विज्ञापन

पुतिन से पंगा लेकर जीता ऑस्कर, US अफसर बोले- ये 'हथियार' है, नहीं ले जाने देंगे; अब आसमान से गायब हुई ट्रॉफी

दुनिया में फिल्मी जगत के सबसे प्रतिष्ठित ऑस्कर अवॉर्ड की ट्रॉफी को न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने 'घातक हथियार' बताकर विमान में साथ नहीं ले जाने दिया. बीच रास्ते में ट्रॉफी गायब हो गई.

पुतिन से पंगा लेकर जीता ऑस्कर, US अफसर बोले- ये 'हथियार' है, नहीं ले जाने देंगे; अब आसमान से गायब हुई ट्रॉफी
अमेरिकी एयरपोर्ट अधिकारियों की जिद के चलते रूसी फिल्ममेकर पावेल टालानकिन की ऑस्कर ट्रॉफी गुम हो गई है.
AFP
  • रूस के वीडियोग्राफर पावेल तालानकिन को मार्च में बेस्ट डॉक्युमेंट्री का ऑस्कर अवॉर्ड मिला था
  • लुफ्थांसा एयरलाइंस ने डिब्बे में ऑस्कर ट्रॉफी को पैक करके भेजा, जो रास्ते में ही कहीं गायब हो गई
  • पावेल ने रूस में दो साल तक टीचर की नौकरी कर यूक्रेन युद्ध के प्रोपेगेंडा पर डॉक्युमेंट्री बनाई थी

ऑस्कर अवॉर्ड को दुनिया में फिल्म जगत का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है. लेकिन क्या हो कि कोई कहे कि ये गोल्डन ट्रॉफी कोई अवॉर्ड नहीं बल्कि 'घातक हथियार' है. रूस के वीडियोग्राफर पावेल तालानकिन के साथ न्यूयॉर्क के JFK एयरपोर्ट पर कुछ ऐसा ही हुआ है. चौंकाने वाली बात ये है कि एयरपोर्ट के सुरक्षाकर्मियों ने ऑस्कर ट्रॉफी को हथियार मानकर फ्लाइट में ले जाने से रोक दिया, और ये ट्रॉफी बीच रास्ते में गुम हो गई. हालांकि बड़े पैमाने पर तलाश के बाद ट्रॉफी अब मिल गई है. 

जहां मिला पुरस्कार, वहीं मान लिया हथियार

हैरानी की बात ये भी है कि ऑस्कर ट्रॉफी को उसी देश में 'हथियार' करार दे दिया गया, जो खुद उसे दुनिया के प्रतिष्ठित फिल्मकारों को बांटता है. ऑस्कर को आधिकारिक तौर पर अकादमी अवॉर्ड्स कहा जाता है और अमेरिका में कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस स्थित हॉलीवुड में आयोजित भव्य समारोह में इसे प्रदान किया जाता है. करीब पौने चार किलो वजनी इस ट्रॉफी को मिश्रित धातु के ऊपर 24 कैरेट सोने की परत चढ़ाकर बनाया जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

मार्च में ही रूसी को मिला था ऑस्कर 

35 वर्षीय रूसी वीडियोग्राफर पावेल टालानकिन को इस साल मार्च में ही हॉलीवुड में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया था. पावेल को Mr Nobody Against Putin" के लिए बेस्ट डॉक्युमेंट्री का ऑस्कर अवॉर्ड मिला था. ये डॉक्युमेंट्री उन्होंने अमेरिकी फिल्ममेकर डेविड बोरेस्टीन के साथ मिलकर बनाई थी. 

Latest and Breaking News on NDTV

पुतिन के वॉर प्रोपेगेंडा पर बनाई थी डॉक्युमेंट्री

ये डॉक्युमेंट्री भी कोई ऐसी वैसी नहीं है, इसमें युद्ध को लेकर रूसी राष्ट्रपति पुतिन की सनक और प्रोपेगेंडा को दिखाया गया है. इससे रूस इतना खफा हुआ कि पावेल को विदेशी एजेंट घोषित करके तमाम तरह के प्रतिबंध लगा दिए. रूसी अदालत ने इस डॉक्युमेंट्री को बैन कर रखा है. 

