विज्ञापन

हूती के हमले से लाल सागर दहला, तो होर्मुज में US सेना ने दागीं हेलफायर मिसाइलें- तेल के रास्तों पर जंग जारी है

हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब में एक जहाज पर हमला किया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई. वहीं, अमेरिकी सेना ने एक जहाज पर मिसाइलें दागीं, जिसके बारे में उनका कहना था कि वह ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहा था.

हूती के हमले से लाल सागर दहला, तो होर्मुज में US सेना ने दागीं हेलफायर मिसाइलें- तेल के रास्तों पर जंग जारी है
US Iran War: अमेरिका और ईरान में तनाव फिर चरम पर है (फोटो- NDTV)

दुनिया के दो अहम समुद्री रास्ते, हॉर्मुज और बाब अल-मंदेब, जंग के बीच बंद पड़े हैं. इन रास्तों पर हमलों और तनाव ने समुद्री कारोबार को हिला दिया है. लाल सागर में हूती गुट ने एक छोटे मालवाहक जहाज पर मिसाइलों से दो बार हमला किया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई. वहीं, अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में ईरान की ओर जा रहे एक जहाज पर मिसाइल दाग दिया है, उसे बेकार कर दिया है. इन दोनों रास्तों से बड़ी मात्रा में तेल और सामान गुजरता है. इनके बंद होने से सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है और तेल की कीमतें भी चढ़ रही हैं.

लाल सागर में जहाज पर दो बार मिसाइल हमला, 6 की मौत

लाल सागर के बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज पर मिसाइलों से किए गए हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है, यमन की सरकार ने इस हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला एक तरह का “डबल-टैप” हमला था, यानी जहाज पर पहली बार हमला करने के बाद बचाव अभियान शुरू होने पर दोबारा हमला किया गया.

यमन सरकार के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, हूतियों ने ‘तिहामाह' नाम के छोटे मालवाहक जहाज पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. यह जहाज खाने-पीने का सामान ले जा रहा था. मिसाइल हमले के बाद जहाज में आग लग गई. इस आग में जहाज के चार क्रू सदस्यों की मौत हो गई. इनमें तीन पाकिस्तानी और एक इंडोनेशियाई नागरिक था. चार अन्य क्रू सदस्य और एक बचावकर्मी घायल हो गए.

यमन के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि बचाव और तलाश का काम शुरू होने के बाद हूतियों ने जहाज पर दूसरी बार हमला किया. मंत्रालय के मुताबिक, इसका मकसद जहाज पर मौजूद सभी लोगों और बचाव दल के सदस्यों की जान खतरे में डालना था. बाद में यमन के कोस्ट गार्ड ने बताया कि मरने वाले छह लोगों में से दो बचावकर्मी थे.

शुरुआत में इस जहाज के मालिक को लेकर भी भ्रम था. यमन के अधिकारियों और समुद्री खुफिया समूह मैरिस्क्स ने पहले बताया था कि हमला एक सऊदी अरब के मालिकाना हक वाले जहाज पर हुआ. लेकिन मरीनट्रैफिक से मिले आंकड़ों के मुताबिक, ‘तिहामाह' जहाज तंजानिया के झंडे के नीचे चल रहा है. इसके मालिकाना हक वाली कंपनियां मिस्र और यमन में रजिस्टर्ड हैं.

ईरान की ओर जा रहे जहाज को अमेरिका ने रोका

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच भी समुद्र में तनाव बना हुआ है. होर्मुज पूरी तरह बंद है. US सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान के एक बंदरगाह की ओर जा रहे पनामा के झंडे वाले कार्गो जहाज के इंजन रूम में दो हेलफायर मिसाइलें दागकर उसे बेकार कर दिया. 

CENTCOM की पोस्ट में कहा गया है कि M/V वेला नोवा नाम के इस जहाज ने ओमान की खाड़ी से गुजरने और ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश की. क्रू ने अमेरिकी सेना की बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद अमेरिकी नौसेना के MH-60 हेलीकॉप्टर ने मिसाइलें दागीं और जहाज के स्टीयरिंग गियर को बेकार कर दिया.

यह भी पढ़ें: ट्रंप की सटीक लोकेशन जानता था ईरान, कंधे पर मिसाइल लिए पहुंचा हमलावर! तुर्की में ऐसे बचे राष्ट्रपति

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran War Updates, Houthi Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com