- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैंप डेविड की अपनी वीकेंड यात्रा अचानक बीच में ही समाप्त कर दी है
- अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में मौजूद सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है
- ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका ईरान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने के विकल्पों पर विचार कर रहा है
अमेरिका और ईरान के बीच कुछ हफ्तों से थमी जंग एक बार फिर खूनी रूप लेने को तैयार है? मिडिल ईस्ट की तमाम सरकारें हिंसा बढ़ने की आशंका को देखते हुए तैयारी कर रही हैं. ईरान ने दावा किया है कि उसे खुफिया जानकारी मिली है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ फिर से बमबारी करने की तैयारी कर रहा है. ईरान की यह आशंका बेवजह नहीं है. कई ऐसे संकेत मिले हैं जो दिखाते हैं कि अमेरिका एक बार फिर बड़ी तैयारी में लगा है.
बड़ी तैयारी में अमेरिका?
इस हफ्ते न्यूयॉर्क में होने वाली UN जनरल असेंबली से पहले बढ़ते तनाव के संकेत मिले हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुपर एक्टिव हो गए हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कैंप डेविड प्रेसिडेंशियल रिट्रीट की अपनी वीकेंड यात्रा बीच में ही खत्म कर दी. इसके लिए कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई. साथ ही अमेरिका के गृह मंत्रालय (स्टेट डिपार्टमेंट) ने मिडिल ईस्ट में मौजूद सभी अमेरिकी नागरिकों के लिए एक नया सिक्योरिटी अलर्ट भी जारी किया.
डोनाल्ड ट्रंप साफ तौर पर कह रहे हैं कि अमेरिका ने अपने सभी विकल्प खुले रखे हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के एक रिपोर्टर से कहा कि बहुत जल्द ही बहुत बड़ी चीजें होने वाली हैं. उन्होंने बताया कि जिन विकल्पों पर वे विचार कर रहे हैं, उनमें "ईरान को पूरी तरह खत्म करना, उन्हें आर्थिक रूप से बर्बाद होने देना या कोई समझौता करना" शामिल है.
यह भी पढ़ें: चप्पल-पयजामा पहनने वाले हूती विद्रोहियों को कहां से मिलती है ताकत?
ईरान से सऊदी तक, अमेरिका की नई ट्रैवल चेतावनी
अमेरिका ने ईरान के लिए एक नई ट्रैवल वॉर्निंग जारी की है. इसमें अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे किसी भी वजह से ईरान न जाएं. साथ ही, जो लोग पहले से वहां मौजूद हैं, उनसे कहा गया है कि वे तुरंत वहां से निकल जाएं, क्योंकि तनाव बढ़ रहा है और वेस्ट एशिया में हालात और बिगड़ने की आशंका है.
ईरान में अमेरिका की वर्चुअल एम्बेसी ने एक सिक्योरिटी अलर्ट में कहा कि इलाके में सुरक्षा के हालात जटिल बने हुए हैं. साथ ही, फ्लाइट रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और यात्रा में दूसरी रुकावटों की चेतावनी भी दी.
अलर्ट में कहा गया कि किसी भी वजह से ईरान न जाएं. अमेरिकी नागरिकों को अभी ईरान छोड़ देना चाहिए. इसके अलावा अमेरिकी मिशन ने इलाके में मौजूद अमेरिकियों से कहा कि वे ज्यादा सतर्क रहें और एयरपोर्ट, एयरलाइन और बॉर्डर क्रॉसिंग पर होने वाली गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखें.
यह नई वॉर्निंग सऊदी अरब में अमेरिकियों और अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों के लिए जारी एक अलग सिक्योरिटी अलर्ट के बाद आई है. सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने हाल ही में सरकारी कर्मचारियों के लिए ताइफ और यानबू की आधिकारिक और प्राइवेट यात्रा के लिए विशेष मंजूरी लेना जरूरी कर दिया था. यह कदम हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंताओं के कारण उठाया गया था. अमेरिका हूती विद्रोहियों को ईरान समर्थक प्रॉक्सी गुट मानता है.
यानी कुल मिलाकर 5 संकेत
- ट्रंप का कैंप डेविड का वीकेंड दौरा बीच में खत्म करना
- अमेरिका का मिडिल ईस्ट में नया सिक्योरिटी अलर्ट जारी करना
- ट्रंप का कहना कि “बहुत जल्द बहुत बड़ी चीजें होने वाली हैं”
- ईरान के लिए नई ट्रैवल वॉर्निंग
- सऊदी अरब में अमेरिकी कर्मचारियों के लिए सुरक्षा पाबंदियां बढ़ाना
यह भी पढ़ें: अमेरिका गहरे संकट में, कोरोना से भी ज्यादा खराब अभी का समय मान रहे अमेरिकी बिजनेसमैन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं