विज्ञापन

जंग के बीच अमेरिका के न्यूक्लियर चीफ को पेंटागन से जबरदस्ती निकाला और काम से हटाया? अमेरिकी पत्रकार का दावा

Andrew Hugg: अमेरिकी पत्रकार जेम्स ओ'कीफ का दावा- अमेरिकी परमाणु वैज्ञानिक एंड्रयू हग्ग को कथित तौर पर पेंटागन से बाहर निकाल दिया गया है क्योंकि एक वीडियो में उन्हें एक अजनबी के साथ संवेदनशील जानकारी शेयर करते हुए कैद किया गया था.

जंग के बीच अमेरिका के न्यूक्लियर चीफ को पेंटागन से जबरदस्ती निकाला और काम से हटाया? अमेरिकी पत्रकार का दावा
अमेरिका के न्यूक्लियर चीफ को काम से हटाया गया- अमेरिकी पत्रकार का दावा
स्क्रीनशॉट
  • अमेरिका के परमाणु चीफ को संवेदनशील जानकारी अजनबी के साथ शेयर करने के लिए पेंटागन से निकाला गया- दावा
  • अमेरिकी पत्रकार ने कथित वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर लिखा- हग्ग को छुट्टी पर भेजकर उनकी जांच शुरू कर दी गई है
  • कथित वीडियो में हग्ग अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और न्यूक्लियर हथियारों से जुड़ी गोपनीय बातें बताते सुने गए

अमेरिका से एक बड़ी खबर सामने आई है. अमेरिका के परमाणु वैज्ञानिक एंड्रयू हग्ग को कथित तौर पर पेंटागन से बाहर जबरदस्ती निकाल दिया गया है. उनपर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर एक अजनबी के साथ संवेदनशील जानकारी शेयर की है और इसका वीडियो सामने आ गया है. यह दावा अमेरिकी पत्रकार जेम्स ओ'कीफ ने किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "अमेरिका के न्यूक्लियर चीफ एंड्रयू हग्ग को लगभग 1 घंटे पहले ही पेंटागन से बाहर निकाला गया था. हग्ग को छुट्टी पर भेज दिया गया है और उसकी जांच चल रही है."

पत्रकार ने जिस पोस्ट में वीडियो डाला है, उसमें बताया है कि इस परमाणु वैज्ञानिक पर क्या आरोप हैं. इसमें लिखा है, "अमेरिका के टॉप न्यूक्लियर अधिकारी एंड्रयू हग्ग गुप्त कैमरे में एक अजनबी को देश की बहुत संवेदनशील राष्ट्रीय सुरक्षा जानकारी बताते हुए पकड़े गए. इसमें वे कहते सुने गए, “अगर वह (मुजतबा खामेनेई) अपने तरीके नहीं बदलता, तो हां, अमेरिका उसे मार देगा.” उन्होंने यह भी कहा कि जानकारी निकालने का सबसे आसान तरीका है किसी सुंदर लड़की को भेजना और आदमी से बात करवाना, और मजाक में बोले कि “मुझे तुम्हारी आंखों से बचना पड़ रहा है… तुम्हारी आंखों ने मुझे इतना मोहित कर दिया है, जैसे तुम खुद इंटेलिजेंस हो.”

पोस्ट में आगे लिखा है, "एंड्रयू हग्ग केमिकल और न्यूक्लियर सुरक्षा के प्रमुख हैं. वे एक पब्लिक रेस्टोरेंट में छिपे कैमरे में अमेरिका की न्यूक्लियर जानकारी और सुरक्षा से जुड़ी बातें बताते हुए पकड़े गए. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास अभी भी नर्व एजेंट हैं और एक अमेरिकी आर्मी के केमिस्ट की हाल ही में इनके संपर्क में आने से मौत हो गई. उन्होंने यह भी माना कि अमेरिका के हवाई हमलों में ईरान में बच्चों की मौत हुई, जिसे उन्होंने “कोलेटरल डैमेज” कहा, और पत्रकार को यह भी बताया कि न्यूक्लियर हमला करने के फैसले रियल टाइम में कैसे लिए जाते हैं."

पोस्ट में आगे लिखा है, "हग्ग ने बताया कि अगर ईरान के नए नेता (सुप्रीम लीडर) अपने तरीके नहीं बदलते, तो अमेरिका उन्हें मार सकता है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अमेरिका किसी पर न्यूक्लियर हथियार इस्तेमाल करने की योजना नहीं बना रहा: “हम किसी पर न्यूक नहीं करेंगे. यह सारी जानकारी उन्होंने एक अंडरकवर पत्रकार को रेस्टोरेंट में सामान्य तरीके से बता दी, जिससे उनकी समझ, सुरक्षा और बंद कमरों के पीछे क्या चल रहा है, इस पर गंभीर सवाल उठते हैं."

नोट- एनडीटीवी इंडिया अपनी तरफ से इस कथित वीडियो और अमेरिकी पत्रकार जेम्स ओ'कीफ के दावों की पुष्टि नहीं करता है.

यह भी पढ़ें: ईरान ने अपनी शर्तों पर ट्रंप को सीजफायर बढ़ाने के लिए किया मजबूर- इसके 5 सबूत हैं

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com