- अमेरिकी सांसद जेमी रस्किन का दावा है कि अनसेंसर्ड एपस्टीन फाइलों में ट्रंप का 10 लाख से अधिक बार जिक्र है
- रस्किन उन चुनिंदा लोगों में हैं जिन्हें इस हफ्ते इन संवेदनशील फाइलों की समीक्षा की इजाजत दी गई थी
- रस्किन और अन्य सांसदों उन 30 लाख दस्तावेजों को भी आम करने की मांग की है जिन्हें डुप्लीकेट बताकर छिपा रखा है
दुनिया भर में तहलका मचाने वाले एपस्टीन कांड को लेकर अमेरिका के डेमोक्रेट सांसद जेमी रस्किन ने चौंकाने वाला दावा किया है. रस्किन का कहना है कि अनसेंसर्ड गोपनीय दस्तावेजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम 10 लाख से भी अधिक बार आया है. रस्किन उन चुनिंदा प्रतिनिधियों में शामिल हैं जिन्हें इस हफ्ते इन संवेदनशील फाइलों की समीक्षा की इजाजत दी गई थी.
गुप्त फाइल देखने के बाद सांसद का दावा
अमेरिकी न्याय विभाग के मुख्यालय में बिना किसी काट-छांट वाली एपस्टीन फाइल्स देखने के बाद सांसद रस्किन ने एक्सियोस से बातचीत में दावा किया कि जब उन्होंने डेटाबेस में 'ट्रम्प', 'डोनाल्ड' या 'डॉन' जैसे शब्द लिखकर सर्च किया तो उन्हें 10 लाख से ज्यादा सर्च रिजल्ट मिले. उन्होंने कहा कि उन्हें शक है कि अभी भी बहुत सी जानकारियां छिपाकर रखी गई हैं.
पहले 5300 बार आया था ट्रंप का नाम
उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि उन्होंने हर सर्च रिजल्ट की समीक्षा नहीं की है और यह भी मुमकिन है कि हर जगह 'डोनाल्ड' शब्द का इस्तेमाल केवल डोनाल्ड ट्रंप के लिए न किया गया हो. फिर भी एक मिलियन की यह संख्या शुरुआती आंकड़ों से कहीं अधिक है, जिनमें पहले के सार्वजनिक दस्तावेजों में ट्रंप का नाम केवल 5,300 बार ही सामने आने की बात कही गई थी.
ट्रंप के क्लब में एपस्टीन गेस्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांसद रस्किन ने उस ईमेल का भी जिक्र किया जो ट्रंप के पिछले दावों को चुनौती देता है. ट्रंप अक्सर कहते रहे हैं कि उन्होंने एपस्टीन को उसके बर्ताव की वजह से अपने मार-ए-लागो क्लब से बाहर निकाल दिया था. लेकिन रस्किन का दावा है कि उन्होंने एक ईमेल देखा है, जिसमें एपस्टीन के वकील ने ट्रंप के हवाले से लिखा था कि एपस्टीन क्लब के मेंबर नहीं थे लेकिन वो वहां पर गेस्ट के रूप में आते थे और उन्हें कभी क्लब छोड़ने को नहीं कहा गया था.
30 लाख दस्तावेज जारी करने की मांग
जेमी रस्किन और अन्य सांसद उन 30 लाख दस्तावेजों को भी सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं जिन्हें ट्रंप प्रशासन ने डुप्लीकेट बताकर अभी तक दबाए रखा है और आम नहीं किया है. पिछले महीने अमेरिका के न्याय विभाग ने एपस्टीन फाइल्स के नए जखीरे को जारी किया है.
डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच के मुताबिक, एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत 30 लाख से अधिक पन्ने, करीब 2 हजार वीडियो और 1.8 लाख से अधिक तस्वीरें जारी की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि कई नाम पीड़ितों की सुरक्षा के लिए हटाए गए हैं. विभाग कुछ भी छिपा नहीं रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं