- अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि इजरायल ईरान पर हमला करने वाला था, इसलिए अमेरिका भी शामिल हुआ
- रुबियो ने कहा कि इजरायल के हमले के जवाब में ईरान अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाता, इसलिए कार्रवाई जरूरी थी
- इजरायली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि ट्रंप ने अपनी रणनीति अमेरिका के हित में स्वतंत्र रूप से अपनाई है
US-Israel War against Iran: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले से शुरू जंग चौथे दिन में प्रवेश कर चुकी है. फुल स्केल की यह जंग अपना दायरा बढ़ाती जा रही है और इसने पूरे खाड़ी क्षेत्र को झुलसाकर रख दिया है. इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के एक बयान से बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या इजरायली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उतावलेपन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस बात के लिए मजबूर कर दिया कि वे अपनी सेना को ईरान पर हमला करने का ऑर्डर दें? हालांकि एक बयान खुद नेतन्याहू की तरफ से भी आया है तो बिल्कुल अलग तस्वीर दिखाता नजर आ रहा है. चलिए आपको हम दोनों बताते हैं.
किसने किसको जंग में धकेला? अमेरिका का दावा
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि हमे पता था कि इजराइल ईरान पर हमला करने वाला है और उससे इस बात की लगभग पक्की संभावना थी कि जवाब में ईरान अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाएगा. इसी चीज ने डोनाल्ड ट्रंप की सरकार को इजरायल के साथ ईरान पर हमला करने के लिए मजबूर कर दिया. रुबियो ने यूनाइडेट स्टेट कैपिटल में पत्रकारों से कहा, “यह बिल्कुल साफ था कि अगर ईरान पर कोई भी हमला करता, चाहे अमेरिका, इजरायल या कोई और- तो ईरान जवाब देगा, और वह जवाब अमेरिका के खिलाफ भी होगा.”
अब नेतन्याहू ने क्या कहा?
द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार जब एक पत्रकार ने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पूछा कि क्या इजरायल ने इस ईरान संघर्ष में डोनाल्ड ट्रंप को घसीटा है, तो वे हंसने लगे. नेतन्याहू ने जवाब दिया, "यह हास्यास्पद है. डोनाल्ड ट्रम्प दुनिया के सबसे मजबूत नेता हैं. वह वही करते हैं जो उन्हें अमेरिका के लिए सही लगता है." उन्होंने आगे कहा, "मैं युद्ध की कीमत जानता हूं. लेकिन मैं जानता हूं कि कभी-कभी हमें उन लोगों से बचाने के लिए युद्ध आवश्यक होता है जो हमें नष्ट कर देंगे."
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने ईरान में जंग छेड़कर अपने ही पैरों पर मारी कुल्हाड़ी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं