विज्ञापन

पाकिस्तान में भी पेपर लीक के बाद बवाल, यहां सोशल मीडिया पर पहले से ही सॉल्व होकर घूम रहा था पेपर

Paper Leak in Pakistan: पाकिस्तान में कैंब्रिज इंटरनेशनल एजुकेशन ने पुष्टि की है कि 12 मई को हुई एएस-लेवल मैथ्स परीक्षा का एक पेपर लीक हो गया था.

पाकिस्तान में भी पेपर लीक के बाद बवाल, यहां सोशल मीडिया पर पहले से ही सॉल्व होकर घूम रहा था पेपर
Paper Leak in Pakistan: पाकिस्तान में भी पेपर लीक के बाद भारी बवाल

पाकिस्तान में कई छात्रों के भविष्य से जुड़ी कैंब्रिज परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर पेपर लीक होने के दावों के बीच अब खुद कैंब्रिज इंटरनेशनल एजुकेशन ने माना है कि एएस-लेवल मैथ्स का एक पेपर समय से पहले बाहर आ गया था. छात्रों का कहना है कि जो पेपर उन्हें परीक्षा में मिला, वही सवाल एक दिन पहले सोशल मीडिया पर सॉल्व होकर घूम रहे थे. इस खुलासे के बाद एक और परीक्षा टाल दी गई है और अब हजारों छात्रों के बीच चिंता बढ़ गई है.

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार कैंब्रिज इंटरनेशनल एजुकेशन ने बुधवार को पुष्टि की कि 12 मई को हुई एएस-लेवल मैथ्स परीक्षा का एक पेपर लीक हो गया था. इसके बाद बोर्ड ने 15 मई, शुक्रवार को होने वाला एक और मैथ्स पेपर भी स्थगित कर दिया. बता दें कि हाल ही में कैंब्रिज परीक्षा पेपर लीक होने की खबरों के बीच, मंगलवार को एएस-लेवल मैथ्स की परीक्षा देने वाले छात्रों ने दावा किया कि उन्हें जो पेपर मिला, वही एक दिन पहले सोशल मीडिया पर मौजूद सॉल्व पेपर जैसा था.

बोर्ड ने बुधवार को जारी बयान में कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि कैंब्रिज इंटरनेशनल एएस-लेवल मैथमैटिक्स पेपर 52 (9709), जो 12 मई को हमारे एडमिनिस्ट्रेटिव जोन 3 और 4 में हुआ था, हमारे सख्त नियमों के खिलाफ समय से पहले शेयर किया गया.” बयान में कहा गया कि इस तरह की घटनाओं की तुरंत और पूरी जांच की जाती है और अब यह समझने की कोशिश हो रही है कि पेपर लीक कितना फैला और आगे क्या कदम उठाए जाएं.


कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस एंड एसेसमेंट का हिस्सा सीआईई दुनिया के 160 से ज्यादा देशों के स्कूलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त परीक्षाएं कराता है. पाकिस्तान में ओ-लेवल (कक्षा 10–11) में कई विषय पढ़ाए जाते हैं, जबकि एएस और ए-लेवल (कक्षा 12–13) ज्यादा विशेष और एडवांस पढ़ाई मानी जाती है, जो पाकिस्तान और विदेशों में उच्च शिक्षा के रास्ते खोलती है. पिछले महीने 29 अप्रैल को हुई एएस-लेवल मैथ्स परीक्षा (9709/12) को लेकर भी ऐसे ही दावे सामने आए थे. मामले की जांच के बाद सीआईई ने कहा था कि इन दावों में सच्चाई हो सकती है. इसलिए उस पेपर की दोबारा परीक्षा 9 जून को रखी गई है.

बता दें कि भारत में भी अभी डॉक्टरी की पढ़ाई से जुड़ी नीट यूजी की परीक्षा के पेपर लीक को लेकर बवाल मचा हुआ है.

यह भी पढ़ें: दोमुंहा पाकिस्तान! एक तरफ सालों से ईरानी विमानों को पनाह दे रहा, दूसरी तरफ 'सरपंच' बन रहा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com