विज्ञापन

सुबह फूड डिलीवरी, शाम को UP पुलिस परीक्षा की तैयारी, स्विगी CEO ने किया लैपटॉप गिफ्ट, 23 साल की खुशबू की कहानी वायरल

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली 23 वर्षीय खुशबू मुंबई में दिन भर स्विगी डिलीवरी पार्टनर के रूप में काम करती हैं और रात में यूपी पुलिस परीक्षा की तैयारी करती हैं. सोशल मीडियो पर खुशबू की बहुत तारीफ हो रही है.

सुबह फूड डिलीवरी, शाम को UP पुलिस परीक्षा की तैयारी, स्विगी CEO ने किया लैपटॉप गिफ्ट, 23 साल की खुशबू की कहानी वायरल
रोहित कपूर की ‘Chai Biskoot’ सीरीज

बेहतर नौकरी और नए मौके की तलाश में कई लोग मुंबई आते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की 23 साल की खुशबू के लिए यह शहर सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि एक बड़े सपने तक पहुंचने का जरिया है. खुशबू स्विगी में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करती हैं और साथ ही यूपी पुलिस की परीक्षा की तैयारी भी कर रही हैं. उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. उनकी कहानी तब चर्चा में आई, जब स्विगी फूड मार्केटप्लेस के CEO रोहित कपूर ने सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो शेयर किया.

खुशबू की कहानी बताते हुए रोहित कपूर ने कहा कि भारत के गांवों से लोग लंबे समय से बेहतर जिंदगी की तलाश में बाहर जाते रहे हैं. खुशबू भी 23 साल की उम्र में गाजीपुर से मुंबई आईं. उन्होंने बताया कि खुशबू दिन में फूड डिलीवरी का काम करती हैं और रात में यूपी पुलिस की परीक्षा की तैयारी करती हैं. कपूर ने कहा कि उन्हें खुशबू की कहानी में सबसे खास बात उनका घर छोड़ने का कारण लगा. उन्होंने बताया कि जहां ज्यादातर लोग मुंबई इस उम्मीद से आते हैं कि उन्हें वापस गांव न जाना पड़े, वहीं खुशबू यहां इसलिए आई हैं ताकि एक दिन पुलिस की वर्दी पहनकर अपने गांव लौट सकें और लोगों की सेवा कर सकें. उन्होंने यह भी कहा कि घर छोड़ने का साहस कई लोगों में होता है, लेकिन यह साफ समझ होना बहुत कम लोगों में होती है कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं.

यह वीडियो रोहित कपूर की ‘Chai Biskoot' सीरीज के तहत शेयर किया गया था, जिसमें स्विगी डिलीवरी पार्टनर्स की जिंदगी और उनके अनुभव दिखाए जाते हैं. वीडियो में खुशबू ने बताया कि वह पांच भाई-बहनों में से एक हैं और बिना परिवार को बताए मुंबई आ गई थीं. यहां अपना खर्च चलाने के लिए उन्होंने फूड डिलीवरी का काम शुरू किया और साथ ही अपनी पढ़ाई भी जारी रखी. वह दिन में खाना डिलीवर करती हैं और शाम को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी करती हैं. खुशबू का सपना है कि वह एक दिन पुलिस की वर्दी पहनकर अपने गांव लौटें और वहां के लोगों की सेवा करें. इंटरव्यू के अंत में रोहित कपूर ने खुशबू की पढ़ाई में मदद के लिए उन्हें एक लैपटॉप भी गिफ्ट किया.

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया

खुशबू की सोच और मेहनत की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है. एक यूजर ने लिखा, “यह इस बात का अच्छा उदाहरण है कि जरूरी सीख सिर्फ बड़े ऑफिस में ही नहीं मिलती”. दूसरे यूजर ने कहा, “खुशबू की स्पष्ट सोच और मेहनत काबिल-ए-तारीफ है”. एक और यूजर ने लिखा, “अक्सर लोग आगे बढ़ने और बेहतर जिंदगी बनाने को ही महत्वाकांक्षा मानते हैं”.

यह भी पढ़ें:- हाथियों की पीठ पर बैठकर किया योग, वीडियो वायरल होते ही लोगों ने पूछा- क्या ये सही है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Swiggy, Rohit Kapoor Swiggy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com