विज्ञापन

मॉस्को के आसमान में 'काली बारिश', यूक्रेन के ड्रोन हमलों ने दहलाया; डरा रहे वीडियो

रूस के अधिकारियों ने मॉस्को शहर में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि घरों की खिड़की बंद रखें. इसके अलावा सांस संबंधी बीमारी वाले मरीज को घरों से बाहर निकलने की मनाही है.

मॉस्को के आसमान में 'काली बारिश', यूक्रेन के ड्रोन हमलों ने दहलाया; डरा रहे वीडियो
रूस के मॉस्को में ड्रोन हमलों की वजह से आसमान काला हो चुका है.
  • रूस की राजधानी मॉस्को में ड्रोन हमले के बाद शहर भर में प्रदूषण फैल गया है.
  • तेल रिफाइनरी पर हमले के कारण तेल की महीन बूंदें आसमान से बरस रही है.
  • अधिकारियों ने लोगों से घरों की खिड़की बंद रखने की सलाह दी है.

यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध का असर अब सीधे मॉस्को की सड़कों और घरों तक पहुंच गया है. राजधानी के एक बड़े तेल रिफाइनरी पर हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद मॉस्को के कई इलाकों में आसमान से काले, तेल के छींटे गिरने की खबरें सामने आई हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि उनके कपड़ों, गाड़ियों और घरों की खिड़कियों पर काली चिकनी परत जम गई, जबकि रूसी प्रशासन ने शुरू में ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया.

बीबीसी की रिपोर्ट में इसका दावा किया गया है. यह घटना उस बड़े यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद हुई जिसमें मॉस्को क्षेत्र को निशाना बनाया गया. हमले के बाद रिफाइनरी में आग लग गई और आसमान में घना काला धुआं फैल गया. बताया गया है कि इस हमले और उससे जुड़े घटनाक्रम में मॉस्को क्षेत्र में कम से कम 17 लोग घायल हुए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

हमले के बाद सोशल मीडिया पर दर्जनों ऐसे वीडियो पड़े हैं जो इस घटना की गवाही देते हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़कों, पार्क की गई गाड़ियों और इमारतों की सतहों पर काले रंग के तेल के छींटे साफ दिखाई दे रही है. कई वीडियो में लोग उस काले पदार्थ को हाथ लगाकर दिखाते नजर आए. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह महीन बूंदों के रूप में गिर रहा था और कपड़ों पर काले धब्बे छोड़ रहा था.

इन तस्वीरों और वीडियो के वायरल होने के बावजूद स्थानीय अधिकारियों ने शुरुआत में किसी तरह की 'ऑयल रेन' या तेल मिश्रित बारिश की बात को खारिज कर दिया.

 प्रशासन ने जारी की स्वास्थ्य चेतावनी

रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में रहने वाले लोगों को खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी गई. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि धुएं और हवा में फैले प्रदूषक स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. लोगों से कहा गया कि वे बाहरी हवा के संपर्क को कम करें.

इतना ही नहीं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा जैसी सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को प्रभावित इलाकों से दूर जाने की सलाह भी दी गई. इससे साफ संकेत मिला कि रिफाइनरी में लगी आग और उससे निकले धुएं को लेकर प्रशासन के भीतर भी चिंता मौजूद थी.

रूस का दावा- सैकड़ों ड्रोन मार गिराए

इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि देशभर में 24 घंटे के भीतर लगभग 1,000 यूक्रेनी ड्रोन और कई क्रूज मिसाइलों को नष्ट किया गया. अधिकारियों के अनुसार, हवाई रक्षा प्रणाली ने बड़े पैमाने पर हमलों को विफल किया.

यह भी पढ़ें: अमेरिका-इजरायल की कलह बढ़ी, ट्रंप के बाद वेंस ने हैसियत बता दी

लेखक के बारे में
img
चंदन सिंह राजपूत
Senior Sub Editor
चंदन सिंह राजपूत एनडीटीवी हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर कार्यरत हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 5 साल का अनुभव है. एनडीटीवी से पहले बीबीसी हिंदी, क्विंट... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Moscow, Russia Ukraine War, Putin
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com