विज्ञापन
This Article is From Jan 21, 2020

इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर फिर दागे गए रॉकेट: सूत्र

ईरान (Iran) और अमेरिका (US) के बीच तनाव कम नहीं हो रहा है. ईराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास के नजदीक दो रॉकेट दागे जाने की जानकारी सामने आई.

इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर फिर दागे गए रॉकेट: सूत्र
प्रतीकात्मक फोटो
बगदाद:

इराक में अमेरिकी हवाई हमले में ईरान के शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत के कारण बढ़े तनाव के बीच ईराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास के नजदीक दो रॉकेट दागे जाने की जानकारी सामने आई. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार दोनों रॉकेट बगदाद के हाई सिक्योरिटी एरिया कहे जाने वाले दूतवास के नजदीक आकर गिरे हैं. जानकारी के अनुसार इन हमलों से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. 

बता दें कि हाल ही में ईरान ने रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के मुखिया जनरल कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेते हुए इराक स्थित दो अमेरिकी बेस पर एक दर्जन से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया था. ईरानी मीडिया ने दावा किया कि इस अटैक में करीब 80 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे. US ने इसका खंडन किया था. 

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ईरान को धमकी दे चुके हैं कि वह युद्ध के पक्ष में नहीं हैं लेकिन अगर ईरान ने किसी भी अमेरिकी नागरिक या उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. दूसरी ओर ईरानी मंत्रियों ने भी अमेरिका को जवाब देते हुए कहा कि वह भी युद्ध नहीं चाहते लेकिन अपनी आत्मरक्षा में हर मुमकिन जवाब जरूर देंगे. हाल ही में ईरान ने मिसाइल अटैक में यूक्रेन के एक यात्री प्लेन को मार गिराया था. इसमें 176 लोगों की मौत हो गई थी. ईरान ने अपनी गलती स्वीकारते हुए इसे मानवीय चूक बताया था.

Video: ईरान-अमेरिका की तल्खी का पंजाब के किसानों पर असर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Attack On Baghdad, Attack On Iraq, US Embassy In Baghdad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com