- मिडिल ईस्ट में सीजफायर टूटने के संकेत मिलने लगे हैं, अमेरिका और ईरान एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगा रहे हैं
- ईरान के बंदर अब्बास, केशम द्वीप और तेहरान के पास विस्फोटों की आवाज सुनी गई है, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज में ईरान ने मिसाइल और ड्रोन से हमला किया था
मिडिल ईस्ट की शांति एक बार फिर इस हद तक भंग हो गई है कि सीजफायर सही अर्थों में टूटता नजर आया है. अमेरिका और ईरान, दोनों ने एक दूसरे पर पहले हमले का आरोप लगाया है. होर्मुज में दोनों देश भिड़ गए हैं. ईरान की जमीं पर धमाके हुए हैं. ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, बंदर अब्बास, केशम द्वीप और ईरान की राजधानी तेहरान के पास विस्फोटों की आवाज सुनी गई है. इन सबके बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर रहे हैं कि सीजफायर नहीं टूटा है. ट्रंप शायराना मूड में दिख रहे हैं. कह रहे हैं कि अमेरिकी सेना ने ईरान के ड्रोन ऐसे मार गिराए हैं जैसे कोई तितली अपने कब्र में गिरती हो. ईरान पर इतने बड़े हमले के बाद भी कह रहे हैं कि यह तो बस प्यार की थपकी है.
ट्रंप ने क्या दावा किया है?
ट्रंप ने दावा किया कि जब अमेरिका के तीन विध्वंसक युद्धपोत (डिस्ट्रॉयर) होर्मुज से गुजर रहे थे तब ईरान ने उनपर हमला किया. ईरान का कहना है कि अमेरिकी नौसेना ने दक्षिणी ईरान के जास्क बंदरगाह के पास एक ईरानी तेल टैंकर को निशाना बनाया था, जिसके बाद अमेरिकी जहाजों पर हमला किया गया.
इतना ही नहीं ट्रंप ने एबीसी न्यूज से फोन पर बात करते हुए कहा, "सीजफायर अभी भी चल रहा है. यह प्रभावी है." उन्होंने हमलों को केवल "लव टैप" यानी प्यार की थपकी बताया. CNN की रिपोर्ट के अनुसार जब लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल के पास जब ट्रंप से अचानक पत्रकारों ने पूछा कि क्या इतने बड़े अटैक के बाद सच में अभी भी सीजफायर लागू है तो उन्होंने जवाब दिया"आपको यह जानने की जरूरत नहीं होगी कि कोई सीजफायर लागू है या नहीं. आपको बस ईरान से आने वाली एक बड़ी चमक को देखना होगा."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं