विज्ञापन

क्यूबा पर कभी भी हमला कर सकता है अमेरिका

US Cuba Crisis News: क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर हत्या का मामला दर्ज करने से लेकर डोनाल्ड ट्रंप के आजादी वाले बयान तक, 5 सिग्नल बता रहे कि अमेरिकी सेना कभी भी इस कम्युनिस्ट देश पर हमला कर सकती है.

क्यूबा पर कभी भी हमला कर सकता है अमेरिका
UC Cuba Crisis: क्यूबा पर कभी भी हमला कर सकता है अमेरिका

US Cuba News Today: क्यूबा पर अमेरिका कभी भी बड़ा हमला कर सकता है या वहां सत्ता बदलने की कोशिश कर सकता है. यह संभावना पहले से कहीं मजबूत हो चुकी है क्योंकि अमेरिका ने क्यूबा के पूर्व नेता राउल कास्त्रो पर हत्या का केस दर्ज कर दिया है. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान, कैरेबियन सागर में अमेरिकी युद्धपोतों की एंट्री, जासूसी विमानों की उड़ान और ड्रोन निगरानी ने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. कई एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि ये सिर्फ सामान्य गतिविधियां नहीं हैं, बल्कि क्यूबा पर बढ़ते अमेरिकी दबाव के बड़े संकेत हो सकते हैं. वेनेजुएला वाली कहानी क्यूबा में भी दोहराई जा सकती है- चलिए इसके 5 सिग्नल बताते हैं.

1- राउल कास्त्रो पर हत्या का केस

अमेरिका ने बुधवार को क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर हत्या का मामला दर्ज किया. इसके बाद यह अटकलें तेज हो गईं कि ट्रंप प्रशासन क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार को गिराने की कोशिश कर सकता है. 94 साल के राउल कास्त्रो आज भी क्यूबा की राजनीति में प्रभाव रखते हैं. उन पर 1996 में दो नागरिक विमानों को गिराने का आरोप है. ये विमान कास्त्रो विरोधी पायलट उड़ा रहे थे. राउल कास्त्रो, क्यूबा की 1959 की कम्युनिस्ट क्रांति का नेतृत्व करने वाले दिवंगत नेता फिदेल कास्त्रो के छोटे भाई हैं.

2- ट्रंप का बयान- “हम क्यूबा को आजाद करा रहे हैं”

राउल कास्त्रो पर केस दर्ज होने के बाद ट्रंप ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिका “क्यूबा को आजाद करा रहा है” और क्यूबा के लोगों की मदद करेगा. पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को क्यूबा के बारे में काफी जानकारी और अनुभव है क्योंकि वहां CIA मौजूद है. उन्होंने यह भी कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो की जड़ें भी क्यूबा से जुड़ी हैं. अमेरिकी विदेश विभाग ने एक्स पर ट्रंप का बयान शेयर करते हुए लिखा, “हम क्यूबा के लोगों की मदद करेंगे. हम क्यूबा को आजाद करा रहे हैं.”

3- कैरेबियन सागर में पहुंचा अमेरिकी युद्धपोत USS Nimitz

अमेरिका का विशाल विमानवाहक युद्धपोत USS Nimitz और उसका स्ट्राइक ग्रुप कैरेबियन सागर में पहुंच गया है. द हिल की रिपोर्ट के मुताबिक यह तैनाती ऐसे समय हुई है जब ट्रंप लगातार क्यूबा के खिलाफ सख्त बयान दे रहे हैं. इस स्ट्राइक ग्रुप में USS Nimitz के साथ F/A-18E सुपर हॉर्नेट लड़ाकू विमान, EA-18G ग्रोलर विमान, C-2A ग्रेहाउंड विमान, USS Gridley और USNS Patuxent भी शामिल हैं. अमेरिका की साउदर्न कमांड यानी Southcom ने बुधवार को इसकी जानकारी दी.

4- क्यूबा के पास मंडरा रहे अमेरिकी जासूसी विमान

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार 11 मई से कम से कम पांच अमेरिकी नौसेना के P-8A Poseidon निगरानी विमान क्यूबा के आसपास कैरेबियन क्षेत्र में लगातार उड़ान भर रहे हैं. कुछ विमान क्यूबा से सिर्फ 80 किलोमीटर दूर तक पहुंच गए. इतनी करीबी निगरानी को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि ऐसे विमान आमतौर पर सैन्य गतिविधियों और समुद्री मूवमेंट पर नजर रखने के लिए इस्तेमाल होते हैं. BBC Verify ने अपनी तरफ से इसे वेरिफाई भी किया है.

5- आसमान में अमेरिकी ड्रोन की बढ़ी गतिविधि

Flightradar24 के मुताबिक अमेरिका के कम से कम तीन MQ-4C Triton निगरानी ड्रोन भी क्यूबा के आसपास उड़ते देखे गए हैं. अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के रिटायर्ड कर्नल और Center for Strategic and International Studies के सलाहकार मार्क कैंशियन ने BBC Verify से कहा कि इन निगरानी विमानों की उड़ान का पैटर्न दिखाता है कि अमेरिका दक्षिण और उत्तर दिशा से आने वाले जहाजों पर नजर रखना चाहता है. यानी क्यूबा के आसपास समुद्री गतिविधियों की बहुत बारीकी से निगरानी की जा रही है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप क्यूबा पर कब्जे के लिए तैयार! फिदेल कास्त्रो के भाई पर हत्या का केस दर्ज, 30 साल पहले गिराए थे प्लेन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Cuba Crisis, Donald Trump, US Cuba History
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com