देखें- नेपाल के लोग भारत के बाजारों में क्यों खरीददारी करने आते हैं, अब 'रोटी-बेटी' के रिश्तों पर भी ग्रहण?

2 साल तक रूसी स्कूल में नौकरी कर जुटाए सबूत

फिल्मी न्यूज पोर्टल डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, पावेल ने इस डॉक्युमेंट्री पर रिसर्च के लिए रूस के पश्चिमी-मध्य इलाके चेल्याबिंस्क के एक स्कूल में दो साल तक टीचर की नौकरी की ताकि यूक्रेन युद्ध को लेकर चलाए जा रहे प्रोपेगेंडा के सबूत इकट्ठा कर सकें. बाद में फुटेज लेकर 2024 में रूस से भाग आए और डॉक्युमेंट्री बनाई. लेकिन बेस्ट डॉक्युमेंट्री के लिए उन्हें मिली ऑस्कर ट्रॉफी गुम हो गई. 

Latest and Breaking News on NDTV

न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर ट्रॉफी को बताया हथियार

वाकया तब शुरू हुआ, जब पावेल मार्च में मिली अपनी सुनहरी ट्रॉफी को बैग में रखकर बुधवार को न्यूयॉर्क के जॉन एफ केनेडी एयरपोर्ट पहुंचे. उन्हें जर्मनी जाना था. पावेल का कहना है कि एयरपोर्ट पर अमेरिकी सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें विमान में ऑस्कर ट्रॉफी ले जाने की इजाजत नहीं दी. यूएस ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) के अधिकारियों का कहना था कि इस ट्रॉफी का इस्तेमाल घातक हथियार के तौर पर हो सकता है. 

दर्जनों बार विमान में साथ ले गए थे ट्रॉफी

पावेल के मुताबिक, उन्होंने एयरपोर्ट अधिकारियों को बहुत समझाने की कोशिश की कि वो पहले भी दर्जनों बार इस ट्रॉफी को लेकर विमान में सफर कर चुके हैं, लेकिन कभी कोई दिक्कत नहीं हुई. फिर भी अमेरिकी अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी और साफ कह दिया कि वो इस गोल्डन ट्रॉफी को विमान में साथ नहीं ले जा सकते. 

Latest and Breaking News on NDTV

गत्ते के डिब्बे में पैक कर रखवा दी ट्रॉफी

लुफ्थांसा एयरलाइंस के कर्मचारियों ने भी एयरपोर्ट अधिकारियों से रिक्वेस्ट की और कहा कि वो चाहें तो एयरलाइंस का कर्मी वह खुद अपनी सुरक्षा में इस ट्रॉफी को विमान में ले जाएगा, चाहे तो सुरक्षाकर्मी खुद विमान के गेट तक साथ में चल सकते हैं. लेकिन अधिकारी थे कि कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए और एयरलाइंस कर्मी के जरिए ऑस्कर ट्रॉफी को गत्ते के डिब्बे में पैक करवाकर चेक-इन लगेज में भिजवा दिया. 

फ्लाइट पहुंची, ट्रॉफी गुम, अब हो रही तलाश

लेकिन कहानी का असली क्लाइमेक्स अभी बाकी था. पावेल की फ्लाइट जब जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर उतरी तो उन्हें न वो डिब्बा मिला और न ही उसमें रखी ऑस्कर ट्रॉफी. ऑस्कर विनर की ट्रॉफी गुम होने की खबर से हड़कंप मच गया. एयरलाइन और सुरक्षा एजेंसियां उस सुनहरी मूर्ति को ढूंढने में जुट गईं. लुफ्थांसा ने बयान में बताया कि गहन तलाशी में ट्रॉफी मिल गई है और अब उसे मालिक को लौटाया जा रहा है. 

देखें- ईरान युद्ध: ट्रंप के फिर हमला करने के संकेतों के बीच गल्फ से लेकर अमेरिका-इजरायल तक हालात कैसे हैं?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Oscar Trophy, Pavel Talankin, JFK Airport Newyork
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com