विज्ञापन

टेक्सास में घुसे विदेशी ड्रोन्स, 10 दिन के लिए एयरपोर्ट बंद करने का ऐलान, फिर ऐसे टला खतरा!

अल पासो न सिर्फ एक बड़ा रिहायशी इलाका है बल्कि यह मेक्सिको के स्यूदाद जुआरेज शहर के साथ सीमाई व्यापार का एक प्रमुख केंद्र भी है.

टेक्सास में घुसे विदेशी ड्रोन्स, 10 दिन के लिए एयरपोर्ट बंद करने का ऐलान, फिर ऐसे टला खतरा!
  • टेक्सास के अल पासो एयरपोर्ट का हवाई क्षेत्र मैक्सिकन ड्रग्स कार्टेल के ड्रोन की घुसपैठ के कारण बंद करना पड़ा
  • फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने सुरक्षा कारणों के चलते 10 दिनों के लिए एयरपोर्ट बंद करने का आदेश दिया था
  • ऐलान से अफरातफरी के कुछ घंटे बाद ही हवाई क्षेत्र को फिर से खोल दिया गया और उड़ानें शुरू कर दी गईं

अमेरिका के टेक्सास में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मैक्सिकन ड्रग्स कार्टेल के ड्रोन की कथित फौज की घुसपैठ के कारण अल पासो इंटरनेशनल एयरपोर्ट का हवाई क्षेत्र अचानक बंद करना पड़ गया. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एयरपोर्ट को अगले 10 दिनों के लिए पूरी तरह बंद करने का चौंकाने वाला ऐलान कर दिया. इसकी वजह से एयरपोर्ट की सभी उड़ानें ठप हो गईं. हालांकि ऐलान के कुछ घंटे बाद ही हवाई क्षेत्र को फिर से खोल दिया गया. 

एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं 

अल पासो के हवाई क्षेत्र को मंगलवार देर रात बंद कर दिया गया था. एयरपोर्ट प्रशासन ने इंस्टाग्राम पर बताया था कि 20 फरवरी तक सभी कमर्शियल, कार्गो और जनरल एविएशन उड़ानें रद्द रहेंगी. इस अचानक फैसले से करीब 7 लाख की आबादी वाले इस सीमावर्ती शहर में अफरातफरी का माहौल बन गया. अल पासो न सिर्फ एक बड़ा रिहायशी इलाका है बल्कि यह मेक्सिको के स्यूदाद जुआरेज शहर के साथ सीमाई व्यापार का एक प्रमुख केंद्र भी है.

ये भी देखें- क्लाइमेट पॉलिसी के 'सुरक्षा कवच' पर ट्रंप ने चलाई कुल्हाड़ी, वैज्ञानिक बोले- ये विनाशकारी कदम

मैक्सिकन कार्टेल के ड्रोन्स का आतंक

परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि FAA और रक्षा विभाग ने कार्टेल ड्रोन्स की घुसपैठ को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की. हालांकि अब खतरे को टाल दिया गया है और इलाके में उड़ने वाले कमर्शल विमानों के लिए अब कोई खतरा नहीं है. अमेरिकी समयानुसार बुधवार सुबह से विमानों का संचालन शुरू हो गया. हालांकि डफी ने यह खुलासा नहीं किया कि इस घुसपैठ में कितने ड्रोन शामिल थे और उन्हें किस तकनीक के जरिए रोका गया.

डेमोक्रेट सांसद ने उठाए सवाल

इस घटनाक्रम पर स्थानीय नेताओं ने भी सवाल उठाए. अल पासो से डेमोक्रेट सांसद वेरोनिका एस्कोबार ने कहा कि एयरपोर्ट को 10 दिनों के लिए बंद करने का फैसला अभूतपूर्व था और इसकी पहले से कोई सूचना सिटी प्रशासन या उनके कार्यालय को नहीं दी गई थी. उन्होंने दावा किया कि रात भर चली जांच पड़ताल से साफ हो गया था कि स्थानीय लोगों को ड्रोन की वजह से कोई सीधा खतरा नहीं था. इसके बाद ही FAA ने प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया.

ये भी देखें- अब एयरपोर्ट पर भी देश के आम आदमी का कैफे, सस्ते दामों में चाय‑समोसा, जानें क्या है प्लान

कई और इलाकों में भी प्रतिबंध

अल पासो के साथ ही न्यू मेक्सिको के सैंटा टेरेसा इलाके में भी इसी तरह के सुरक्षा प्रतिबंध लगाए गए थे. यह एयरपोर्ट से महज 15 मील की दूरी पर स्थित है. साउथवेस्ट, यूनाइटेड, अमेरिकन और डेल्टा जैसी बड़ी एयरलाइंस ने FAA के आदेश के बाद अपनी उड़ानें रोक दी थीं, जिन्हें अब धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है. फिलहाल हालात कंट्रोल में है, लेकिन सीमावर्ती इलाकों में कार्टेल ड्रोन्स की बढ़ती सक्रियता ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

ये भी देखें- अमेरिका से डील किसानों और कपड़ा उद्योग को मार देगी- राहुल गांधी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maxican Cartel, El Paso Airport, Texas Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com