विज्ञापन
3 minutes ago

Venezuela 7.5 Earthquake, Japan 6.9 Earthquake Live Updates: दुनिया के दो देशों, वेनेजुएला और जापान में आए भूकंप के जोरदार झटकों ने पूरी दुनिया को दहशत में डाल दिया. सबसे गंभीर हालात वेनेजुएला में देखने को मिले, जहां एक ही मिनट के अंतर पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए. यहां भूकंप की वजह से 10 हजार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. जो तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं उनमें दिख रहा है कि भूकंप के झटकों से रिहायशी इमारतों से लेकर एयरपोर्ट तक ढह गए हैं. पूरे देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है.वो मंजर इतना भयावह था कि राजधानी कराकास में लोग डरकर घरों से बाहर भाग गए. 22 मंजिला एक इमारत पूरी तरह जमीन में मिल गई है. मलबे के बीच लोग अपने परिजनों के नाम पुकारते रहे. इन भूकंपों को पिछले 100 से ज्यादा वर्षों में वेनेजुएला में आए सबसे ताकतवर झटकों में गिना जा रहा है. यहां मौत का बड़ा आंकड़ा सामने आ सकता है.

उधर जापान में भी गुरुवार को 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. इसके झटके सैकड़ों किलोमीटर दूर टोक्यो तक महसूस किए गए. राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सुनामी की चेतावनी भी जारी नहीं की गई है.

Here are the "Venezuela, Japan Earthquake Live Updates:

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला की तबाही पर पीएम मोदी ने जताया शोक

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है. भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपनों को खो दिया है. हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं. भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है."

Venezuela Earthquake Live: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- वेनेजुएला में बहुत ज्यादा लोगों की मौत हुई, हम मदद को तैयार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "वेनेज़ुएला के लोगों को दहलाने वाले दो बड़े भूकंप बहुत जबरदस्त थे और इनसे बहुत ज्यादा लोगों की मौत हुई है. अमेरिका मदद के लिए तैयार और इच्छुक है! मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है. हम अपने नए और अच्छे दोस्तों की मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे. शुरुआती खबरें अच्छी नहीं हैं!!!"

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला की मदद करेगी ट्रंप सरकार

अमेरिकी सरकार ने बुधवार देर रात (स्थानीय समयानुसार) कहा कि जोरदार भूकंप के बाद वह वेनेज़ुएला के अधिकारियों के संपर्क में है और इस दक्षिण अमेरिकी देश के लिए मदद जुटा रहा है. डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ़ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने X पर कहा, "हम अधिकारियों के संपर्क में हैं और मदद जुटा रहे हैं." उन्होंने कहा कि भूकंप "बहुत विनाशकारी" थे.

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला में राजनीतिक स्थिति क्या है?

जनवरी में अमेरिकी सेना ने डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सैन्य ऑपरेशन चलाकर पकड़ लिया था और अमेरिका के जेल में बंद कर दिया. मादुरो ने अमेरिकी अदालत में नार्को-टेररिज्म (ड्रग्स की तस्करी और आतंकवाद) के आरोपों से इनकार किया है. उनके तख्तापलट के बाद से वेनेजुएला एक बड़े राजनीतिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है. फिलहाल सरकार का नेतृत्व अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर पूर्व उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज कर रही हैं, और सत्ताधारी सोशलिस्ट पार्टी तथा विपक्ष के बीच लोकतांत्रिक बदलाव को लेकर शुरुआती बातचीत चल रही है.

वेनेजुएला लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और वहां की 80% से ज़्यादा आबादी गरीबी में जी रही है. देश में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं क्योंकि नागरिक बेहतर आर्थिक हालात और पूरी तरह से लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली की मांग कर रहे हैं

Venezuela Earthquake Live: नोबेल पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो ने प्रार्थना की

2025 के लिए शांति का नोबेल पुरस्कार जीतने वाली वेनेजुएला की नेता मारिया कोरिना मचाडो ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मुश्किल की इस घड़ी में मेरा दिल, मेरा प्यार भरा साथ और मेरी प्रार्थनाएं वेनेजुएला के हर घर के साथ हैं. इस कठिन समय में हममें हिम्मत, शांति और एकजुटता बनी रहे। भगवान हर वेनेजुएला वासी, हमारे परिवारों और हमारे घरों की रक्षा करें. आज हम पहले से कहीं ज्यादा एकजुट हैं."

Japan Earthquake Live: जापान के तट के पास 7.2 तीव्रता का भूकंप, बड़े नुकसान की खबर नहीं

गुरुवार सुबह उत्तरी जापान के तट के पास 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. भूकंप के झटकों से रसोई की अलमारियों से बर्तन गिर गए और सुरक्षा कैमरे जोर-जोर से हिलने लगे, लेकिन किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली. यह भूकंप होन्शू द्वीप के इवाते प्रांत के समुद्री इलाके में सुबह करीब 7:30 बजे आया था. इसके झटके सैकड़ों किलोमीटर दूर टोक्यो तक महसूस किए गए. राहत की बात यह रही कि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई. जापान मौसम एजेंसी (जेएमए) ने पहले भूकंप की तीव्रता 6.9 बताई थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 7.2 कर दिया. एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 44 किलोमीटर की गहराई में था.

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला में आया भूकंप इतना खतरनाक क्यों था, पीछे की साइंस समझिए

वेनेजुएला में आज आया पहले भूकंप (7.2 तीव्रता) का केंद्र जमीन से 22 किमी नीचे थी जबकि दूसरे भूकंप (7.5 तीव्रता) का केंद्र जमीन से केवल 10 किमी नीचे थे.    यह दोनों कम गहराई वाले भूंकप थे. कम गहराई वाले भूकंप आम तौर पर ज्यादा गहराई वाले भूकंपों की तुलना में ज्यादा खतरनाक होते हैं. ऐसा इसलिए है क्योंकि कम गहराई वाले भूकंपों से निकलने वाली भूकंपीय तरंगों को सतह तक पहुंचने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ती है, जिसके कारण जमीन ज्यादा जोर से हिलती है और इससे इमारतों को ज्यादा नुकसान और जान-माल का ज्यादा नुकसान हो सकता है.

बता दें कि भूकंप पृथ्वी की सतह से लेकर सतह के नीचे लगभग 700 किलोमीटर तक कहीं भी आ सकते हैं. USGS के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की 0 से 700 किलोमीटर की गहराई वाली इस रेंज को तीन जोन में बांटा गया है: उथले (कम गहराई वाले), मध्यम और गहरे.

  1. कम गहराई वाले भूकंप 0 से 70 किलोमीटर की गहराई पर आते हैं
  2. मध्यम गहराई वाले भूकंप 70 से 300 किलोमीटर की गहराई पर आते हैं
  3. गहरे भूकंप 300 से 700 किलोमीटर की गहराई पर आते हैं

USGS के अनुसार, आम तौर पर 70 किलोमीटर से ज्यादा गहराई वाले भूकंपों के लिए "डीप-फ़ोकस अर्थक्वेक" (गहरे केंद्र वाले भूकंप) शब्द का इस्तेमाल किया जाता है.

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला में 10 हजार से 1 लाख लोगों की मौत की आशंका- रिपोर्ट

वेनेजुएला में भूकंप की वजह से 10 हजार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार USGS ने कहा, "भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है और यह आपदा बड़े इलाके में फैली हो सकती है." शुरुआती अनुमान के मुताबिक, मरने वालों की संख्या 10 हजार से 1 लाख के बीच हो सकती है.  रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने तुरंत मरने वालों या घायलों की कुल संख्या नहीं बताई, लेकिन स्थानीय अधिकारियों और चश्मदीदों ने इमारतें गिरने, बचाव कार्यों और घायलों की बढ़ती संख्या की जानकारी दी.

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला में कहां था दोनों भूकंप का केंद्र

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहले भूकंप का केंद्र समुद्र तट के पास स्थित मोरोन शहर से 21 किलोमीटर पश्चिम में था. इसके एक मिनट के भीतर ही करीब 45 किलोमीटर दूर 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आ गया.

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला में देखते देखते ढह गई 22 मंजिला इमारत, एयरपोर्ट भी ढहा- देखिए वीडियो

वेनेजुएला के डिप्टी विल्मर अज़ुआजे के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गए वीडियो में साइमन बोलिवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कुछ हिस्से ढहते हुए दिखाई दिए. राष्ट्रपति की तरफ से बताया गया है कि नुकसान के बाद एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है.

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला में आपातकाल की घोषणा

वेनेजुएला में दो जबरदस्त भूकंप और उसके बाद 20 से ज्यादा झटकों (आफ़्टरशॉक्स) ने देश को हिलाकर रख दिया है. देश के मुख्य एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा है. और ऐसे में देश की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में इमरजेंसी का ऐलान कर दिया. उन्होंने ही इस बात की पुष्टि की कि राजधानी काराकास के पास स्थित माइक्वेटिया इंटरनेशनल एयरपोर्ट को इसके इंफ्रास्ट्रक्चर को "गंभीर नुकसान" पहुंचने के कारण बंद कर दिया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Venezuela Earthquake, Japan Earthquake, Earthquake Live
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com