फिलीपींस सीनेट बिल्डिंग बुधवार रात अचानक ताबड़तोड़ गोलीबारी से गूंज उठी. AP के अनुसार, सीनेट में अधिकारी एक सीनेटर को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे, जिस पर मानवता के खिलाफ अपराध का आरोप है और जिसकी तलाश इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) को है. इसी दौरान बिल्डिंग में गोलीबारी हो गई और हड़कंप मच गया.
गोलीबारी की वजह साफ नहीं
AP की रिपोर्ट के अनुसार अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि गोलीबारी किस वजह से शुरू हुई या सीनेट में किसी को चोट लगी या नहीं. सीनेट में सीनेटर रोनाल्ड डेला रोजा अपने सहयोगी सीनेटरों की सुरक्षा में थे, जबकि फिलीपीन के अधिकारी उन्हें गिरफ्तार करके ICC को सौंपने की कोशिश कर रहे थे.
क्यों हो रही थी सीनेटर की गिरफ्तारी?
सोमवार को, ICC ने डेला रोजा के लिए जारी गिरफ्तारी वारंट को सार्वजनिक किया. डेला रोजा राष्ट्रीय पुलिस के पूर्व प्रमुख थे, जिन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान को सबसे पहले लागू किया था. इस अभियान में हजारों लोग मारे गए थे, जिनमें से ज्यादातर छोटे-मोटे मामलों के संदिग्ध थे.
यह वारंट मूल रूप से नवंबर में जारी किया गया था. इसमें डेला रोजा पर मानवता के खिलाफ अपराध यानी हत्या का आरोप लगाया गया है. आरोप के अनुसार, जुलाई 2016 से अप्रैल 2018 के अंत के बीच, जब वे दुतेर्ते के अधीन राष्ट्रीय पुलिस बल का नेतृत्व कर रहे थे, उन्होंने कम से कम 32 लोगों की हत्या की.
यह भी पढ़ें: 414 रुपये पेट्रोल की कीमत से घबराए पाकिस्तान में त्राहिमाम, आर्थिक तबाही से बचने के लिए सरकार ने खोले कई मोर्चे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं