- नॉर्थ कोरिया के सैनिक यूक्रेन में रूस के पक्ष में युद्ध लड़ते हुए आत्मघाती हमले कर रहे हैं
- किम जोंग ने प्योंगयांग में मारे गए सैनिकों के लिए स्मारक का उद्घाटन करते हुए उनकी बहादुरी की तारीफ की
- किम जोंग ने कहा कि आत्मघाती हमले करने वाले सैनिकों ने देश की इज्जत की रक्षा के लिए खुद को बलिदान किया
नॉर्थ कोरिया के सैनिक यूक्रेन में रूस की तरफ से जंग लड़ रहे हैं. वे सही अर्थों में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए जान हथेली पर लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं, अगर स्थिति ऐसी आ जाए कि दुश्मन बंदी बनाने वाले हों तो खुद मौत को गले लगा ले रहे, सेफ्ल ब्लास्ट करके खुद को उड़ा दे रहे हैं. अब तो खुद नॉर्थ कोरिया के तानाशाह शासक किम जोंग ने अपने सैनिकों की इस नीति की पुष्टि कर दी है. यह बात तब सामने आई जब किम जोंग रूस और यूक्रेन के युद्ध में शामिल नॉर्थ कोरियाई सैनिकों के बारे में बोल रहे थे.
यूक्रेन में मारे गए नॉर्थ कोरियाई सैनिकों के लिए नॉर्थ कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में एक स्मारक बनाया गया है. इसी के उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए, किम ने दो बार उन सैनिकों का जिक्र किया जिन्होंने “खुद को उड़ा लिया.” ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी नॉर्थ कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने दी है.
रूस के लिए जंग लड़ रहा नॉर्थ कोरिया
किम जोंग ने 2024 में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक सैन्य समझौता किया था, जिसमें एक-दूसरे की रक्षा करने की कसम शामिल थी. साउथ कोरिया और पश्चिमी देशों की खुफिया एजेंसियों ने अनुमान लगाया है कि नॉर्थ कोरिया ने रूस की मदद के लिए कम से कम 10,000 सैनिक और हजारों कंटेनर हथियार भेजे हैं. माना जा रहा है कि इस दौरान नॉर्थ कोरिया को भारी नुकसान हुआ है और उसके हजारों सैनिक मारे गए हैं.
किम जोंग के इस बयान से पहले ही कई रिपोर्टें आई थीं, जिनमें कहा गया था कि यूक्रेन में मौजूद नॉर्थ कोरियाई सैनिकों को युद्ध बंदी बनने से बचने के लिए खुद को मारने का आदेश दिया गया था. इन रिपोर्टों में यूक्रेन की खुफिया जानकारी और पकड़े गए एक नॉर्थ कोरियाई सैनिक की बातों का हवाला दिया गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं