विज्ञापन

पाकिस्तान में टिकटॉकर की मेहंदी में मची भगदड़, 2 की मौत-18 घायल, बाइक-कार के लालच में आई हजारों की भीड़

'मिस्टर पैटलो' के नाम से मशहूर इस पाकिस्तानी टिकटॉकर ने NOC तो तो एक बंद जगह पर निजी कार्यक्रम के लिए लिया था लेकिन भीड़ को एक क्रिकेट स्टेडियम में बुला लिया. भगदड़ में मौत के तांड़व के बाद यह टिकटॉकर फरार है.

पाकिस्तान में टिकटॉकर की मेहंदी में मची भगदड़, 2 की मौत-18 घायल, बाइक-कार के लालच में आई हजारों की भीड़
पाकिस्तान में टिकटॉकर की मेहंदी में मची भगदड़

पाकिस्तान के सियालकोट जिले में एक टिकटॉकर ने मेहंदी का फंक्शन रखा था, जिसके दौरान भगदड़ मच गई और कम से कम दो लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में 18 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह भगदड़ शुक्रवार रात डस्का रोड स्थित फराज क्रिकेट ग्राउंड में हुई. यहां टिकटॉकर मुहम्मद अंसार जट्ट, जो 'मिस्टर पैटलो' के नाम से मशहूर हैं, उनके मेहंदी प्रोग्राम और अवॉर्ड फंक्शन में सैकड़ों लोग जमा हुए थे.

रिपोर्ट में बताया गया है कि स्टेडियम के गेट खुलने और लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को एक साथ मैदान के अंदर जाने के लिए कहे जाने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. 'रेस्क्यू 1122' ने शुरुआत में एक मौत और 13 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में एक और घायल व्यक्ति की सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई. सामने आए वीडियो से पता चलता है कि इवेंट में हजारों की भीड़ जुटी थी.

आयोजकों पर गिरी गाज

सियालकोट जिला पुलिस अधिकारी (DPO) दोस्त मुहम्मद ने पुष्टि की कि इवेंट के मैनेजमेंट से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने लकी ड्रॉ के जरिए बांटे जाने के लिए रखी गई 50 मोटरसाइकिलें और एक कार भी जब्त की है. शुरुआती जांच के अनुसार, आयोजकों ने सोशल मीडिया पर मोटरसाइकिल, कार और अन्य कीमती सामानों के पुरस्कारों का विज्ञापन देकर भारी भीड़ जुटाई थी. DPO ने बताया कि आयोजकों ने अनुमति की शर्तों का उल्लंघन किया और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू नहीं किए, जिसके कारण भीड़ को ठीक से नियंत्रित नहीं किया जा सका.

पुलिस ने बाकी संदिग्धों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई हैं. इनमें जट्ट भी शामिल है, जो कथित तौर पर घटना के बाद मौके से फरार हो गया था. इस बीच, सियालकोट जिला प्रशासन ने शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए इस कार्यक्रम के लिए जारी 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) को रद्द कर दिया है. यह अनुमति डस्का में एक बंद जगह पर निजी 'महफिल-ए-समा' (कार्यक्रम) आयोजित करने के लिए दी गई थी.

31 अक्टूबर को मोटरा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में जट्ट, उसके भाई, क्रिकेट ग्राउंड के मालिक, छह अन्य आयोजकों और 40-45 अज्ञात सुरक्षा गार्डों के नाम शामिल हैं. इस मामले में गैर-इरादतन हत्या, दंगा करने, सरकारी आदेशों की अवहेलना करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं. DPO ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें | ट्रंप के घर से 11 KM दूर प्लेन क्रैश, 9 की मौत, पायलट के आखिरी शब्द- 'हे भगवान, अब समय नहीं बचा' 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan Crime, TikTok
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com