विज्ञापन
This Article is From Jul 03, 2017

इस्राइल में पीएम मोदी को मिलेगा वह सम्मान जो मिलता है सिर्फ पोप और अमेरिकी राष्ट्रपति को

पीएम नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय यात्रा मंगलवार से, संबंधों को बढ़ाएंगे भारत और इस्राइल

इस्राइल में पीएम मोदी को मिलेगा वह सम्मान जो मिलता है सिर्फ पोप और अमेरिकी राष्ट्रपति को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को तीन दिवसीय यात्रा पर इस्राइल पहुंचेंगे. किसी भारतीय पीएम की यह पहली इस्राइल यात्रा है.
  • भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली इस्राइल यात्रा
  • हैफा में इंडियन सिमेट्री में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे मोदी
  • 26/11 मुंबई आतंकी हमले में जीवित बचे होल्त्जबर्ग मोशे से मिलेंगे
यरूशलम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस्राइल में स्वागत के दौरान वह सम्मान दिया जाएगा जो इस देश की परंपरा के मुताबिक सिर्फ पोप और अमेरिका के राष्ट्रपति को दिया जाता रहा है. इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू हवाईअड्डे पर मोदी का अभिनंदन करेंगे. पीएम मोदी की तीन दिवसीय इस्राइल यात्रा मंगलवार को शुरू होगी. पीएम मोदी की इस्राइल यात्रा के दौरान भारत और इस्राइल अपने-अपने संबंधों को बढ़ाएंगे और कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे.

भारत के किसी प्रधानमंत्री की यह पहली इस्राइल यात्रा है. लगातार ''उतार-चढ़ाव'' के दौर से गुजरे द्विपक्षीय संबंधों में मजबूती की दिशा में मोदी की इस यात्रा का ''बेहद अहम कदम'' के तौर पर स्वागत हुआ है.

मंगलवार से से शुरू हो रही मोदी की तीन दिवसीय यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 25 साल पूरा होने के उपलक्ष्य पर केंद्रित है और इस दौरान महत्वपूर्ण सामरिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर नए आयाम ढूंढने के मकसद से मोदी एवं उनके इस्राइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के बीच चर्चा होगी.

दोनों पक्षों की ओर से नवोन्मेष, विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष के क्षेत्र में कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है.जल एवं कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अलावा भारत और इस्राइल लोगों के बीच आपसी संपर्क, हवाई संपर्क और निवेश में मजबूती के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे.

यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भी चार करोड़ डॉलर की लागत से औद्योगिक अनुसंधान एवं विकास की स्थापना के अलावा गंगा नदी के एक हिस्से की सफाई के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है.

यात्रा से पहले नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह परस्पर हित के क्षेत्रों में द्विपक्षीय भागीदारी प्रगाढ़ करने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करेगा.

नेतन्याहू हवाईअड्डा पर मोदी का अभिनंदन करेंगे. यह एक विशेष शिष्टाचार अभिनंदन है जो सिर्फ पोप एवं अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए किया जाता है. इस्राइली प्रधानमंत्री कल मोदी के लिए विशेष रात्रिभोज का भी आयोजन करेंगे. नेतन्याहू पांच जुलाई को सामुदायिक स्वागत समारोह समेत अधिकतर कार्यक्रमों में मोदी के साथ होंगे.

मोदी हैफा में इंडियन सिमेट्री में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे. मोदी 26/11 मुंबई आतंकी हमले में जीवित बचे होल्त्जबर्ग मोशे से भी मुलाकात करेंगे, जिन्हें उनकी भारतीय आया सांड्रा सैमुएल ने बचाया था.

प्रधानमंत्री पांच जुलाई को इस्राइल के राष्ट्रपति रूवन रिवलिन और विपक्ष के नेता आईजैक हरजोग से भी मुलाकात करेंगे.
(इनपुट एजेंसियों से)
लेखक के बारे में
img
ख़बर न्यूज़ डेस्क
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, Israel Tour Of PM Modi, India-Israel Diplomatic Relations, Benjamin Netanyahu, Honor Of PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com