मालिकाना हक वाली भारत की एयर इंडिया काफी पुरानी है, जिसकी शुरुआत 1932 में हुई थी और इसका हेडक्वार्टर गुरुग्राम में है. वहीं, पाकिस्तान की PIA साल 1953 में शुरू हुई थी, जिसका मैनेजमेंट हाल ही में आरिफ हबीब ग्रुप के पास गया है.
सबसे बड़ा अंतर दोनों के बेड़े यानी विमानों की संख्या में है. जहां एयर इंडिया के पास 184 विमानों का एक विशाल बेड़ा है (और 4 नए आने वाले हैं), वहीं PIA महज 32 विमानों के सहारे चल रही है. सिर्फ संख्या ही नहीं, क्वालिटी में भी बड़ा फर्क है. एयर इंडिया के जहाज काफी नए और एडवांस हैं जिनकी औसत उम्र सिर्फ 8.8 साल है, जबकि PIA के जहाज काफी पुराने हो चुके हैं और उनकी औसत उम्र 18.7 साल है.
ये भी पढ़ें:- अमेरिका में प्री स्कूल की फीस में आ जाएगी मारुति ब्रेजा, हर 4 बच्चों पर 1 टीचर; मिलती हैं ये सुविधाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं