दिल्ली की जहरीली होती हवा को लेकर सियासत फिर गरमा गई है. राजधानी में बढ़ते प्रदूषण पर पंजाब की पराली को जिम्मेदार ठहराने वाली बीजेपी के आरोपों के बीच आम आदमी पार्टी ने तीखा पलटवार किया है. AAP नेताओं ने सवाल उठाया है कि जब पंजाब और दिल्ली के बीच हरियाणा पड़ता है तो आखिर पंजाब का धुआं ही दिल्ली पहुंचने का आरोप क्यों झेल रहा है. इस मुद्दे पर पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा और वरिष्ठ नेता बलतेज सिंह पन्नू ने बीजेपी को सीधे निशाने पर लिया है.
दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर हाल के दिनों में बीजेपी लगातार पंजाब में पराली जलाने के मामलों को मुद्दा बना रही है. इसी कड़ी में दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने भी पंजाब की पराली का जिक्र करते हुए दिल्ली की खराब हवा पर चिंता जताई थी. इसके बाद आम आदमी पार्टी ने मोर्चा संभालते हुए बीजेपी पर पंजाब और किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाया.
AAP का आरोप
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बीजेपी पंजाब और किसानों के खिलाफ काम करने वाली पार्टी है और उसे राज्य के किसानों को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ती. उन्होंने कपिल मिश्रा के बयानों को झूठ करार देते हुए कहा कि पंजाब को प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराना तर्कसंगत नहीं है.
चीमा ने तंज कसते हुए पूछा, "क्या पंजाब का धुआं किसी गाड़ी में बैठकर दिल्ली आता है या बोरियों में भरकर भेजा जाता है?" उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली के बीच करीब 300 किलोमीटर का हरियाणा है, लेकिन बीजेपी हरियाणा से निकलने वाले प्रदूषण पर उसी तरह सवाल नहीं उठाती.
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि ऐसा लगता है मानो हरियाणा का धुआं पाकिस्तान की ओर चला जाता है, जबकि पंजाब का धुआं सीधे दिल्ली पहुंच जाता है. चीमा ने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर पंजाब को निशाना बना रही है और किसानों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रही है.
'पंजाब को प्रदूषण की बहस का केंद्र बनाना चाहती है बीजेपी'
इस दौरान AAP के वरिष्ठ नेता बलतेज सिंह पन्नू ने भी बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि धान की कटाई का सीजन शुरू होने से पहले ही बीजेपी नेताओं ने पंजाब के धुएं का मुद्दा उठाना शुरू कर दिया था, जिससे साफ है कि पार्टी पहले से ही पंजाब को प्रदूषण बहस का केंद्र बनाना चाहती थी.
पन्नू ने दावा किया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत तक कमी आई है. उन्होंने सवाल किया कि जब राज्य में पराली जलाने की घटनाएं लगातार कम हुई हैं तो फिर दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब के किसानों को ही जिम्मेदार क्यों ठहराया जा रहा है.
उन्होंने बीजेपी से पंजाब के किसानों को दोष देना बंद करने और पराली प्रबंधन के लिए उठाए गए कदमों को स्वीकार करने की मांग की. पन्नू ने कहा कि किसानों ने फसल अवशेष के निपटान के लिए वैकल्पिक तरीकों को अपनाया है और सरकार ने इसके लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध कराए हैं.
किसानों के मुद्दे पर भी घेरा
किसान आंदोलन का मुद्दा भी इस सियासी टकराव में सामने आया. पन्नू ने बीजेपी से पूछा कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चले लंबे आंदोलन के दौरान जिन 750 किसानों की मौत का दावा किया गया, उनके लिए पार्टी ने क्या किया. उन्होंने किसान आंदोलन की याद दिलाते हुए कहा कि महीनों तक पंजाब समेत कई राज्यों के किसान दिल्ली की सीमाओं पर डटे रहे थे, जिसके बाद केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े थे.
वहीं हरपाल सिंह चीमा ने भगवंत मान सरकार का बचाव करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में किसानों को बड़ी संख्या में कृषि मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं ताकि पराली को जलाने के बजाय उसका प्रबंधन किया जा सके. उनके अनुसार इन मशीनों की मदद से किसानों को फसल अवशेष निपटाने में सुविधा मिली है और पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है.
यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले क्यों खराब थी हवा, अकेले पटाखे ही जिम्मेदार नहीं; काराबोरी संगठन CTI ने उठाया अलग सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं