विज्ञापन

बाहर बज रहा था डीजे... क्लासरूम में बैठे-बैठे छात्रा को तीन बार आया अटैक, मौके पर ही मौत

इस घटना में परिजन डीजे की कानफोड़ू आवाज को जिम्मेदार बता रहे हैं. घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. योगेंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट

बाहर बज रहा था डीजे... क्लासरूम में बैठे-बैठे छात्रा को तीन बार आया अटैक, मौके पर ही मौत
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में स्कूल में पढ़ रही बच्ची की अचानक मौत हो गई.

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. नगर क्षेत्र स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रही दूसरी कक्षा की एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि स्कूल के बाहर गुजर रहे विसर्जन जुलूस में बज रहे तेज डीजे की आवाज और कंपन की वजह से बच्ची को अटैक आया, जिसके बाद उसकी जान चली गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

क्लास में अचानक बिगड़ी छात्रा की तबीयत

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे छात्रा अपनी कक्षा में अन्य बच्चों के साथ पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान स्कूल के सामने से विसर्जन जुलूस निकला. आरोप है कि जुलूस में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बज रहा था. कक्षा पहली मंजिल पर थी और तेज ध्वनि पूरे परिसर में सुनाई दे रही थी. बताया जा रहा है कि कुछ बच्चे खिड़कियों और दरवाजों की तरफ देखने लगे. इसी बीच छात्रा असहज महसूस करने लगी. परिजनों का दावा है कि बच्ची को एक के बाद एक तीन अटैक आए. तीसरे अटैक के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई.

सीसीटीवी फुटेज में दिखी अफरा-तफरी

घटना का लगभग तीन मिनट दो सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में कक्षा के भीतर अचानक अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है. स्कूल प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने बताया कि पूरी घटना स्कूल के कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. उनका कहना है कि जुलूस के दौरान डीजे बहुत तेज आवाज में बज रहा था और इसी के बाद बच्ची की तबीयत खराब हुई.

शिक्षकों ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

स्कूल की शिक्षिकाओं के अनुसार डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि खिड़कियों के शीशों में कंपन महसूस हो रहा था. कुछ बच्चे आवाज सुनकर उत्साहित हो गए थे. इसी दौरान एक छात्रा की हालत खराब होती दिखी. शिक्षकों ने तुरंत उसे संभाला और नीचे लाकर अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया. आरोप है कि अस्पताल पहुंचने तक बच्ची की मौत हो चुकी थी. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस हर पहलू की जांच कर रहे हैं. सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने कहा कि मामले की गहन पड़ताल की जा रही है. छात्रा की मौत तेज ध्वनि के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय वजह थी, इसका पता जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा.

वहीं पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. ध्वनि प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी भी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें- जालौन मेडिकल कॉलेज में आपस में भिड़े डॉक्टर, जमकर चले लात-घूंसे, वायरल हो रहा वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Balrampur News, School Girl Death, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
//added to preserve the height