विज्ञापन

जिम जाते हैं या रोज करते हैं वॉक? हेल्थ इंश्योरेंस में मिल सकती है छूट, जानिए कैसे काम करता है वेलनेस रिवॉर्ड

Health Insurance: अगर आप रोज सुबह टहलने जाते हैं, जिम करते हैं या नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं, तो आपकी ये आदतें आपको आर्थिक फायदा भी पहुंचा सकती हैं. दरअसल, कुछ हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियां अपने ग्राहकों को फिट और स्वस्थ रहने के लिए वेलनेस रिवॉर्ड देती हैं. इन रिवॉर्ड के जरिए आप हेल्थ इंश्योरेंस के रिन्यूअल प्रीमियम में छूट पा सकते हैं. इतना ही नहीं, कुछ कंपनियां इन रिवॉर्ड का इस्तेमाल डॉक्टर की फीस, दवाइयों और हेल्थ चेकअप जैसे खर्चों के लिए करने की सुविधा भी देती हैं.

जिम जाते हैं या रोज करते हैं वॉक? हेल्थ इंश्योरेंस में मिल सकती है छूट, जानिए कैसे काम करता है वेलनेस रिवॉर्ड
आपकी फिटनेस भी दिला सकती है इंश्योरेंस में छूट
NDTV Graphics

रोजाना वॉक, जिम और एक्सरसाइज करने पर कुछ हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियां ग्राहकों को वेलनेस रिवॉर्ड देती हैं. इन पॉइंट का इस्तेमाल रिन्यूअल प्रीमियम में छूट पाने, डॉक्टर की फीस और हेल्थ चेकअप जैसे खर्चों के लिए किया जा सकता है. हालांकि, इसका फायदा उठाने के लिए पॉलिसी की शर्तें, रिवॉर्ड की समयसीमा और इस्तेमाल के नियम समझना जरूरी है. हालांकि, इसका फायदा हर पॉलिसी में नहीं मिलता. इसके लिए यह जानना जरूरी है कि आपकी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में वेलनेस प्रोग्राम शामिल है या नहीं और इसके तहत किन गतिविधियों पर रिवॉर्ड मिलते हैं.

हेल्थ इंश्योरेंस में कैसे मिलता है वेलनेस रिवॉर्ड?

हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियां ग्राहकों को हेल्दी लाइफ स्टाइल अपनाने के लिए अलग-अलग तरह के फायदे देती हैं. इसके तहत रोजाना पैदल चलने, जिम जाने, एक्सरसाइज करने, हेल्थ चेकअप कराने और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने पर पॉइंट मिल सकते हैं. कुछ इंश्योरेंस कंपनियां इन पॉइंट के आधार पर पॉलिसी रिन्यू कराने के समय प्रीमियम में छूट देती हैं. वहीं, कुछ कंपनियां वेलनेस वॉलेट की सुविधा देती हैं. कुछ पॉलिसी में इन जमा पॉइंट का इस्तेमाल डॉक्टर से सलाह लेने, दवाइयां खरीदने और हेल्थ चेकअप कराने के लिए भी किया जा सकता है. इसके अलावा डाइट कंसल्टेशन, फिटनेस सेशन और हेल्थ सर्विसेज पर छूट जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि हर कंपनी के वेलनेस प्रोग्राम के नियम अलग होते हैं.

कैसे शुरू करें वेलनेस रिवॉर्ड कमाना?

सबसे पहले अपनी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी की जांच करें कि उसमें वेलनेस प्रोग्राम की सुविधा है या नहीं. कुछ कंपनियां इसे पॉलिसी के साथ मुफ्त देती हैं, जबकि कुछ इसके लिए एक्सट्रा चार्ज लेती हैं. इसके बाद इंश्योरेंस कंपनी के मोबाइल ऐप पर रजिस्ट्रेशन करना पड़ सकता है. कई कंपनियां ग्राहकों को अपने स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड को ऐप से जोड़ने की सुविधा देती हैं. इससे रोजाना चलने के कदम और एक्सरसाइज का रिकॉर्ड रखा जाता है. यहां एक बात समझना जरूरी है. अगर आप रोजाना 10 हजार कदम चलते हैं, लेकिन आपने अपनी फिटनेस एक्टिविटी को इंश्योरेंस कंपनी के निर्धारित ऐप से कनेक्ट नहीं किया है, तो हो सकता है कि आपके कदमों की गिनती रिवॉर्ड के लिए न हो. कुछ कंपनियां वेलनेस पॉइंट देने से पहले हेल्थ असेसमेंट भी कराती हैं. इसके अलावा हेल्थ चेकअप की रिपोर्ट या दूसरी जरूरी जानकारी अपलोड करने पर भी पॉइंट मिल सकते हैं. इसलिए यह भी देखते रहें कि आपकी गतिविधियों के बदले मिलने वाले पॉइंट खाते में जुड़ रहे हैं या नहीं. 

रिन्यूअल के समय कब मिलते हैं इन पॉइंट का फायदा?

वेलनेस रिवॉर्ड से जुड़ा एक अहम नियम यह है कि हर पॉलिसी में रिन्यूअल के समय तक कमाए गए सभी पॉइंट का फायदा नहीं मिलता. कुछ इंश्योरेंस कंपनियां पॉलिसी रिन्यू होने से पहले ही रिवॉर्ड की गणना कर लेती हैं. उदाहरण के लिए, किसी पॉलिसी में रिन्यूअल की तारीख से 90 दिन पहले तक कमाए गए पॉइंट ही प्रीमियम में छूट के लिए गिने जा सकते हैं. इसके बाद कमाए गए पॉइंट अगले पॉलिसी वर्ष में जोड़े जा सकते हैं. इसके अलावा, इस्तेमाल नहीं किए गए पॉइंट को लेकर भी कंपनियों के नियम अलग-अलग होते हैं. कुछ कंपनियां इन्हें अगले साल के लिए आगे बढ़ाने की सुविधा देती हैं, जबकि कुछ में इनकी एक तय समयसीमा होती है. इसलिए रिवॉर्ड की गणना की तारीख और पॉइंट इस्तेमाल करने की आखिरी तारीख जरूर पता कर लें.

पॉलिसी रिन्यू कराने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

हेल्थ इंश्योरेंस रिन्यू कराने से पहले यह जांच लें कि आपके खाते में कितने वेलनेस पॉइंट जमा हैं और उनके आधार पर प्रीमियम में कितनी छूट मिल सकती है. कुछ कंपनियां छूट अपने आप लागू कर देती हैं, जबकि कुछ में ग्राहकों को खुद पॉइंट या वेलनेस वॉलेट का इस्तेमाल करना पड़ता है. पॉलिसी को समय पर रिन्यू कराना भी जरूरी है. पॉलिसी में ब्रेक आने पर आपके बचे हुए रिवॉर्ड खत्म हो सकते हैं. हालांकि, यह पूरी तरह संबंधित पॉलिसी के नियमों पर निर्भर करता है. 

सिर्फ रिवॉर्ड देखकर न खरीदें हेल्थ इंश्योरेंस

वेलनेस रिवॉर्ड स्वस्थ रहने के साथ कुछ पैसे बचाने का अच्छा तरीका हो सकते हैं. लेकिन सिर्फ इसलिए कोई हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी नहीं खरीदनी चाहिए कि उसमें ज्यादा छूट या रिवॉर्ड मिल रहे हैं. पॉलिसी खरीदने से पहले उसका कवरेज, किन बीमारियों और खर्चों को कवर नहीं किया जाता है और क्लेम से जुड़े नियम जरूर समझें. अगर वेलनेस प्रोग्राम के लिए अलग से पैसे देने पड़ रहे हैं, तो यह भी हिसाब लगाएं कि उससे मिलने वाला फायदा अतिरिक्त खर्च के मुकाबले कितना है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health Insurance, Health & Fitness
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com