समुद्र के बीच फंसा जहाज, बंदूकधारी समुद्री लुटेरे, खत्म होता खाना-पानी और घर पर रोते-बिलखते परिवार... पाकिस्तान के 10 नाविक पिछले 23 दिनों से सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे में हैं. परिवारों का कहना है कि जहाज पर फंसे लोग अब गंदा टैंक का पानी पीकर और दिन में सिर्फ एक बार उबला चावल खाकर जिंदा हैं. कराची में बच्चों के साथ सड़कों पर उतरे परिवार सरकार से अपने प्रियजनों को वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार अंबरीन फातिमा ने बुधवार को कराची में अपने बच्चों के साथ विरोध प्रदर्शन किया. वह अपने पति की रिहाई की मांग कर रही थीं, जो उस तेल टैंकर पर सवार 10 पाकिस्तानी क्रू सदस्यों में से एक हैं जिसे 23 दिन पहले सोमाली के समुद्री लुटेरों ने कब्जे में ले लिया था. इस रिपोर्ट के अनुसार फातिमा ने कहा कि उनके पति अब जिंदा रहने के लिए जहाज के टैंक का गंदा पानी पी रहे हैं.
एमटी ऑनर 25 नाम का यह तेल टैंकर पलाऊ के झंडे के तहत चल रहा था. यह टैंकर जहाज 21 अप्रैल को सोमालिया के पुंटलैंड क्षेत्र से लगभग 30 समुद्री मील दूर कब्जे में लिया गया था. जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य थे, जिनमें 10 पाकिस्तानी थे. फातिमा के पति सैयद हुसैन यूसुफ जहाज पर सेकंड इंजीनियर हैं.
फातिमा ने बताया कि छह दिन पहले जब समुद्री लुटेरों ने वीडियो कॉल की इजाजत दी थी, तब “वह बिल्कुल ठीक नहीं लग रहे थे.”
साफ पानी खत्म
परिवारों ने बताया कि उनके बच्चों को अपने पिता के गायब होने के बाद से घबराहट और चिंता के दौरे (एंजाइटी अटैक) पड़ रहे हैं. जब समुद्री लुटेरे कुछ समय के लिए क्रू सदस्यों को घर फोन करने देते हैं, तो वे बताते हैं कि जहाज पर साफ पानी खत्म हो चुका है. नाविक गंदा टैंक का पानी पी रहे हैं और दिन में सिर्फ एक बार उबला हुआ चावल खाकर गुजारा कर रहे हैं.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि समुद्री लुटेरों ने अब तक इस्लामाबाद से संपर्क नहीं किया है और सरकार से बातचीत की कोई इच्छा नहीं दिखाई है. उन्होंने कहा, “जहाज का मालिक समुद्री लुटेरों से बातचीत कर रहा है और सोमाली सरकार के संपर्क में है, जो पाकिस्तान को हर अपडेट दे रही है.” उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के जिबूती स्थित दूतावास की एक टीम 7 मई से 10 मई के बीच सोमालिया गई थी. वहां उन्हें बताया गया कि सभी बंधक सुरक्षित हैं.
लेकिन सोमाली अधिकारियों ने कहा कि वे जहाज पर हमला नहीं कर सकते, क्योंकि उसमें ज्वलनशील सामान भरा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं