विज्ञापन

अमेरिका के उपराष्ट्रपति के घर गूंजी किलकारी, भारतीय मूल की ऊषा वेंस ने बेटे को जन्म दिया

जेडी और ऊषा वेंस के बेटे का नाम एलेक नील वेंस रखा गया है. इसके पहले दोनों के 2 बेटे और एक बेटी है.

अमेरिका के उपराष्ट्रपति के घर गूंजी किलकारी, भारतीय मूल की ऊषा वेंस ने बेटे को जन्म दिया
अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी-ऊषा वेंस के घर बेटे का जन्म (फोटो- एएफपी)

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी भारतीय मूल की पत्नी ऊषा वेंस के घर फिर किलकारियां गूंजी हैं, दोनों का चौथा बच्चा हुआ है. दोनों को एक बेटा हुआ है. इसके साथ ही जेडी वेंस पिछले 156 साल में ऐसे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति बन गए हैं, जिनके कार्यकाल के दौरान उनके घर बच्चे का जन्म हुआ है. कपल ने अपने बेटे का नाम एलेक नील वेंस रखा है. इस बेटे का जन्म स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह मैरीलैंड के बेथेस्डा स्थित वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुआ.

जेडी वेंस और ऊषा वेंस ने संयुक्त बयान में कहा, "हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज सुबह हमारे बेटे एलेक नील वेंस का जन्म हुआ है. ऊषा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं. हमारे बाकी बच्चे भी अपने छोटे भाई से मिलकर बहुत खुश हैं." यह बयान अमेरिका के उपराष्ट्रपति की आधिकारिक मुहर के साथ जारी किया गया था और उस पर जेडी वेंस और ऊषा वेंस, दोनों के सिग्नेचर थे.

जेडी वैंस और ऊषा वेंस के परिवार से मिलिए

एलेक, जेडी और ऊषा वेंस का चौथा बच्चा और तीसरा बेटा है. इससे पहले उनके दो बेटे इवान (9 साल) और विवेक (6 साल), और एक बेटी मिराबेल (4 साल) है. दोनों ने हमेशा अपने बच्चों को लोगों की नजरों से दूर रखा है. हालांकि जब दोनों भारत आए थे तो तीनों बच्चों को लेकर आए थे और साथ में आगरा के ताजमहल भी घुमे थे.

उनके पिछले बच्चे का जन्म दिसंबर 2021 में हुआ था. उस समय जेडी वेंस ओहायो से अमेरिकी सीनेट का चुनाव लड़ रहे थे. इसी साल जनवरी में इस कपल ने बताया था कि वे एक और बेटे की उम्मीद कर रहे हैं. यह जन्म अमेरिकी राजनीति के इतिहास में भी एक दुर्लभ घटना है. इससे पहले कार्यकाल के दौरान पिता बनने वाले आखिरी अमेरिकी उपराष्ट्रपति स्कायलर कोलफैक्स थे. उनके बेटे स्कायलर कोलफैक्स तृतीय का जन्म 1870 में हुआ था.

स्कायलर कोलफैक्स से पहले उपराष्ट्रपति जॉन सी. कैलहून के घर 1829 में बेटे विलियम का जन्म हुआ था.

अमेरिका के रिकॉर्ड तोड़ उपराष्ट्रपति हैं जेडी वेंस

41 वर्षीय जेडी वेंस अमेरिका के इतिहास में शपथ लेने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के उपराष्ट्रपति हैं. रिपब्लिकन नेता जेडी वेंस, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक बनकर उभरे हैं. ऊषा वेंस ने पहले सार्वजनिक रूप से इस बात पर भी बात की थी कि क्या उनका परिवार आगे और बड़ा हो सकता है. पिछले साल एक इंटरव्यू में जब उनसे यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि कभी भी 'कभी नहीं' मत कहिए.

ऊषा वेंसा का भारत कनेक्शन

ऊषा बाला चिलुकुरी के नाम से जन्मीं ऊषा वेंस भारतीय प्रवासियों की बेटी हैं और उनका पालन-पोषण अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुआ. उनके परिवार की जड़ें आंध्र प्रदेश से जुड़ी हैं. इसलिए एलेक नील वेंस के जन्म को भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों के लिए भी खास माना जा रहा है. ऊषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी. दोनों ने 2014 में शादी की.

यह भी पढ़ें: ‘मेरे साथ भारत के 140 करोड़ लोग हैं'… जेडी वेंस ने मारा ताना तो नेतन्याहू ने दिया जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US News, JD Vance, Usha Vance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com