विज्ञापन

इजरायल के होने वाले पीएम गादी टेंशन में; ट्रंप-नेतन्याहू की 'झगड़े वाली फोन कॉल' पर दी चेतावनी

इजरायल में नयी सरकार के गठन से पहले ही अजीब सा माहौल हो गया है. हर तरफ अविश्वास का माहौल है. नेतन्याहू को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. यहां तक कि ये भी कहा जा रहा है कि वो फिर से युद्ध शुरू कर सकते हैं.

इजरायल के होने वाले पीएम गादी टेंशन में; ट्रंप-नेतन्याहू की 'झगड़े वाली फोन कॉल' पर दी चेतावनी
नेतन्याहू को लेकर अब गादी भी चिंतित हो गए हैं. (फोटो-टाइम्स ऑफ इजरायल)
  • यशार पार्टी के नेता गादी आइसेनकोट को इजरायल के राष्ट्रपति ने अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है
  • आइसेनकोट ने आरोप लगाया कि कार्यवाहक पीएम नेतन्याहू उन्हें सुरक्षा ब्रीफिंग नहीं दे रहे हैं
  • नेतन्याहू ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करना चाहते हैं, जबकि सुरक्षा प्रमुखों ने इस पर विरोध जताया है

'यशार' पार्टी के नेता गादी आइसेनकोट को इजरायल में अगली सरकार बनाने के लिए राष्ट्रपति ने आमंत्रित किया है. मगर, उससे पहले कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की झगड़े वाली फोन कॉल ने उनकी टेंशन बढा दी है. गादी ने आरोप लगाया है कि नेतन्याहू उन्हें सिक्योरिटी ब्रीफिंग नहीं दे रहे हैं.

गादी ने बुधवार को अटॉर्नी जनरल गाली बहारव-मियारा से हस्तक्षेप करने की अपील की, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से नियमित सुरक्षा ब्रीफिंग मिल सके. साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री को चेतावनी दी कि चुनाव के बाद के संक्रमण काल ​​में, किसी गैर-जरूरी काम के लिए सुरक्षा बलों को तैनात न करें.  आइसेनकोट का तर्क है कि उन्हें नियमित, व्यवस्थित और व्यापक ब्रीफिंग मिलनी चाहिए और खुफिया आकलन तक पहुंच दी जानी चाहिए, क्योंकि कानून के तहत अभी कोई विपक्ष का नेता नहीं है और राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने उन्हें सरकार बनाने का काम सौंपा है.

टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, आइसेनकोरट ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू के स्टाफ के साथ ब्रीफिंग तय करने की उनकी टीम की कोशिशें नाकाम रही हैं. आइसेनकोट ने अटॉर्नी जनरल से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया कि किसी भी सैन्य या ऑपरेशनल कार्रवाई पर कैबिनेट और सरकार द्वारा उचित चर्चा की जाए और उनकी मंजूरी ली जाए, जैसा कि कानून के तहत जरूरी है. उन्होंने कहा कि "प्रभावी निगरानी, ​​राष्ट्रीय स्तर पर सही फैसले लेने और सुरक्षा हितों की रक्षा" के लिए ऐसा करना आवश्यक है.

क्यों गादी ऐसा चाहते हैं

ऐसी खबरें हैं कि सुरक्षा प्रमुखों की आपत्तियों के बावजूद, कार्यवाहक प्रधानमंत्री नेतन्याहू ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करना चाहते थे. उनके पिछले पत्र में ईरान का कोई जिक्र नहीं था, लेकिन हाल की रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा प्रमुखों की आपत्तियों के बावजूद नेतन्याहू वहां एक सैन्य अभियान चलाना चाहते हैं. इसके लिए वो ट्रंप को बार-बार फोन भी कर रहे हैं. इजरायली मीडिया यनेट के मुताबिक 8 नवंबर को दोनों नेताओं के बीच फोन पर जबरदस्त बहस हुई और दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाने लगे. हालांकि, इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इससे इनकार किया है. 

मंगलवार को एक इजरायली टीवी रिपोर्ट में बताया गया कि IDF चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने ईरान के खिलाफ प्रधानमंत्री नेतन्याहू द्वारा प्रस्तावित कुछ अज्ञात कदमों का फिर से विरोध किया है. बताया जाता है कि 27 अक्टूबर के चुनाव से पहले भी जमीर ने ऐसे ही एक कदम का विरोध किया था, क्योंकि रक्षा अधिकारियों को डर था कि इससे तनाव बढ़ सकता है और चुनाव प्रक्रिया बाधित हो सकती है. कुल मिलाकर अलग-अलग रिपोर्ट में ये दावा किया जा रहा है कि नेतन्याहू एक बार फिर ईरान पर हमला करना चाहते हैं. यही गादी को डरा रहा है. क्योंकि अगर हमले के बाद ईरान ने पलटवार किया तो जंग लंबी खिंच सकती है और उनके पीएम की कुर्सी पर बैठने का इंतजार भी.

यह भी पढ़ें | ट्रंप को 6 महीने से थी अफेयर की पूरी जानकारी, फिर भी Nvidia CEO को ले गए चीन? खुलासे के बाद कर रहे इनकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gadi Eisenkot, Israel Iran War, Netanyahu Trump Secret Call, Netanyahu Trump Talks, Gadi Eisenkot Israel Next Pm
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com