विज्ञापन

IND vs ENG 2nd Semi-Final: टीम इंडिया की इन 5 सबसे बड़ी बातों ने कर दी इंग्लैंड की वर्ल्ड कप से छुट्टी

India vs England, 2nd Semi-Final, T20 World Cup 2026: भारत-इंग्लैंड के बीच करो या मुकाबला मेगा सुपर हिट शो साबित हुआ. एक से बढ़कर एक वजह ने मैच को यादगार बना दिया. लेकिन यहां 5 बातें ऐसी रहीं, जिन्होंने इंग्लैंड की हार की सबसे बड़ी वजह बनीं

IND vs ENG 2nd Semi-Final: टीम इंडिया की इन 5 सबसे बड़ी बातों ने कर दी इंग्लैंड की वर्ल्ड कप से छुट्टी
ICC Men's T20 World Cup 2026: संजू सैमसन भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह रहे
X: social media

T20 World Cup 2026 में अगर यह कहा जाए कि गुरुवार को खेला गया इंग्लैंड और भारत (India vs England) सेमीफाइनल मुकाबला अभी तक का सबसे रोमांचक मैच रहा, तो एक बार को गलत नहीं ही होगा. टीम इंडिया ने कोटे के 20 ओवरों में 7 विकेट पर 253 का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन इतने बड़े स्कोर के बावजूद इंग्लैंड स्कोर को 7 विकेट पर 246 रन तक ले जाने में कामयाब रहा. और अगर इंग्लैंड जीत के लिए सिर्फ 8 रन से दूर रन गया, तो उसके पीछे यूं तो कई वजह रहीं, लेकिन यहां 5 ऐसी वजह रहीं, जो इंग्लैंड के सेमीफाइनल से बाहर होने की वजह बन गईं. इन 5 सबसे बड़ी वजहों ने इंग्लैंड की 'सुपर चेज' की शानदार कोशिशों पर पानी फेर दिया. और पांचों ही वजह अपने आप में एक से  बढ़कर एक हैं. 

SCORE BOARD

1. संजू सैमसन की तूफानी पारी

इसमें दो राय नहीं कि अगर पिछले मैच में संजू के 97 रनों ने विंडीज को डुबोया था, तो सेमीफाइनल में यही काम एक बार उन्होंने अंग्रेजों का किया. सैमसन की तूफानी पारी भारत की जीत का सबसे बड़ा आधार बन गई. पारी के पहले ही ओवर से सैमसन शुरू हुए, तो फिर 13.1 ओवरों की गेंद पर ही जाकर रुके, लेकिन तब तक वह 42 गेंदों पर 8 चौकों और 7 छक्कों से इंग्लैंड की खाल में भूसा भर चुके थे. वास्तव में अगर सैमसन की यह पारी नहीं आती, तो भारत का निकलकर आई फाइनल तस्वीर को देखते हुए असंभव था.

2. कमाल के जसप्रीत बुमराह !

अक्सर आंकड़े खिलाड़ी विशेष के योगदान की सही तस्वीर पेश नहीं करते. और यह एक ऐसा ही मैच रहा, जो बुमराह के योगदान को सही तरह से नहीं दिखाता क्योंकि जस्सी सिर्फ एक ही विकेट ले सके. लेकिन हैरी ब्रूक का शुरुआत में बड़ा विकेट लेना, और फिर स्लॉग ओवरों में जब इंग्लिश बल्लेबाज बल्ले से आतंक मचाए हुए थे, उस सूरत में सबसे उम्दा गेंदबाजी वह बात है, जिसे देखकर करोड़ों भारतीय प्रशंसक तो यहां तक कह बैठे-"असल प्लेयर ऑफ द मैच तो जसप्रीत बुमराह थे."

3. अक्षर पटेल निकले सुपर से ऊपर!

एक बार शायद फैंस बुमराह को विस्मित कर दें, लेकिन जब भी भारत और इंग्लैंड के बीच इस सेमीफाइनल की बात होगी, महान विद्वान क्रिकेटर या समीक्षक, इतिहासकार मुकाबले की समीक्षा करेंगे, तो अक्षर पटेल ऐसे खिलाड़ी के रूप में उभरकर आएंगे, जो सभी का दिल जीतकर ले गए. हैरी ब्रूक का सुपर से ऊपर कैच, फिर जमकर खेल रहे विल जैक्स के कैच में योगदान, टॉम बैंटन का जरूरत पर विकेट लेना आदि ये वो बातें रहीं, जो बताने के लिए काफी हैं कि 7 रन से मिली नजदीकी जीत में अक्षर पटेल कितने 'हीरा खिलाड़ी' साबित हुए.

4. जरूरत पर पैंडुलम की तरह क्लिक हुआ मिड्ल ओवर

सेमीपाइनल से पहले बमुश्किल ही कोई मैच याद आता हो, जब नंबर-3 और नंबर-4 ने एक साथ इतनी उम्दा बैटिंग की हो. जब संजू सैमसन एक छोर पर बमबारी कर रहे थे, तब पहले ईशान किशन (39 रन, 18 गेंद, 4 चौके, 2 छ्क्के) ने एक छोर पर गति के मीटर को उच्च स्तर पर रखा. इशान आउट हुए, तो फिर इसकी जिम्मेदारी शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, 1 चौका, 4 छक्के) ने बहुत ही शानदार अंदाज में निभाई. भारत के स्कोर में यह एक बहुत ही मजबूत कड़ी रही, जो संजू के बाद बड़े स्कोर का आधार बनी.

5. निचले क्रम का सुपर फिनिशिंग टच!

गति के जिस मीटर को इशान किशन और शिवम दुबे ने मिलकर ऊपर रखा था, वह कप्तान सूर्यकुमार (11 रन, 6 गेंद, 1 छक्के) से नीचे आता दिखाई पड़ा, लेकिन हार्दिक पंड्या (27 रन, 12 गेंद, 3 चौके, 2 छक्के) और पहली बार वर्ल्ड कप में नंबर-7 पर बैटिंग उतरे तिलक वर्मा (21 रन, 7 गेंद, 3 छक्के) मानो इंग्लैंड के लिए बड़े स्कोर में कोढ़ में खाज साबित हुए. इन दोनों की ओर से इससे बेहतर फिनिशिंग टच नहीं ही मिल सकता था. और अगर टीम इंडिया कोटे के 20 ओवरों में 7 विकेट पर 253 रन बनाने में सफल रही, तो इसमें हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा के सुपर फिनिशिंग टच का भी शानदार योगदान रहा. और यह भारत के फाइनल में पहुंचने की टॉप 5 में एक बड़ी वजह साबित हुई.

IND vs ENG 2nd Semi-Final: सेमीफाइनल में हारने पर भी मालामाल होगी टीम, जानें न्यूजीलैंड सहित दूसरी टीम को मिलेगी कितनी रकम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com