आग लगी थी एक कार में, लेकिन मदद मांगने पहुंचा कोई इंसान नहीं... बल्कि एक कबूतर. धुएं से परेशान यह छोटा-सा पक्षी खुद उड़कर दमकलकर्मियों (फायर फाइटर्स) के पास पहुंचा. इसके बाद जो हुआ, उसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया. दमकलकर्मियों ने कबूतर को ऑक्सीजन दी और कुछ ही देर में वह फिर से उड़ गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग दमकलकर्मियों की इंसानियत और जानवरों के प्रति उनके प्यार की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
अमेरिका में क्या हुआ?
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक कार में लगी आग के धुएं से एक कबूतर की तबीयत खराब हो गई. इसके बाद दमकलकर्मियों ने उसकी मदद की. पीपल की रिपोर्ट के मुताबिक, ओकलैंड फायर डिपार्टमेंट की E29 टीम ने कबूतर को परेशान हालत में देखा और उसकी जान बचाने के लिए तुरंत मदद की. इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ फायरफाइटर्स लोकल 55 ने फेसबुक पोस्ट में बताया कि यह घटना मंगलवार, 14 जुलाई की है. कार में आग लगने के बाद कबूतर खुद दमकलकर्मियों के पास मदद मांगने आया. ऐसा लग रहा था कि उसने आग के धुएं में सांस ले ली थी, जिससे उसे दिक्कत हो रही थी.
वीडियो के पीछे का मंजर काफी अफरा-तफरी वाला था. वहां दमकल की गाड़ी और उसकी चमकती हुई लाइटें भी दिखाई दे रही थीं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की खूब तारीफ
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दमकलकर्मियों और दूसरे बचावकर्मियों की खूब तारीफ की. एक यूजर ने लिखा, "मदद के लिए खुद पहुंचा यह कबूतर सही लोगों के पास आया. इन दमकलकर्मियों का दिल सचमुच सोने जैसा है." एक दूसरे यूजर ने लिखा, "कबूतर इंसानों के बीच लंबे समय से रहते आए हैं. इसलिए जरूरत पड़ने पर वे इंसानों से मदद मांगने आ जाते हैं. ये बहुत प्यारे पक्षी हैं."
एक तीसरे यूजर ने लिखा, "यह वाकई शानदार है. मेरे गैराज में एक डव पैदा हुई थी और वह आज भी अक्सर मेरे साथ समय बिताती है."
यह भी पढ़ें: एलियंस की तलाश में बड़ी कामयाबी, पृथ्वी जैसे ग्रह पर मिला जीवन के लिए अहम संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं