पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर की हवा भी जहरीली हो गई है. इसके लिए वहां की मंत्री भारत में मनाए गए दिवाली के जश्न को दोष दे रही हैं. लाहौर में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI खतरनाक स्तर 600 के पार पहुंच गया है, जो चिंताजनक स्थिति है. हालत यह है कि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच लाहौर से हटाकर रावलपिंडी में शिफ्ट कर दिया गया है. ऐसे में पंजाब प्रांत की सीनियर मंत्री मरियम औरंगजेब ने प्रदूषण में इस भारी बढ़ोतरी के लिए भारत के शहरों में दीवाली की आतिशबाजी और पराली जलाने से आने वाले धुएं को जिम्मेदार ठहराया है.
भारत और दिवाली को दोष दे रहीं मंत्री
X पर पोस्ट किए गए बयानों में, मरियम औरंगजेब ने आरोप लगाया कि अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा और फिरोजपुर सहित भारत के शहरों से प्रदूषित हवा पूर्वी गलियारे के रास्ते लाहौर में दाखिल हुई, जिससे 8 नवंबर को प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया. कमाल की बात है कि जब हवा खराब होने का दोष देना था तो भारत की बात की लेकिन साथ ही जब उन्होंने हवा की गुणवत्ता में काफी सुधार की जानकारी दी, तो उन्होंने इसका श्रेय पंजाब सरकार के एंटी-स्मॉग अभियानों, अनुकूल मौसम, हवा की तेज गति और लगातार निगरानी को दिया.
मरियम औरंगजेब ने कहा कि मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ के किए गए कामों से अपने यहां का प्रदूषण कम हुआ है और बाहर से आने वाले प्रदूषण का असर भी घटा है. उन्होंने कहा कि हवा की दिशा बदल गई है और मौसम भी अच्छा हो गया है, इसलिए हालात बेहतर हो रहे हैं.
मैच करना पड़ा शिफ्ट
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच लाहौर से रावलपिंडी शिफ्ट कर दिया गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसके पीछे मौजूदा मौसम की स्थिति को कारण बताया है. लाहौर इस समय भारी मौसमी स्मॉग की चपेट में है. हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने वाली स्विस टेक्नोलॉजी कंपनी 'IQAir' के अनुसार, यह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक है.
क्रिकइन्फो के मुताबिक, ब्रॉडकास्टर्स ने चिंता जताई थी कि अगर पूरे शहर में स्मॉग की घनी परत के बीच मैच होता है, तो ब्रॉडकास्ट की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. इस हफ्ते की शुरुआत में लाहौर में हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई, जिसके बाद ब्रॉडकास्टर्स को वहां जाने की व्यवस्था न करने के लिए कहा गया. इस बीच, PCB टेस्ट मैच को दूसरी जगह शिफ्ट करने के फैसले पर विचार कर रहा था. यह फैसला PCB की उन कोशिशों के लिए एक झटका है, जिसके तहत वे लाहौर में क्रिकेट सीजन का विस्तार करके उसमें शुरुआती पतझड़ (ऑटम) के समय को भी शामिल करना चाहते थे. अगर यह टेस्ट मैच वहां होता, तो 2007 के बाद यह पहला मौका होता जब 1 नवंबर के बाद लाहौर में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाता.
गौरतलब है कि नवंबर 2020 में पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच हुई व्हाइट-बॉल सीरीज को भी लाहौर से रावलपिंडी शिफ्ट कर दिया गया था. वहीं, दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच होने वाले एक टेस्ट मैच को मुल्तान से कराची शिफ्ट किया गया था. ध्यान रहे कि दूसरे टेस्ट मैच की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है; यह मैच 17 से 21 दिसंबर के बीच ही खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें | दिल्ली की AQI में मामूली सुधार लेकिन हवा अब भी जहरीली! नहीं कम हो रहा प्रदूषण, पराली के मुद्दे पर सियासत जारी
यह भी पढ़ें | हरियाणा का धुआं पाकिस्तान जाता है और पंजाब का दिल्ली! BJP पर AAP का पलटवार, पराली को लेकर छिड़ी नई सियासी जंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं