विज्ञापन

दुबई में सुल्तान शेख मोहम्मद से भी ज्यादा अमीर है यह अरबपति, संपत्ति के सामने पाकिस्तान का रक्षा बजट भी छोटा

फोर्ब्स मिडिल ईस्ट की दुनिया के सबसे अमीर अरब लोगों की 2026 की रैंकिंग में सात देशों के 36 अरबपति शामिल हैं, जिनकी कुल नेट वर्थ 137.3 अरब डॉलर है. सबसे अधिक अमीर सऊदी अरब में हैं और उसके बाद UAE का नंबर आता है.

दुबई में सुल्तान शेख मोहम्मद से भी ज्यादा अमीर है यह अरबपति, संपत्ति के सामने पाकिस्तान का रक्षा बजट भी छोटा
हुसैन सजवानी पूरे UAE के सबसे अमीर व्यक्ति हैं (Photo- AFP)
  • फोर्ब्स की 2026 की सूची के अनुसार हुसैन सजवानी UAE के सबसे अमीर व्यक्ति हैं जिनकी संपत्ति 15.3 अरब डॉलर है
  • 2026 की फोर्ब्स सूची में 7 अरब देशों के कुल 36 अरबपतियों की संपत्ति 137.3 अरब डॉलर है जो पिछले साल से बढ़ी है
  • अकेले UAE के 7 अरबपतियों की कुल संपत्ति 35.4 अरब डॉलर है जो क्षेत्र की आर्थिक मजबूती को दिखाता है

वैसे तो दुबई की पहचान दुनिया के सबसे अमीर और आलीशान शहरों में होती है. यहां गगनचुंबी बिल्डिंग्स हैं, अरबों डॉलर के प्रोजेक्ट हैं और दुनिया के कई बड़े कारोबारी रहते हैं. ऐसे में जब दुबई के सबसे अमीर लोगों की बात आती है, तो सबसे पहले वहां के शासक का नाम दिमाग में आ सकता है. लेकिन अरबपतियों की 2026 की सूची में एक कारोबारी उनसे आगे नजर आता है. यह शख्स रियल एस्टेट की दुनिया का बड़ा नाम है और दुबई की प्रॉपर्टी मार्केट से उसने अरबों डॉलर की दौलत बनाई है.

15.3 अरब डॉलर की संपत्ति

फोर्ब्स मिडिल ईस्ट की 2026 की ‘वर्ल्ड्स रिचेस्ट अरब्स' सूची के मुताबिक, हुसैन सजवानी पूरे UAE के सबसे अमीर व्यक्ति हैं. दुबई UAE के अंदर एक शहर है. हुसैन सजवानी की अनुमानित संपत्ति 15.3 अरब डॉलर है. वह दुबई की लग्जरी रियल एस्टेट कंपनी डैमैक प्रॉपर्टीज के संस्थापक और चेयरमैन हैं. 2025 की लिस्ट में उनकी संपत्ति 10.2 अरब डॉलर थी, यानी एक साल में उनकी संपत्ति काफी बढ़ी है. 

नोट- वित्त वर्ष 2026 के लिए पाकिस्तान ने 10.8 अरब डॉलर का रक्षा बजट रखा था.

फोर्ब्स के मुताबिक, सजवानी दुनिया के अमीर अरबों की इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. उनसे ऊपर सऊदी अरब के प्रिंस अलवलीद बिन तलाल अलसऊद हैं, जिनकी संपत्ति 19.9 अरब डॉलर आंकी गई है.

दुबई के शासक की संपत्ति कितनी?

दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की संपत्ति का एक अनुमान करीब 16 अरब डॉलर है. हालांकि यह आंकड़ा फोर्ब्स की 2026 अरबपतियों की लिस्ट का आधिकारिक आंकड़ा नहीं है. उनकी संपत्ति का सही आकलन करना भी आसान नहीं है, क्योंकि शाही परिवार की निजी संपत्ति और दूसरी संपत्तियों के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता है. 2021 में ओसीसीआरपी ने उनकी संपत्तियों का अनुमान करीब 14 अरब डॉलर लगाया था.

इसलिए फोर्ब्स की 2026 सूची के हिसाब से हुसैन सजवानी यूएई के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जबकि शेख मोहम्मद की अनुमानित निजी संपत्ति अलग स्रोतों में दी गई है.

अरबपतियों की कुल संपत्ति भी बढ़ी

फोर्ब्स के मुताबिक, 2026 की सूची में 7 अरब देशों के कुल 36 अरबपति शामिल हैं. इन सभी की मिलाकर संपत्ति 137.3 अरब डॉलर है, जो 2025 के 128.4 अरब डॉलर से 8.9 अरब डॉलर ज्यादा है. अकेले यूएई के 7 अरबपतियों की कुल संपत्ति 35.4 अरब डॉलर है.

यह भी पढ़ें: दुबई के शासक के भाई और अरबों के मालिक शेख अहमद अल मकतूम का निधन, UAE की सेना की रखी थी नींव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dubai, World Richest Person, Dubai News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com