विज्ञापन

'कमल का फूल ही होगा सीएम चेहरा', UP चुनाव पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 में होने वाले यूपी के विधानसभा चुनाव पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सीएम फेस पर पूछे गए सवाल पर कहा कि कमल का फूल सीएम चेहरा होगा.

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य.
NDTV
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में सियासी हलचल तेज है. सभी दलें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हैं.
  • इस बीच केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कोई व्यक्ति नहीं बल्कि कमल का फूल होगा.
  • डिप्टी सीएम ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच खिचड़ी पक नहीं पा रही है.
जालौन:

यूपी में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होना है. जिसके लिए प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ राजनीतिक हलचल भी तेज है. सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है. दूसरी ओर सत्तारूढ़ बीजेपी भी सहयोगी दलों के साथ तालमेल बनाते हुए चुनावी तैयारियों में जुटी है. इस बीच मंगलवार को जालौन पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बड़ा बयान दिया है. यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के सीएम फेस से जुड़े सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में कमल का फूल सीएम का चेहरा होगा. 

सीएम का चेहरा कोई व्यक्ति नहीं कमल का फूल होगाः केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट अंदाज में कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि कमल का फूल होगा. वहीं पंजाब में अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि अकाली दल के साथ मिलकर पंजाब में भी भाजपा सरकार बनाएगी.

उरई में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

दरअसल जालौन के उरई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर डिप्टी सीएम ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की. इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. 

सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर कहा- खिचड़ी पक नहीं पा रही

उन्होंने दावा किया 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच खिचड़ी नहीं पक पा रही है. 

डबल इंजन की सरकार ने यूपी की दशा-दिशा बदल दीः डिप्टी सीएम

उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में चार बार सपा की सरकार रही, लेकिन उस दौरान दंगों और गुंडों की बाढ़ आ गई थी. प्रदेश की कानून-व्यवस्था बदहाल थी और आम जनता परेशान थी. उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की दशा और दिशा बदलने का काम किया है. 

वहीं बुंदेलखंड की राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा जालौन जिले की तीनों विधानसभा सीटों सहित पूरे बुंदेलखंड की 19 सीटों पर जीत हासिल करेगी. 

यह भी पढ़ें - 'सपा-कांग्रेस गठबंधन वह खिचड़ी है, जिसमें हमेशा कंकड़ ही निकलेंगे', डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का तंज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Assembly Elections 2027, UP Elections 2027, Keshav Prasad Maurya, UP Cm Yogi Adityanath, CM Face
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com