विज्ञापन

नॉर्वे की राजकुमारी, ब्रिटेन का राजकुमार... एपस्टीन फाइल्स के 30 लाख पन्नों से हटे बड़े-बड़ों के नकाब, कहीं माफी- कहीं इस्तीफा

Epstein Files Part 2: अमेरिकी न्याय विभाग ने इस बार एपस्टीन फाइलों के 30 लाख से ज्यादा पन्ने जारी किए हैं. इसमें 2,000 से अधिक वीडियो और करीब 1 लाख 80 हजार तस्वीरें भी शामिल हैं.

नॉर्वे की राजकुमारी, ब्रिटेन का राजकुमार... एपस्टीन फाइल्स के 30 लाख पन्नों से हटे बड़े-बड़ों के नकाब, कहीं माफी- कहीं इस्तीफा
Epstein Files Part 2: इस बार एपस्टीन फाइलों के 30 लाख से ज्यादा पन्ने जारी

Epstein Files Part 2: एपस्टीन फाइलों के लाखों पन्ने दुनिया के सामने आ गए हैं और उससे जो खुलासे हुे हैं, उसने हड़कंप मचा दिया है. अमेरिका के कुख्यात नाबालिग लड़कियों के यौन तस्कर जेफरी एपस्टीन के मामले में एक से बड़ी एक हस्तियों के चेहरे से नकाब हट रहे हैं. अमेरिकी न्याय विभाग ने इसबार एपस्टीन फाइलों के 30 लाख से ज्यादा पन्ने जारी किए हैं. इसमें 2,000 से अधिक वीडियो और करीब 1 लाख 80 हजार तस्वीरें भी शामिल हैं. इन फाइलों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स से लेकर ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर तक के नाम हैं. उनसे जुड़े बड़े खुलासे हैं. चलिए बताते हैं कि इसके बाद कैसे हड़कंप मचा हुआ है, कौन माफी मांग रहा है और कौन इस्तीफा दे रहा है.

नॉर्वे की राजकुमारी

नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट का नाम ताजा जारी किए गए लाखों डॉक्यूमेंट में कम से कम 1,000 बार दिखाई दिया है. अब उन्होंने एपस्टीन के साथ अपनी "शर्मनाक" दोस्ती के लिए माफी मांगी है. नॉर्वेजियन मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार नॉर्वे की राजकुमारी ने साल 2011 से लेकर 2014 तक एपस्टीन के साथ बात की थी, कम से कम इन 3 सालों का इमेल चैट सामने आया है. एक ईमेल में मेटे-मैरिट ने एपस्टीन से पूछा कि क्या "अगर एक मां अपने 15 साल के बेटे को ऐसा वॉलपेपर लेने को कहे जिसमें सर्फबोर्ड ले जा रही दो नंगी महिलाए हों तो क्या यह सही है."

अब ऐसी चैट सामने आने के बाद मेटे-मैरिट ने एपस्टीन के साथ अपने रिश्ते को "शर्मनाक" बताया है. उन्होंने कहा, "मैंने खराब निर्णय लिए और मुझे एपस्टीन के साथ किसी भी तरह के संपर्क पर गहरा अफसोस है". नॉर्वे के शाही महल के अनुसार, मेटे-मैरिट ने 2014 में एपस्टीन के साथ किसी तरह की बातचीत बंद कर दिया थी क्योंकि उन्हें लगा कि एपस्टीन "क्राउन प्रिसेंस के साथ अपने रिश्ते के दम पर अन्य लोगों के साथ लाभ उठाने की कोशिश कर रहा था". नॉर्वे की प्रधान मंत्री जोनास गहर स्टोरे ने भी कहा है कि क्राउन प्रिंसेस ने गलत जजमेंट किया था.

नॉर्वे के शाही परिवार के लिए यह खुलासा ऐसे वक्त में हुआ है, जब उसपर पहले ही काला धब्बा लग चुका है. क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट के सबसे बड़े बेटे मारियस बोर्ग होइबी पर रेप केस की सुनवाई शुरू हो गई है. उस पर 38 अपराधों का आरोप है, जिसमें चार महिलाओं के साथ रेप के साथ-साथ हमला और ड्रग्स के अपराध भी शामिल हैं.

ब्रिटेन के बदनाम राजकुमार

ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू फिर से एपस्टीन घोटाले में फंस गए हैं. कई तस्वीरें ऐसी सामने आई हैं जिसमें एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर फर्श पर लेटी हुई एक महिला के ऊपर चारों तरफ से झुके हुए नजर आ रहे हैं. शनिवार को जब पूछा गया कि क्या एंड्रयू को बार-बार हो रही मांगों के अनुसार अमेरिकी कांग्रेस में गवाही देनी चाहिए, तो इसपर ब्रिटेन के प्रधान मंत्री कीर स्टार्मर ने "हां" कहा.

बता दें कि पिछले अक्टूबर में, किंग चार्ल्स III ने अपने भाई से उनकी शाही उपाधियां और सम्मान छीन लिए थे. तब आरोप सामने आया था कि एंड्रयू के साथ तीन बार यौन संबंध बनाने के लिए एक लड़की की तस्करी की गई थी, जिसमें दो बार उस समय की गई थी जब वह 17 साल की थी. तस्करी करने वाला खुद एपस्टीन था.

एलन मस्क

दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला संस्थापक एलन मस्क का नाम भी शुक्रवार को रिलीज किए गए डॉक्यूमेंट में आया है. 2012 और 2013 में भेजे गए ईमेल में जिसमें उन्होंने एपस्टीन के कुख्यात कैरेबियाई द्वीप आने को लेकर चर्चा की थी. नवंबर 2012 में एपस्टीन ने मस्क को ईमेल भेजकर पूछा, "हेलीकॉप्टर से द्वीप जाने के लिए आप कितने लोगों को ले जाना चाहेंगे?" मस्क ने जवाब दिया, "शायद सिर्फ तालुला और मैं. आपके द्वीप पर सबसे जोरदार पार्टी किस दिन/रात होगी?"

इन खुलासों पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने X पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें "अच्छी तरह पता था कि (एपस्टीन के साथ) कुछ ईमेल पत्राचार का गलत अर्थ निकाला जा सकता है और मेरे आलोचकों द्वारा मेरी छवि खराब करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है."

मस्क ने लिखा, "मुझे इसकी परवाह नहीं है, लेकिन मुझे इस बात की परवाह है कि हम कम से कम उन लोगों पर मुकदमा चलाने का प्रयास करें, जिन्होंने एपस्टीन के साथ मिलकर गंभीर अपराध किए हैं, खासकर नाबालिग लड़कियों के जघन्य शोषण के मामले में."

स्लोवाकिया के सुरक्षा सलाहकार

स्लोवाकिया सरकार के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने एप्सटीन से अपने संबंधों के सामने आने के बाद इस्तीफा दे दिया है. स्लोवाकिया के प्रधान मंत्री रॉबर्ट फिको ने रविवार को इसकी घोषणा की. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, मिरोस्लाव लाजकैक ने विदेश मंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान 2018 में एपस्टीन के साथ महिलाओं के बारे में टेक्स्ट मैसेज किए थे. फेसबुक पर लाजकैक के इस्तीफे की घोषणा करते समय, पीएम फिको ने कहा कि सरकार "विदेश नीति में अनुभव और ज्ञान का एक अविश्वसनीय स्रोत" खो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मंत्री ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है.

LA ओलिंपिक प्रमुख

लॉस एंजिल्स ओलंपिक के प्रमुख केसी वासरमैन ने एप्सटीन की जेल में बंद पूर्व प्रेमिका के बीच दशकों पुराने फ़्लर्टी ईमेल के सामने आने के बाद शनिवार को माफी मांगी. 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक की आयोजन समिति के अध्यक्ष वासरमैन ने कहा कि उनकी 2003 में घिसलीन मैक्सवेल के साथ ईमेल पर बातचीत हुई थी और यह बातचीत उस समय हुई थी जब उसे घिसलीन के अपराधों की जानकारी नहीं थी. घिसलीन ने एपस्टीन के लिए कम उम्र की लड़कियों की तस्करी की थी और वह इसके लिए 20 साल की सजा काट रही है.

अमेरिका में ब्रिटेन के पूर्व दूत

पीटर मैंडेलसन को पिछले साल एपस्टीन के साथ संबंधों के कारण वाशिंगटन में ब्रिटिश राजदूत के पद से हटा दिया गया था. अब उन्होंने रविवार को लेबर पार्टी छोड़ दी.  ब्रिटिश मीडिया के अनुसार बैंकिंग रिकॉर्ड से पता चलता है कि एपस्टीन ने 2003 और 2004 में मैंडेलसन से जुड़े बैंक अकाउंट्स में 75,000 डॉलर ट्रांसफर किए थे. लेकिन मैंडेलसन ने बीबीसी को बताया कि उनके पास किसी भी पेमेंट का कोई रिकॉर्ड नहीं है और न ही उन्हें ऐसा कुछ याद है.

लेबर पार्टी के महासचिव को लिखे एक पत्र में, मैंडेलसन ने कहा कि मैं इन आरोपों को झूठा मानता हूं लेकिन पार्टी को और अधिक शर्मिंदगी से बचाने के लिए पद छोड़ रहा हूं. हाल ही में जारी की गई तस्वीरों में वह एक टी-शर्ट और अंडरवियर में एक महिला के बगल में दिख रहे हैं. मैंडेलसन  ने बीबीसी को बताया कि नहीं पहचान सकते कि वो महिला कौन थी और यह तस्वीर कहां की है. 

यह भी पढ़ें: एपस्टीन फाइल्स पार्ट 2: एलन मस्क से लेकर एक देश के राजकुमार तक का जिक्र

यह भी पढ़ें: एपस्टीन फाइलों से ब्रिटेन के बदनाम राजकुमार की अय्याशी का खुलासा, महिला संग शर्मसार करने वाली तस्वीरें आईं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Epstein Files, Epstein Files Controversy, Jeffrey Epstein
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com