विज्ञापन

लाल सागर तक पहुंची जंग, हूती ने 2 टैंकर पर दागी मिसाइल, ईरान पर 12वीं रात अमेरिका का हमला

US Iran War Updates: अमेरिका ने सऊदी अरब के साथ नागरिक परमाणु सहयोग समझौता पूरा कर लिया है. यह फैसला ईरान को और नाराज कर सकता है.

लाल सागर तक पहुंची जंग, हूती ने 2 टैंकर पर दागी मिसाइल, ईरान पर 12वीं रात अमेरिका का हमला
US Iran War: होर्मुज के बाद लाल सागर का रास्ता भी बंद, हूती ने की नाकेबंदी (फोटो- NDTV)
  • US सेंट्रल कमांड ने बुधवार को घोषणा की कि अमेरिका ने लगातार 12वीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं
  • हूती विद्रोहियों ने नाकेबंदी की घोषणा के बाद बुधवार को सऊदी अरब के पास लाल सागर में दो टैंकर पर हमला किया
  • अमेरिका ने सऊदी अरब के साथ नागरिक परमाणु सहयोग समझौता पूरा कर लिया है, खाड़ी देश यूरेनियम एनरिच कर सकता है

जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं, मिडिल ईस्ट की जंग और उग्र होती जा रही है. अमेरिकी सेना ने लगातार 12वीं रात ईरान पर हमला किया है. अमेरिकी सेना का कहना है कि इन हमलों का मकसद ईरान की सैन्य ताकतों को कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल होर्मुज से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों पर हमले करने के लिए किया जाता है. वैसे अमेरिका होर्मुज पर कंट्रोल करने का सपना देख रहा है और उधर लाल सागर में ईरान के यमन सहयोगी हूती ने नाकेबंदी कर दी है, सऊदी अरब के तट के पास दो तेल टैंकर पर मिसाइल और ड्रोन से हमला कर दिया है. इस बीच अमेरिका ने सऊदी अरब के साथ एक ऐसी डील कर ली है जो जंग के बीच ईरान को और नाराज कर सकता है. चलिए आपको एक एक कर सब बताते हैं.

अमेरिका का लगातार 12वीं रात ईरान पर हमला

US सेंट्रल कमांड ने बुधवार को घोषणा की कि अमेरिका ने लगातार 12वीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं. ईरान के सरकारी मीडिया ने गुरुवार तड़के (स्थानीय समयानुसार) खबर दी कि देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित रामशिर और अहवाज शहरों पर "अमेरिका के आतंकवादी दुश्मन ने मिसाइल से हमला" किया है, जबकि ईरान के खाड़ी तट पर स्थित बुशहर प्रांत के अधिकारियों ने वहां अमेरिकी मिसाइल से हमले की जानकारी दी.

द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के 'स्टूडेंट्स न्यूज नेटवर्क' ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया है कि दक्षिण-पश्चिमी ईरान में शालमचेह बॉर्डर क्रॉसिंग पर अमेरिकी हमले में दो लोगों की मौत हो गई है.

लाल सागर में सऊदी के टैंकर पर हूती का हमला

ब्रिटिश की नेवल सिक्योरिटी मॉनिटर UKMTO ने एक बयान में कहा कि यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा समुद्री नाकेबंदी की घोषणा के बाद, बुधवार को सऊदी अरब के पास लाल सागर में एक टैंकर पर किसी चीज से हमला हुआ. हूती ने इस हमले के साथ-साथ लाल सागर में ही एक दूसरे टैंकर पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी ली. UKMTO ने बताया कि पहले टैंकर को संभाल रहे नाविकों ने कहा कि "उस पर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ, जिससे जहाज पर आग लग गई और क्रू अभी उस आग को बुझाने की कोशिश कर रहा है." यह घटना अल-शुकैक से 70 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में हुई है.

ईरान के समर्थक हूती विद्रोहियों ने बुधवार को शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी कि अगर वे सऊदी अरब के बंदरगाहों का इस्तेमाल करती हैं, तो उनके टैंकरों पर हमले का खतरा हो सकता है. इस विद्रोही गुट ने एक दिन पहले ही नाकेबंदी लागू करने की घोषणा की थी. दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर हूती सऊदी बंदरगाहों की घेराबंदी की अपनी धमकी पर अमल करते हैं, तो वे उनसे "निपट लेंगे".

अमेरिका सऊदी में हो गई न्यूक्लियर डील

अमेरिका ने कहा है कि उसने सऊदी अरब के साथ नागरिक परमाणु सहयोग समझौता किया है. यह एक ऐतिहासिक समझौता है जिससे सऊदी में नागरिक परमाणु कार्यक्रम शुरू होगा. यानी इस समझौते के तहत नागरिक इस्तेमाल के लिए सऊदी अरब में यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंच) सुविधा बनाने की अनुमति मिल गई है. अमेरिका का कहना है कि इसमें परमाणु प्रसार को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय भी शामिल हैं, ताकि परमाणु बम न बनाया जा सके.

अमेरिकी ऊर्जा विभाग ने एक बयान में कहा, "ये दोनों समझौते मिलकर दशकों तक चलने वाली और अरबों डॉलर की उस साझेदारी की कानूनी नींव रखते हैं, जो परमाणु प्रसार को रोकने समेत कई अहम आर्थिक और रणनीतिक लक्ष्यों को आगे बढ़ाती है."

यहां ध्यान देने वाली बात है कि यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ईरान के साथ जंग लड़ रहा है. इस संघर्ष की शुरुआत मुख्य रूप से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंताओं के कारण हुई थी और यह मुद्दा शांति वार्ता के दौरान भी विवाद का एक मुख्य बिंदु बना हुआ था. अभी शांति वार्ता रुकी हुई है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका और सऊदी अरब के बीच परमाणु समझौते का फैसला डरा क्यों रहा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War Updates, US Iran War, Houthis Red Sea
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com