राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2 साल के कार्यकाल पर अमेरिकी लोगों का जनादेश आने लगा है. अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन के लिए आधे से अधिक राज्यों में वोटिंग खत्म हो गई है और डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी, रिपब्लिकन को शुरुआती नतीजों में झटका लगा है. विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स अमेरिकी संसद के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (लोकसभा की तरह) और संभवतः सीनेट (राज्यसभा की तरह) पर भी कब्जा करने की स्थिति में हैं, जिससे डोनाल्ड ट्रंप की पकड़ कमजोर हो सकती है. उनके कार्यकाल के बचे हुए समय में उनकी शक्तियां सीमित हो सकती हैं.
अमेरिका में सभी 435 हाउस सीटों और 100 में से 35 सीनेट सीटों पर चुनाव हुए हैं. साथ ही 36 राज्यों में गवर्नर के चुनाव भी हैं. डेमोक्रेट्स को दोनों सदनों में जीत के लिए हाउस में सिर्फ 3 अधिक सीटें और सीनेट में 4 सीटें ज्यादा चाहिए. ट्रंप पिछले साल महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में लौटे थे, लेकिन महंगाई, टैरिफ और उनके शुरू किए मिडिल ईस्ट की जंग की वजह से बढ़े फ्यूल के दामों ने अमेरिकियों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है. 80 साल के ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग करीब 30% के आसपास बनी हुई है, जिससे वे इतिहास के सबसे अलोकप्रिय राष्ट्रपतियों में से एक बन गए हैं.
अगर ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन 'हाउस' हार जाती हैं, तो डेमोक्रेट्स के पास ट्रंप के विधायी एजेंडे को रोकने और उनकी सरकार के खिलाफ व्यापक जांच शुरू करने की ताकत आ जाएगी. सीनेट में हार मिलने से, सुप्रीम कोर्ट के जजों और सीनियर अधिकारियों को नियुक्त करने की उनकी क्षमता पर भी खतरा पैदा हो सकता है.
LIVE Updates On US Midterm Election Results:
US Midterm Election Results Live Updates: अबतक के बड़े रिजल्ट- 5 सीनेट सीटों में से सिर्फ एक ट्रंप की पार्टी ने जीता
- जॉर्जिया में डेमोक्रेटिक पार्टी के जॉन ओसॉफ को सीनेट के लिए फिर से चुन लिया गया है; उन्होंने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी माइक कॉलिन्स को हराया है.
- नॉर्थ कैरोलिना के पूर्व गवर्नर और डेमोक्रेटिक पार्टी के रॉय कूपर को अमेरिकी सीनेट में राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है. 10 वर्षों में यह पहली बार है जब वोटरों ने कांग्रेस के उच्च सदन में किसी डेमोक्रेट को भेजा है.
- चार बार के डेमोक्रेटिक कांग्रेसमैन क्रिस पैपास ने न्यू हैम्पशायर में अमेरिकी सीनेट की दौड़ जीत ली है. पूर्व सीनेटर जॉन सुनुनु के खिलाफ हुए कड़े मुकाबले में उन्होंने इस खाली सीट को रिपब्लिकन पार्टी के कब्जे में जाने से बचा लिया.
- डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क वार्नर ने वर्जीनिया में अमेरिकी सीनेट की दौड़ में फिर से जीत हासिल की है. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार बर्ट मिजुसावा की चुनौती को पीछे छोड़ दिया.
- फ्लोरिडा में अमेरिकी सीनेट की दौड़ में, रिपब्लिकन एशले मूडी ने प्रोग्रेसिव उम्मीदवार एंजी निक्सन के खिलाफ विशेष चुनाव जीत लिया है.
US Midterm Election Results Live Updates: व्हाइट हाउस में चल रहा ट्रंप का चुनावी रात वाला इवेंट, नतीजों पर उनकी नजर
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का चुनाव की रात वाला कार्यक्रम 'ईस्ट रूम' में चल रहा है. वे चुनावी रिजल्ट देखने के लिए अपने कैबिनेट अधिकारियों और राजनीतिक सलाहकारों के साथ मौजूद हैं. 'ट्रुथ सोशल' पर की गई उनकी पोस्ट से पता चलता है कि उनका मूड खराब है. वे चुनाव को लेकर 'फॉक्स न्यूज' की कवरेज की शिकायत कर रहे हैं.
जैसे-जैसे मतदान खत्म हो रहा है और रिपब्लिकन खेमे का उत्साह कम होता जा रहा है, व्हाइट हाउस के अधिकारियों का कहना है कि ट्रंप चुनाव प्रक्रिया में कोई दखल नहीं देंगे यानी वे न तो मार्शल लॉ लागू करेंगे और न ही अधिकारियों को चुनाव परिणाम प्रमाणित करने से रोकेंगे. ट्रंप के कई समर्थकों और चुनाव नतीजों को न मानने वालों ने सार्वजनिक रूप से मांग की थी कि ट्रंप चुनावों के दौरान मार्शल लॉ लागू करें.
'ईस्ट रूम' में मौजूद ट्रंप के कुछ करीबी लोग सोच रहे हैं कि आज की रात कितनी तकलीफदेह हो सकती है. यह अभी साफ नहीं है कि ट्रंप इस कार्यक्रम में कितनी देर तक रुकने वाले हैं.
US Midterm Election Results Live Updates: जॉर्जिया में सीनेटर जॉन ओसॉफ फिर से चुने गए
जॉर्जिया के सीनेटर जॉन ओसॉफ को दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुन लिया गया है. उन्होंने रिपब्लिकन माइक कॉलिन्स को हराया. 39 साल के यहूदी सीनेटर ओसॉफ, चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में रिपब्लिकन पार्टी के मुख्य निशाने पर थे. वह उस राज्य से फिर से चुनाव लड़ने वाले इकलौते डेमोक्रेटिक सीनेटर थे, जहां 2024 में ट्रंप को जीत मिली थी. लेकिन शुरुआत से ही, उन्होंने खुद को ट्रंप के एक कड़े आलोचक के रूप में प्रमोट किया. उन्होंने "एक विफल राष्ट्रपति" की तीखी आलोचना की, जो पूरे देश में मतदाताओं के सोशल मीडिया फीड पर छाई रही.
ओसॉफ पहली बार 2020 में चुने गए थे. उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटर डेविड परड्यू को एक रन-ऑफ चुनाव में हराया था.
US Midterm Election Results Live Updates: डेमोक्रेट रॉय कूपर ने नॉर्थ कैरोलिना की खाली सीनेट सीट जीती
नॉर्थ कैरोलिना के पूर्व डेमोक्रेटिक गवर्नर रॉय कूपर ने राज्य की खाली सीनेट सीट जीत ली है. कूपर ने रिपब्लिकन नेशनल कमिटी के पूर्व अध्यक्ष माइकल व्हैटली को हराया, जिन्हें डोनाल्ड ट्रम्प का समर्थन प्राप्त था. रिपब्लिकन थॉम टिलिस के दोबारा चुनाव न लड़ने की घोषणा के बाद, डेमोक्रेट्स के लिए सीनेट पर नियंत्रण पाने की कोशिश में यह राज्य एक अहम जीत साबित हुआ.
US Midterm Election Results Live Updates: फ्लोरिडा में रिपब्लिकन पार्टी ने नक्शा बदलकर जिन तीन इलाकों को टारगेट किया था, वहां डेमोक्रेट्स की जीत का अनुमान
CNN के मुताबिक फ्लोरिडा की 25वीं, 22वीं और 14वीं सीटों पर डेमोक्रेट्स जीतेंगे. इन तीनों सीटों का नक्शा इस साल रिपब्लिकन ने अपने फायदे के लिए बड़ी चालाकी से बदला था. 25वीं सीट पर डेमोक्रेट सांसद जेरेड मोस्कोविट्ज़, रिपब्लिकन स्कॉट सिंगर को हराएंगे, जो बोका रेटन के पूर्व मेयर हैं. 22वीं सीट पर डेमोक्रेट पिया डांडिया जीतेंगी और 14वीं सीट पर डेमोक्रेट सांसद कैथी कास्टर 11वीं बार जीतेंगी. फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस और रिपब्लिकन नेताओं ने राज्य का चुनावी नक्शा बदलकर उसे रिपब्लिकन के लिए आसान बनाने की कोशिश की थी, लेकिन चुनाव के आखिरी घंटों तक आते-आते उनकी कई कोशिशें बेकार साबित हुईं.
US Midterm Election Results Live Updates: डेमोक्रेटिक पार्टी के क्रिस पैपास ने न्यू हैम्पशायर में अमेरिकी सीनेट की दौड़ जीती
डेमोक्रेटिक कांग्रेस सदस्य क्रिस पैपास ने न्यू हैम्पशायर में अमेरिकी सीनेट की दौड़ जीत ली है. संसद के उच्च सदन (सीनेट) पर फिर से नियंत्रण पाने की कोशिश में, डेमोक्रेट्स के लिए इस सीट को अपने पास बनाए रखना जरूरी था. पैपास ने रिपब्लिकन जॉन सुनुनु को हराया, जो पूर्व सीनेटर और राज्य के पूर्व गवर्नर के बेटे हैं.
US Midterm Election Results Live Updates: जॉर्जिया के 6वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेट्स ने हाउस की सीट फिर से जीती
जॉर्जिया के 6वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेट लूसी मैकबाथ ने अमेरिकी हाउस के लिए फिर से जीत हासिल की है.
US Midterm Elections 2026 Results Live: अबतक के नतीजों में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को झटका
- डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार मॉर्गन मैकगार्वी केंटकी के तीसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी हाउस के लिए फिर से चुने गए हैं.
- वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा उम्मीदवार मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन पार्टी के बर्ट मिजुसावा को हराकर अमेरिकी सीनेट के लिए जीत हासिल की.
- डेमोक्रेट ओलिवर गिलबर्ट ने फ्लोरिडा के 24वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में अमेरिकी हाउस का चुनाव जीता.
- रिपब्लिकन जिम श्वार्टज़ेल ने फ्लोरिडा के 19वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी हाउस का चुनाव जीता.
- डेमोक्रेट जैस्मिन क्लार्क ने जॉर्जिया के 13वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में अमेरिकी हाउस का चुनाव जीता.
- डेमोक्रेट डेबी वासरमैन शुल्त्स ने फ्लोरिडा के 20वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीता, जिसमें उन्होंने रिपब्लिकन ब्रेंट एंडरसन को हराया.
- डेमोक्रेट निकेमा विलियम्स ने जॉर्जिया के 5वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी हाउस के लिए फिर से चुनाव जीत लिया है.