विज्ञापन

अमेरिका में हिंदुओं के कत्लेआम की साजिश के आरोपी पर खुलासा, लेता है जेंडर बदलने वाला हार्मोन इंजेक्शन- रिपोर्ट

अमेरिका के हिंदू मंदिर में कत्लेआम मचाने की साजिश रचने वाले को जज ने जेल भेज दिया है. जज ने यह भी बताया कि आरोपी जेंडर ट्रांजिशन के लिए हार्मोन इंजेक्शन लेता है. इसके अलावा उसका ADHD, डिप्रेशन और एंग्जायटी के लिए भी इलाज चल रहा है.

अमेरिका में हिंदुओं के कत्लेआम की साजिश के आरोपी पर खुलासा, लेता है जेंडर बदलने वाला हार्मोन इंजेक्शन- रिपोर्ट
एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस अपने जेंडर को बदलने के लिए हार्मोन वाला इंजेक्शन लेता है (इंजेक्शन की प्रतिकात्मक फोटो)

अमेरिका के शिकागो के एक हिंदू मंदिर में कत्लेआम मचाने की साजिश करने वाले और उसे लगभग अंजाम देने वाले 19 साल के आरोपी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. NBC शिकागो की रिपोर्ट के अनुसार 19 साल का एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस अपने जेंडर को बदलने के लिए हार्मोन वाला इंजेक्शन लेता है. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार जज ने फैसला सुनाया है कि पैपोराकिस अब जेल में भी यह इंजेक्शन ले पाएगा. बता दें कि भारतीयों और हिंदुओं के प्रति घोर नफरत रखने वाला पैपोराकिस अपनी राइफल लेकर शिकागो के उपनगर ऑरोरा में स्थित सबसे बड़े हिंदू मंदिर में गोलीबारी करने पहुंच भी गया था. अच्छी बात यह रही कि किस्मत से आखिरी मौके पर उसकी राइफल जाम हो गई और वह वापस आ गया. साथ काम करने वाले एक सहकर्मी को उसने अपना प्लान बताया और पुलिस को खबर हो गई.

NBC शिकागो की रिपोर्ट के अनुसार, कुक काउंटी के एक जज ने बुधवार को एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को बिना जमानत के हिरासत में रखने का आदेश दिया. लेकिन साथ ही, जज ने उसकी हेल्थ से जुड़ा एक निर्देश भी दिया. इसमें बताया गया कि आरोपी जेंडर ट्रांजिशन के लिए हार्मोन इंजेक्शन और अन्य दवाएं लेता है. जज ने यह भी बताया कि ट्रांजिशन के लिए लिए जाने वाले इंजेक्शन के अलावा, पैपोराकिस का ADHD, डिप्रेशन और एंग्जायटी के लिए भी इलाज चल रहा है.

खूंखार प्लान बनाया था

हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी (मास शूटिंग) करने की कथित साजिश का पता चलने के बाद, रविवार को पैलाटाइन के रहने वाले और टैको बेल के कैशियर पैपोराकिस को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके सहकर्मियों ने पुलिस को पैपोराकिस की ओर से भेजे गए चिंताजनक साजिशों वाले मैसेज के बारे में बताया. इन मैसेज में हिंदू मंदिर में मास शूटिंग करने की साजिश का पूरा डिटेल देने वाला एक डॉक्यूमेंट था. साथ ही टैक्टिकल गियर जैसे राइफल, गोलियां और बॉडी आर्मर की तस्वीरें शामिल थीं.

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुले तौर पर खुद को 'श्वेत वर्चस्ववादी' (white supremacist) बताया था और वह भारतीयों को मारने के लिए बेताब था. पुलिस के अनुसार आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल और 300 राउंड कारतूस मिले. इतनी मात्रा में कारतूस से रीलोडिंग के लिए दस मैगजीन भरी जा सकती हैं. इसके अलावा, वहां से बॉडी आर्मर (सुरक्षा कवच), गैसोलीन के डिब्बे और कई स्वास्तिक चिह्न भी बरामद हुए.

जब राइफल लेकर मंदिर पहुंचा था आरोपी, तब अमेरिकी सांसद और उनका परिवार वहां पूजा कर रहा था

अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने बताया कि रविवार को जब वह और उनका परिवार ऑरोरा के एक हिंदू मंदिर में पूजा कर रहे थे, तभी आरोपी वहां राइफल लेकर पहुंचा था. एक बयान में, कृष्णमूर्ति ने कहा कि वह हमले की कोशिश से स्तब्ध हैं और उन्होंने उन लोगों का आभार जताया जिन्होंने एक बड़ी अनहोनी को रोकने में मदद की.

उन्होंने कहा, "पिछले रविवार को जब हमले की कोशिश हुई, तब मैं और मेरा परिवार वहीं मौजूद थे। इस तरह की हिंसा का खतरा दिखाता है कि भारत-विरोधी नफरत और 'श्वेत वर्चस्व' कितने खतरनाक हो गए हैं. हम इन खतरों को गंभीरता से लेने के लिए तब तक इंतजार नहीं कर सकते, जब तक कि बेगुनाह लोग मारे न जाएं."

भारत ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय ने इस साजिश को 'नस्लवादी और हिंदू विरोधी' करार देते हुए कहा कि यह घटना बेहद परेशान करने वाली है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हम इलिनोइस के अरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर मास शूटिंग करने की कथित साजिश की खबरों को लेकर बेहद चिंतित हैं. इस कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी होना, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बातें भी शामिल हैं, विशेष रूप से चिंताजनक है.'

यह भी पढ़ें: अमेरिका में हिंदुओं का कत्लेआम क्यों करना चाहता था 19 साल का लड़का? ऐन वक्त पर हुआ यह चमत्कार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Hindu Temple Attack Plan, US Hindus Attack, US Mass Shooting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com