अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार क्रिस पैपास ने मंगलवार को हुए मिडटर्म चुनाव में अमेरिकी सीनेट की सीट जीत ली है. इसके साथ ही वह अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में पहुंचने वाले पहले ऐसे पुरुष होंगे, जिन्होंने खुले तौर पर खुद को गे यानी समलैंगिक बताया है. इसी तरह कीशा लांस बॉटम्स के रूप में अमेरिका को अपने इतिहास में पहली अश्वेत महिला गवर्नर भी मिलने जा रही है. यहां हम बताते हैं कि अबतक अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में कौन से 6 उम्मीदवारों ने रिकॉर्ड बनाया है.
नोट- अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में नीला लहर आता दिख रहा है. डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को झटका देते हुए विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी दोनों सदनों में आगे चल रही है, कंट्रोल लेती दिख रही है. अमेरिका में सभी 435 हाउस सीटों और 100 में से 35 सीनेट सीटों पर चुनाव हुए हैं. साथ ही 36 राज्यों में गवर्नर के चुनाव भी हैं.
अबतक 6 उम्मदीवारों ने बनाया रिकॉर्ड
- कीशा लांस बॉटम्स जॉर्जिया की पहली अश्वेत गवर्नर, जॉर्जिया की पहली महिला गवर्नर और अमेरिकी इतिहास में पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनने जा रही हैं. बाइडेन सरकार में काम कर चुकीं बॉटम्स ने ट्रंप के समर्थन वाले रिक जैक्सन को हराया है.
- न्यू हैम्पशायर की सीनेट दौड़ में जीत के साथ, क्रिस पैपास के अमेरिकी इतिहास में पहले खुले तौर पर समलैंगिक (गे) पुरुष सीनेटर बनने जा रहे हैं. उनकी इस जीत का मतलब है कि डेमोक्रेट्स एक महत्वपूर्ण सीट अपने पास बनाए रखने में कामयाब रहे हैं. रिपब्लिकन पार्टी इस राज्य को अपने पक्ष में करने के सबसे अच्छे मौकों में से एक मान रही थी. पैपास दक्षिण-पूर्वी न्यू हैम्पशायर से चार बार कांग्रेस सदस्य (कांग्रेसमैन) रह चुके हैं. 46 साल के पैपास 2018 से अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सदस्य हैं. वह कांग्रेस के इक्वैलिटी कॉकस के सह-अध्यक्ष भी हैं. पैपास ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि किसी के साथ सिर्फ इसलिए भेदभाव नहीं होना चाहिए क्योंकि वह कौन है या वह किससे प्यार करता है. उन्होंने आगे कहा, "मैं सभी अमेरिकियों की गरिमा और समानता के लिए लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हूं."
- बायरन डोनाल्ड्स के फ्लोरिडा के पहले अश्वेत गवर्नर बनने की संभावना है. उन्होंने टैक्स सुधारों, डेटा सेंटरों के नियमन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एजेंडे का समर्थन करते हुए चुनाव प्रचार किया. यह एक ऐसा राज्य है जो राज्य और संघीय, दोनों तरह के चुनावों में लगातार रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ बनता जा रहा है.
- मेलाट किरोस कोलोराडो की पहली अश्वेत महिला कांग्रेस सदस्य बनने जा रही हैं, उन्होंने राज्य के पहले कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट (संसदीय क्षेत्र) से जीत हासिल की है.
- एडम हमावी के न्यू जर्सी से पहले मुस्लिम कांग्रेस सदस्य बनने की संभावना है, उन्होंने 12वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीत दर्ज की है.
- क्लेयर वाल्डेज के न्यूयॉर्क से पहली मूल अमेरिकी (नेटिव अमेरिकन) महिला कांग्रेस सदस्य बनने की संभावना है. वह राज्य के 7वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीतेंगी.
नोट- अभी फाइनल नतीजे नहीं आए हैं लेकिन लीड इतनी बड़ी है कि उनकी जीत लगभग तय है. बस औपचारिकता बाकी है.
US Midterm Election Results: लाइव रिजल्ट यहां पढ़ें
यह भी पढ़ें | ट्रंप को भारतीय मूल के नेता ने मिडटर्म चुनाव में दिया झटका, कौन हैं सुहास सुब्रमण्यम जो फिर जाएंगे सांसद?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं