दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन और उसके बाद सस्पेंड किए जाने के बीच एसीपी मनस्वी वशिष्ठ का नया वीडियो सामने आया है. वीडियो में उन्होंने अपने सस्पेंशन की पुष्टि की है, लेकिन साथ ही साफ कहा कि इस कार्रवाई से उनका मनोबल नहीं टूटा है और उन्हें विभागीय जांच तथा सिस्टम पर पूरा भरोसा है.
वीडियो की शुरुआत में मनस्वी वशिष्ठ पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहते हैं, "पुलिस के सभी भाइयों और बहनों को मेरा नमस्कार और सभी सीनियर्स को जय हिंद. मैं मनस्वी वशिष्ठ, एसीपी सस्पेंडेड."
'मुझे यकीन है अच्छा समाधान मिलेगा...'
उन्होंने हाल ही में हुई 'संपर्क सभा' का भी जिक्र किया. वशिष्ठ ने कहा कि वह पुलिसकर्मियों द्वारा आयोजित संपर्क सभा में शामिल हुए थे, जहां खुलकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. उन्होंने सभा में शामिल पुलिसकर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वहां उठाई गई बातों पर अमल होगा और उसका सकारात्मक समाधान निकलेगा.
मनस्वी वशिष्ठ ने कहा, "मैं सबसे पहले आप लोगों को बताना चाहता हूं कि मैं बहुत ही शुक्रगुजार हूं आप सभी का. आप लोगों ने ये जो कॉल दी, संपर्क सभा की, जिसको मैंने जॉइन करा. और हमारी मुलाकात हुई संपर्क सभा में, हमने अपनी बात खुलकर रखी. और मुझे पक्का यकीन है कि जो बातें हमने वहां बताई हैं, उन पर अमल होगा और एक अच्छा सॉल्यूशन हमें मिलेगा."
'सस्पेंशन से आहत नहीं, फोकस बना रहना चाहिए'
वीडियो में मनस्वी वशिष्ठ ने कहा कि उनका सस्पेंशन सही है और वह इस कार्रवाई से बिल्कुल आहत नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि उनका मनोबल टूटा नहीं है और सभी पुलिसकर्मियों का फोकस, कमिटमेंट और संकल्प पहले की तरह बना रहना चाहिए.
उन्होंने कहा, "सस्पेंशन कोई बहुत बड़ी गलत चीज नहीं है, यह एक डिपार्टमेंटल एक्शन है." वशिष्ठ ने आगे कहा कि उन्हें सिस्टम पर पूरा विश्वास है और उन्हें उम्मीद है कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी तथा निष्पक्ष फैसला सामने आएगा.
यह भी पढ़ें: केमिकल बम की तरह तेज धमाके के साथ फटा ट्रांसफॉर्मर, आग की लपटें देख घबराए लोग, खौफनाक वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं