विज्ञापन

World Pneumonia Day: क्या बढ़ता प्रदूषण बच्चों में बढ़ाता है निमोनिया का खतरा? डॉक्टर से जानिए क्या है कनेक्शन

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में प्रदूषण का स्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में अक्सर बच्चे को लेकर मन में डर बैठ जाता है. माता-पिता को इस बात का डर रहता है कि कहीं प्रदूषण से बच्चों को निमोनिया न हो जाए. यहां डॉक्टर से  जानते हैं प्रदूषण, फेफड़ों की सेहत, निमोनिया के लक्षण और बचाव के आसान तरीके-

World Pneumonia Day: क्या बढ़ता प्रदूषण बच्चों में बढ़ाता है निमोनिया का खतरा? डॉक्टर से जानिए क्या है कनेक्शन
Air Pollution and Pneumonia : प्रदूषण और निमोनिया

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में बढ़ता प्रदूषण बच्चों की सेहत के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. सर्दियों में जब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बहुत खराब स्तर पर पहुंच जाता है, तब बच्चों में खांसी, सांस फूलना, गले में जलन और बार-बार होने वाले चेस्ट इंफेक्शन के मामले बढ़ने लगते हैं. ऐसे में कई माता-पिता के मन में सवाल आता है कि क्या प्रदूषण की वजह से बच्चों में निमोनिया का खतरा भी बढ़ सकता है?

दिल्ली के रेनबो चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजिस्ट, एलर्जी और स्लीप स्पेशलिस्ट डॉ. निखिल राजवंशी का कहना है कि प्रदूषण और बच्चों की फेफड़ों की सेहत के बीच सीधा संबंध है. प्रदूषित हवा में मौजूद बेहद छोटे कण और जहरीली गैसें सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचती हैं और वहां परेशानी पैदा कर सकती हैं.

प्रदूषण बच्चों के फेफड़ों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?

बच्चों के फेफड़े अभी पूरी तरह विकसित नहीं होते. इसके अलावा बच्चे बड़ों की तुलना में ज्यादा तेजी से सांस लेते हैं. यही वजह है कि उनके शरीर में ज्यादा मात्रा में प्रदूषित हवा पहुंच सकती है. लगातार खराब हवा में रहने से सांस की नलियों में जलन और सूजन हो सकती है. इससे शरीर की वह प्राकृतिक क्षमता कमजोर पड़ने लगती है, जो इंफेक्शन से लड़ने में मदद करती है. ऐसे में वायरस और बैक्टीरिया आसानी से हमला कर सकते हैं.

क्या प्रदूषण से सीधे निमोनिया हो जाता है?

डॉक्टरों का कहना है कि प्रदूषण खुद निमोनिया नहीं करता. निमोनिया एक तरह का फेफड़ों का इंफेक्शन है, जो वायरस, बैक्टीरिया या कभी-कभी फंगस की वजह से होता है. हालांकि, प्रदूषण फेफड़ों को कमजोर बना सकता है. इससे बच्चों में इंफेक्शन होने की संभावना बढ़ जाती है और निमोनिया का खतरा भी ज्यादा हो सकता है.

किन बच्चों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है?

कुछ बच्चों में खतरा पहले से ज्यादा हो सकता है, जैसे-

  • एक साल से कम उम्र के बच्चे
  • समय से पहले जन्मे बच्चे
  • कमजोर पोषण वाले बच्चे
  • अस्थमा या दूसरी सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे बच्चे
  • ज्यादा ट्रैफिक या औद्योगिक इलाकों में रहने वाले बच्चे

निमोनिया के शुरुआती लक्षण क्या हैं?

अगर बच्चे को लगातार खांसी, बुखार, तेज-तेज सांस चलना, सीने में दर्द होना, खाना या दूध पीने में परेशानी और ज्यादा सुस्ती महसूस हो, तो फौरन डॉक्टर से सलाह लें.  इसके अलावा अगर बच्चे को सांस लेने में बहुत परेशानी हो रही हो, होंठ नीले पड़ने लगें या वह कुछ खा-पी न पा रहा हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

बच्चों को कैसे बचाएं?

जब AQI बहुत खराब हो, तो बच्चों का बाहर खेलना कम कर दें. घर के अंदर साफ हवा बनाए रखने की कोशिश करें. घर में धूम्रपान, अगरबत्ती और मच्छर मारने वाली कॉइल का धुआं भी बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसके अलावा समय पर वैक्सीनेशन भी बहुत जरूरी है. न्यूमोकोकल और फ्लू वैक्सीन बच्चों को निमोनिया पैदा करने वाले कुछ प्रमुख इंफेक्शन्स से बचाने में मदद कर सकती हैं.

ये भी पढ़ें - स्वाइन फ्लू के बाद बढ़ रही खांसी और थकान? जानिए कौन से लक्षण हैं खतरे की घंटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Air Pollution In Delhi, Air Pollution And Brain, Air Pollution & Mental Health, Health News, Winter Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com