विज्ञापन

बांग्लादेश का सरेंडर! 1% टैरिफ कम कराने के लिए ट्रंप के आगे टेके घुटने? चुनाव के पहले ट्रेड डील पर उठे सवाल

US- Bangladesh Trade Deal: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने बांग्लादेशी उत्पादों पर अमेरिका की टैरिफ को 20 प्रतिशत से घटाकर 19 प्रतिशत करने का फैसला किया है.

बांग्लादेश का सरेंडर! 1% टैरिफ कम कराने के लिए ट्रंप के आगे टेके घुटने? चुनाव के पहले ट्रेड डील पर उठे सवाल
US- Bangladesh Trade Deal: अमेरिका और बांग्लादेश में व्यापार समझौता हुआ
  • अमेरिका और बांग्लादेश ने एक नया व्यापार समझौता किया है जिसमें अमेरिका बांग्लादेशी वस्त्रों पर टैरिफ कम करेगा
  • समझौते के तहत अमेरिका कुछ कपड़ा और परिधान उत्पादों को पूरी तरह टैरिफ मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध होगा
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बांग्लादेशी वस्त्रों पर टैरिफ 20 प्रतिशत से घटाकर 19 प्रतिशत करने का निर्णय लिया

अमेरिका और बांग्लादेश के बीच एक नया व्यापार समझौता हो गया है जिसकी घोषणा सोमवार, 9 फरवरी को की गई. इस समझौते के तहत अमेरिका दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कपड़े (गार्मेंट) बनाने वाले देश बांग्लादेश से आने वाले सामानों पर टैरिफ कम करेगा. साथ ही, अमेरिका की सरकार कुछ टेक्सटाइल और परिधान उत्पादों को पूरी तरफ टैरिफ फ्री करने की दिशा में काम करने के लिए भी प्रतिबद्ध होगी. व्हाइट हाउस द्वारा जारी संयुक्त बयान के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने बांग्लादेशी उत्पादों पर अमेरिका की टैरिफ को 20 प्रतिशत से घटाकर 19 प्रतिशत करने का फैसला किया है.

ऐसे “रेसिप्रोकल” टैरिफ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल लगाए थे, ताकि व्यापार असंतुलन या उन व्यापारिक तरीकों से निपटा जा सके जिन्हें अमेरिका अनुचित मानता है. शुरुआत में ट्रंप ने बांग्लादेशी सामानों पर 37 प्रतिशत टैरिफ तय किया था. इसी तरह दुनिया की हर अर्थव्यवस्थाओं पर भी टैरिफ लगाए गए थे. हालांकि बाद में अगस्त में उन्होंने बांग्लादेश के लिए टैरिफ दर घटाकर 20 प्रतिशत कर दी थी.

बांग्लादेश के गार्मेंट मार्केट को फायदा क्यों?

बांग्लादेश के निर्यात में कपड़ा और परिधान उद्योग की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत है. लेकिन जब 2024 में छात्रों के नेतृत्व में आंदोलन हुआ और सरकार गिरी. इससे यह क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ था. अब लगभग डेढ़ साल गुजरने के बाद यह वापस पटरी पर लौटने की कोशिश कर रहा है. नए समझौते के तहत अमेरिका “ऐसी व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे बांग्लादेश से आने वाले कुछ कपड़ा और परिधान उत्पादों पर शुन्य टैरिफ दर लगे.”

इसका मतलब है कि ऐसे आयात की कुछ तय मात्रा को अमेरिका के अंदर विशेष (रियायती) लाभ मिलेगा. हालांकि ट्रंप ऐसी रियायत यूं ही नहीं दे रहे हैं. यह मात्रा अमेरिका से बांग्लादेश को होने वाले कपड़ा निर्यात से जुड़ी होगी, जैसे अमेरिका में उत्पादित कपास और मानव-निर्मित फाइबर जैसे कच्चे माल. कपड़ों के अलावा, अमेरिका अन्य ऐसे उत्पादों की भी पहचान करेगा, जिन्हें शून्य प्रतिशत “पारस्परिक” टैरिफ मिल सकता है. यानी उन्हीं कपड़ों पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा जिसको बनाने के लिए कच्चा माल अमेरिका से आएगा.

यह समझौता सोमवार को हस्ताक्षरित हुआ और दोनों पक्षों द्वारा औपचारिक सूचनाएं जारी करने के बाद लागू होगा. यह जानकारी बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर रहे मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया पर एक बयान में दी. बयान के अनुसार, बांग्लादेश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार खलीलुर रहमान ने कहा कि अमेरिकी कच्चे माल का उपयोग कर बनाए गए कपड़ा और परिधान निर्यात पर मिलने वाली संभावित टैरिफ छूट “हमारे परिधान क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन देगी.”

बांग्लादेश बैंक और राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड के अनुसार, 2024 में बांग्लादेश ने अमेरिका को लगभग 8.4 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि अमेरिका से उसका आयात लगभग 2.2 अरब डॉलर रहा. बांग्लादेश से सामान मंगाने वाली अमेरिकी कपड़ा कंपनियों में फ्रूट ऑफ द लूम, लेवी स्ट्रॉस और वीएफ कॉर्प शामिल हैं—जिसके ब्रांड्स में वैनस, टिम्बरलैंड और द नॉर्थ फेस शामिल हैं.

बांग्लादेश में आलोचना क्यों?

बांग्लादेश में 12 फरवरी को राष्ट्रीय चुनाव होने जा रहे हैं और इससे ठीक 72 घंटे पहले 9 फरवरी को बांग्लादेश ने अमेरिका के साथ एक व्यापार समझौता किया है. हालांकि डील होने से पहले ही जब इसकी खबर सामने आई थी तो इसे कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. दरअसल एक अनिर्वाचित (जिसे जनता ने नहीं चुना) अंतरिम सरकार चुनाव से तीन दिन पहले समझौते पर हस्ताक्षर कर रही है. इसका मतलब है कि समझौते को लागू करने की जिम्मेदारी उस पार्टी पर होगी जो नई निर्वाचित सरकार बनाती है.

यह भी पढ़ें: US टैरिफ डील से चीन,पाकिस्तान और बांग्लादेश से कैसे आगे निकला भारत? ऐसे मिलेगा फायदा

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US- Bangladesh Trade Deal, Donald Trump, US Tariff Policy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com