- अमेरिकी राष्ट्रपति को सऊदी अरब से प्रोजेक्ट फ्रीडम अभियान में सहयोग न मिलने के कारण इसे रोकना पड़ा- रिपोर्ट
- सऊदी अरब ने अमेरिकी विमानों को अपने प्रिंस सुल्तान एयरबेस और हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी
- सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई
US Iran War Updates: क्या ईरान के साथ जंग के बीच खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिका के दोस्त भी उसका साथ छोड़ने लगे हैं? क्या यह देश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पल-पल बदलते मिजाज से परेशान हो गए हैं. एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है जो इसी ओर संकेत देती है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मजबूरी में अपने उस नौसैनिक अभियान (प्रोजेक्ट फ्रीडम) को रोकना पड़ा, जिसका मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को सुरक्षा देना था. NBC News की रिपोर्ट के मुताबिक यह फैसला इस वजह से लेना पड़ा क्योंकि सऊदी अरब ने मिशन में शामिल अमेरिकी विमानों को अपने प्रिंस सुल्तान एयरबेस के इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. साथ ही सऊदी अरब ने अपने हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने की भी इजाजत नहीं दी.
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से NBC News ने बताया कि रविवार को डोनाल्ड ट्रंप द्वारा “प्रोजेक्ट फ्रीडम” की घोषणा किए जाने से सऊदी अरब और दूसरे खाड़ी देश हैरान रह गए थे. रिपोर्ट में कहा गया कि डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बात भी की, लेकिन किसी समझौते तक नहीं पहुंच सके.
जब NBC News ने पूछा कि क्या इस अभियान की घोषणा से सऊदी नेता चौंक गए थे, तो एक सऊदी सूत्र ने कहा, “समस्या यह है कि हालात बहुत तेजी से बदल रहे हैं और सब कुछ रियल टाइम में हो रहा है.” उसी सूत्र ने आगे कहा कि सऊदी अरब अब भी पाकिस्तान की अगुवाई में चल रहे कूटनीतिक प्रयासों का “बहुत समर्थन” करता है, जिनका मकसद अमेरिका और ईरान के बीच समझौता करवाना है.
वहीं व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने NBC News को बताया कि “क्षेत्रीय सहयोगियों को इस अभियान की जानकारी पहले ही दे दी गई थी.” लेकिन रिपोर्ट में शामिल एक पश्चिम एशियाई राजनयिक ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सार्वजनिक घोषणा करने के बाद ही अमेरिका ने ओमान के साथ कॉर्डिनेट किया है. उस राजनयिक ने कहा, “अमेरिका ने पहले घोषणा की और उसके बाद हमारे साथ बातचीत की.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं